भोपाल झील में पलटी IPS अफसरों से भरी नाव, DGP की पत्नी भी थीं सवार

भोपाल की बड़ी झील में हुए इस हादसे में सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. डीजीपी विजय कुमार सिंह की पत्नी भी नाव में मौजूद थीं.

  • परिजनों के साथ आईपीएस अफसर थे सवार
  • आस-पास के नावों ने सबको सुरक्षित बचाया

आईपीएस सर्विस मीट के दौरान भोपाल की बड़ी झील में नाव पलट गई. नाव में कुछ आईपीएस अफसर और उनके परिजन मौदू थे. मध्यप्रदेश के डीजीपी विजय कुमार सिंह की पत्नी भी नाव में मौजूद थीं. वाटर स्पोर्ट्स के दौरान यह घटना हुई. नाव पलटते ही आसपास मौजूद दूसरी नावों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

पुलिस वेलफेयर के एडीजी विजय कटारिया ने बताया कि नाव में मौजूद सभी लोगों ने लाइफ जैकेट्स पहनी थी, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ. हर बार आईएएस और आईपीएस मीट में अधिकारी वाटर स्पोर्ट्स में हिस्सा लेते हैं, जिसमें सुरक्षा के लिहाज से लाइफ जैकेट्स और सेफ्टी बोट तैनात रहती.

आईपीएस मीट के पहले दिन क्रिकेट मैच

भोपाल में आईपीएस मीट 2020 चल रहा है. इसके पहले दिन पुलिस अधिकारियों ने अपने परिवार के साथ मौज मस्ती की. पहले दिन सुबह मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आईपीएस अधिकारियों के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ. डीजीपी वीके सिंह और एडीजी डी श्रीनिवास राव की टीम के बीच मैच खेला गया. इस मैच में आईजी योगेश चौधरी ‘मैन ऑफ द मैच’ बने

जमकर नाचे आईपीएस अफसर

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पुलिस को आज तक लोगों को नचाते हुए देखा है. लेकिन नाचते हुए पहली बार देखा है. इस दौरान प्रदेशभर के चुनिंदा आईपीएस अधिकारियों ने ग्रुप डांस किया. सर्वश्रेष्ठ डांस मूव्स के लिए अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया.

सांस्कृतिक कार्यक्रम के विनर

प्रथम- जबलपुर जोन

द्वितीय- भोपाल जोन

तृतीय- इंदौर-उज्जैन जोन

चतुर्थ- ग्वालियर-चंबल

बनाई गई चार अलग-अलग जोन की टीमें

आईपीएस सर्विस मीट 2020 के लिए चार अलग-अलग जोन की टीमें बनाई गई हैं, जो मालवा जोन (उज्जैन, इंदौर), महाकौशल जोन (रीवा, जबलपुर और सागर), चंबल जोन (ग्वालियर-चंबल), भोपाल जोन (भोपाल, पीएचक्यू और होशंगाबाद) हैं.

भोपाल झील में पलटी IPS अफसरों से भरी नाव, DGP की पत्नी भी थीं सवार Read More

Amitabh Bachchan की तस्वीर देख भागी Rekha कहा- ये डेंजर जोन है- Video हो रही है वायरल, आप भी देखें

बॉलीवुड की एवरग्रीन एक्ट्रेस रेखा का चुलबुला अंदाज उनके फैंस के साथ-साथ मीडिया को भी खूब पंसद आता है। अब उनका नया वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को कुछ ज्यादा ही पसंद आ रहा है

एक वक्त था जब बॉलीवुड (Bollywood) के शहंशाह अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) और एवरग्रीन एक्ट्रेस रेखा (Rekha) के प्यार के किस्से हर किसी की जुबां पर हुआ करते थे। लेकिन एक आज का दौर है जब ये दोनों एक दूसरे से बात तक नहीं करते यहां तक की दोनों एक-दूसरे का सामना भी नहीं करते। अब ऐसे में रेखा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमे रेखा, अमिताभ की तस्वीर को देखकर ऐसी मस्ती करती है कि वहां खड़े लोग भी हसने पर मजबूर हो जाते हैं। आप भी देखें ये वायरल वीडियो

आपको बता दें कि हाल ही में मशहूर फोटोग्राफर डब्बू रतनानी ने इस साल यानि 2020 बीस का कैलेंडर लॉन्च किया गया है  (Dabboo Ratnani Calendar Launch 2020). इस लॉन्च मौके पर बॉलीवुड सितारों की भीड़ देखी गई। जहां पर रेखा भी मौजूद थीं। इस दौरान वहां मौजूद फोटोग्राफर उनकी फोटो खींच रहे थे, तभी बैकग्राउंडर में अमिताभ बच्चन की तस्वीर वाला फ्रेम देख रेखा वहां से हट जाती हैं और कहती हैं कि यहां डेंजर जोन है।

Rekha dabbo

रेखा की बात सुनकर वहां मौजूद सभी फोटोग्राफर हंसने लगते हैं। यहां वीडियो में रेखा के साथ डब्बू रतनानी भी पापारात्सी (Paparazzi) को पोज देते हुए दिखाई दे रहे हैं। रेखा का ये मस्ती भरा वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को बेहद पसंद आ रहा है। कह सकते हैं कि भले ही रेखा फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन नहीं कर रही हैं लेकिन वो अक्सर किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में छाई रहती हैं और अपने फैंस को एंटरटेन करती रहती हैं।

 

Amitabh Bachchan की तस्वीर देख भागी Rekha कहा- ये डेंजर जोन है- Video हो रही है वायरल, आप भी देखें Read More
SBI

SBI Cards आईपीओ 2 मार्च को खुलेगा, 40% रिटर्न की उम्मीद, पैसा लगाने से पहले जानिए सभी बातें

देश का सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई यानी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI-State Bank of India) अपनी कार्ड कंपनी SBI कार्ड्स का आईपीओ ला रहा है. इस आईपीओ में 40 फीसदी रिटर्न की उम्मीद लगाई जा रही है.

एसबीआई कार्ड्स (SBI Cards IPO) का आईपीओ मार्च के पहले हफ्ते में आने वाला है. इस आईपीओ से निवेशकों को बंपर रिटर्न की उम्मीद है. आईपीओ ला रही एसबीआई कार्ड्स ऐंड पेमेंट्स सर्विसेज का शेयर ग्रे मार्केट में 200-250 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है. अगर आसान शब्दों में कहें तो आईपीओ का प्राइस बैंड 690 रुपये प्रति शेयर से 710 रुपये प्रति शेयर रहने की उम्मीद लगाई जा रही है. वहीं, लिस्टिंग पर इसके प्रति शेयर 250 रुपये का मुनाफा हो सकता है. इससे पहली आए सरकारी कंपनी IRCTC पर भी ग्रे मार्केट में इतना ही प्रीमियम मिल रहा था. आपको बता दें कि आईपीओ के बाद से IRCTC का शेयर 100 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दे चुका है.

आइए जानें SBI Cards आईपीओ के बारे में…

(1) SBI कार्ड्स का आईपीओ 2-5 मार्च के लिए खुल सकता है. एसबीआई कार्ड देश का सबसे बड़ा क्रेड कार्ड जारी करने वाला है, जिसका मार्केट शेयर 18 फीसदी है। दिसंबर 2019 में एसबीआई के चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा था एसबीआई कार्ड का आईपीओ बहुत जल्द जारी किया जाएगा.

(2) इसका  प्राइस  बैंड 690 से 710 रुपये प्रति शेयर के बीच हो सकता है. इससे कंपनी को तकरीबन 69,500-72,000 करोड़ रुपये का मार्केट कैप मिलेगा.

(3) SBI कार्ड्स आईपीओ को मैनेज करने का जिम्मेदारी कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, SBI कैपिटल मार्केट्स, DSP Merrill Lynch, एक्सिस कैपिटल, HSBC सिक्योरिटीज और कैपिटल मार्केट्स नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी (Nomura Financial Advisory) और सिक्योरिटीज को दी गई है.

(4) SBI कार्ड्स में SBI की 74 फीसदी और कार्लाइल ग्रुप की 26 फीसदी हिस्सेदारी है. इस ऑफर से SBI को 2,780-2,880 करोड़ रुपये जुटाने में मदद मिलेगी.

(5)  SBI कार्ड्स IPO के जरिए ऑफर फॉर सेल (OFS) रूट के जरिए 14 फीसदी की कटौती की जा सकती है. जिसमें 4 फीसदी SBI कम करेगी और बाकी बची 10 फीसदी प्राइवेट इक्विटी फर्म कर्लाइल ग्रुप हिस्सेदारी कम करेगी.

(6) एसबीआई कार्ड के लगभग 95 लाख ग्राहक हैं और एचडीएफसी बैंक के बाद कार्ड जारी करने वाली यह दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है. आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन साल में भारत में क्रेडिट कार्ड से खर्च में सालाना 35.6% की दर से बढ़ोतरी हुई है, जबकि क्रेडिट कार्ड बकाये में 25.6% की बढ़ोतरी हुई है. कार्ड बिजनस के लिए इंडस्ट्री ऐवरेज 3.5% है. पिछले 6-7 सालों में एसबीआई कार्ड की रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) 25% से कम नहीं देखी गई है और इस दौरान यह लगभग 30% के औसत में रहा है.

क्या होता है आईपीओ?
जब कोई कंपनी पहली बार आम लोगों के सामने कंपनी का कुछ हिस्सा बेचने का प्रस्ताव रखती है तो इस प्रक्रिया को इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) कहा जाता है. इसके लिए कंपनियां खुद को शेयर बाजार में लिस्ट कराकर अपने शेयर निवेशकों को बेचने का प्रस्ताव लाती हैं.

लिस्टेड होने के बाद कंपनी के शेयर्स की खरीद और बिक्री शेयर बाजार में संभव होती है. सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के विनिवेश से 90,000 करोड़ रुपए का बजट लक्ष्य रखा है. पिछले वित्त वर्ष में विनिवेश से 85,000 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा गया था.

IPO में कैसे लगाए पैसा?
IPO में आप अपने स्तर पर सीधे निवेश कर सकते हैं, जिसके लिए आपके पास डीमैट अकाउंट होना जरूरी है. इसमें ब्रोकर के जरिए निवेश किया जा सकता है. हर ब्रोकरेज हाउस आईपीओ में निवेश के लिए अपनी वेबसाइट पर एक अलग सेक्शन रखता है.

जहां जाकर आप कुछ सूचनाएं भरने के बाद आईपीओ के लिए आवेदन कर सकते हैं. इन सूचनाओं में प्रमुख है कि आप कितने स्टॉक के लिए किस कीमत पर अप्लाई करना चाहते हैं. आपके आवेदन के हिसाब से उतनी रकम आईपीओ बंद होने से लिस्टिंग तक ब्लॉक कर दी जाती है.

अच्छा आईपीओ चुनने के लिए सबसे पहले तो उस कंपनी की साख देखें जो अपना आईपीओ ले आ रही है. कई रेटिंग एजेंसियां उस आईपीओ को अपना रेटिंग भी देती हैं, जिसपर नजर रखना जरूरी है.

अगर 2 या 2 से अधिक एजेंसियों की रेटिंग आईपीओ पर पॉजिटिव है तो उसमें निवेश किया जा सकता है. कंपनी के अच्छे बिजनेस के साथ साथ आईपीओ की कीमत भी देखें. ब्रोकर्स की रिपोर्ट को भी देखना चाहिए. बाजार प्रमोटर्स के अलावा दूसरे निवेशकों के बारे में भी जानकारी जुटाएं.

 

SBI Cards आईपीओ 2 मार्च को खुलेगा, 40% रिटर्न की उम्मीद, पैसा लगाने से पहले जानिए सभी बातें Read More
Arvind kejriwal mla vijender gupta

शपथ ग्रहण समारोह पर सियासत तेज, BJP विधायक ने अरविंद केजरीवाल को लिखी चिट्ठी

16 फरवरी यानी रविवार को अरविंद केजरीवाल कैबिनेट के सभी मंत्रियों के साथ दिल्ली के रामलीला मैदान में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। लेफ्टिनेंट गवर्नर अनिल बैजल सभी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथग्रहण कार्यक्रम में दिल्ली के सभी सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को उपस्थित रहने का आदेश दिया गया। इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है।

भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर उनसे उस परिपत्र को वापस लेने का अनुरोध किया, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में उनके शपथ ग्रहण समारोह में सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के लिए उपस्थित होना अनिवार्य किया गया है।

दिल्ली की पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को जारी किये गये परिपत्र को तानाशाही करार दिया है और कहा कि इससे उनका यह विश्वास चकनाचूर हो गया है कि सत्ता में आने के बाद केजरीवाल का जोर शासन और लोकतांत्रिक संस्थानों को मजबूत बनाने पर होगा।

उन्होंने कहा इस आदेश की वजह से, 15000 शिक्षकों और अधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना होगा।

रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से फिर निर्वाचित हुए गुप्ता ने कहा कि वह रविवार को रामलीला मैदान में केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। गुप्ता की आपत्ति पर दिल्ली डायलॉग एवं डेवलपमेंट कमिशन के उपाध्यक्ष जस्मीन शाह ने कहा कि शिक्षक और प्राचार्य पिछले पांच वर्षों में दिल्ली के बदलाव के शिल्पी हैं और वे शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किये जाने के हकदार हैं।

 

शपथ ग्रहण समारोह पर सियासत तेज, BJP विधायक ने अरविंद केजरीवाल को लिखी चिट्ठी Read More
Ms Dhoni CSK

इंतजार खत्म! महेंद्र सिंह धौनी वापसी को तैयार, 29 फरवरी को जुड़ेंगे अपनी टीम के साथ

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी बहुत जल्दी ही बल्ला थामे मैदान पर नजर आने वाले हैं। टीम इंडिया से बाहर चल रहे धौनी ने इंडियन प्रीमियर लीग से पहले तैयारी के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ने का फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह 29 फरवरी को चेन्नई पहुंचेंगे और 1 मार्च से टीम के साथ ट्रेनिंग करेंगे।

भारतीय क्रिकेट फैंस अपने पूर्व कप्तान धौनी को मैदान पर दोबारा देखने को लिए बेकरार हैं। इंग्लैंड और वेल्स में खेले गए आईसीसी विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से धौनी ने भारत के लिए कोई भी मैच नहीं खेला है। आईपीएल 2020 उनके लिए बेहद अहम होने वाला है। कहा जा रहा है कि धौनी इस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन के बाद ही तय करेंगे कि उनको आगे खेलना है या फिर नहीं।

Dhoni CSKपिछले सात महीने से धौनी ने नहीं खेला मैच

आईसीसी विश्व कप सेमीफाइनल जुलाई में खेला गया था और यह फरवरी का महीना चल रहा है। धौनी को क्रिकेट से ब्रेक लिए हुए तकरीबन सात महीने हो चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार के बाद से ही धौनी ने टीम इंडिया के लिए कोई मैच नहीं खेला। भारत ने विश्व कप के बाद वेस्टइंडीज का दौरा किया था जबकि साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज की मेजबानी की। इस दौरान धौनी के वापसी की बातें तो हुई लेकिन उनका नाम टीम में नहीं शामिल किया गया।

BCCI ने सालाना कॉन्ट्रैक्ट से किया बाहर 

इस साल जनवरी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों के सालाना कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा की। इस कॉन्ट्रैक्ट से धौनी को बाहर रखने का फैसला लिया गया। बीसीसीआई के इस फैसले के बाद से ही धोनी भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी।

 

इंतजार खत्म! महेंद्र सिंह धौनी वापसी को तैयार, 29 फरवरी को जुड़ेंगे अपनी टीम के साथ Read More
Nirbhaya Gang rape case plea of convict vinay sharma heard supreme court

निर्भया केस: दोषी विनय शर्मा की याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज

निर्भया गैंगरेप और मर्डर केस में दोषी विनय की एक और पैंतरेबाजी असफल हो गई है। राष्ट्रपति की ओर से दया याचिका खारिज किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए फांसी टालने की मांग करने की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। उसने खुद को मानसिक तौर पर बीमार बताकर भी फांसी टालने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने विनय को मेंटली फिट बताया है। कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

nirbhaya-case-plea-of-​​convict-vinay-sharma-dismissed-in-supreme-court

राष्ट्रपति की ओर से दया याचिका खारिज किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए फांसी टालने की मांग करने की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। उसने खुद को मानसिक तौर पर बीमार बताकर भी फांसी टालने की मांग की थी।
  • जस्टिस अशोक भूषण और ए. एस. बोपन्ना के साथ जस्टिस आर. भानुमति की अध्यक्षता वाली पीठ का फैसला
  • सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को निर्भया कांड के दोषी विनय शर्मा की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था
  • वकील ए.पी. सिंह ने कहा था विनय मानसिक तौर पर बीमार चल रहा हैऔर उसका इलाज भी हो रहा है

जस्टिस अशोक भूषण और ए. एस. बोपन्ना के साथ जस्टिस आर. भानुमति की अध्यक्षता वाली पीठ ने यह फैसला दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को निर्भया कांड के चार दोषियों में से एक विनय शर्मा की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसमें राष्ट्रपति द्वारा उसकी दया याचिका की अस्वीकृति को चुनौती दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट में दोषी विनय शर्मा का प्रतिनिधित्व करने वाले एडवोकेट ए. पी. सिंह ने अपने मुवक्किल की दया याचिका को खारिज करने के राष्ट्रपति के फैसले पर सवाल उठाए थे। इस पर अदालत और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने तीखी आलोचना की, जो इस मामले में केंद्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।

सिंह ने दोषी विनय की मानसिक स्थिति के संबंध में भी दलील दी। उन्होंने कहा कि विनय मानसिक तौर पर बीमार चल रहा है और उसका इलाज भी हो रहा है। सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के शत्रुघ्न चौहान के 2014 के फैसले का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि मानसिक बीमारी से पीड़ित दोषियों की मौत की सजा को बदल दिया जाना चाहिए। इस पर मेहता ने दलीलें देते हुए कहा, ‘उनकी नियमित रूप से जांच की गई, जो नियमित जांच का हिस्सा है। जेल मनोचिकित्सक है, जो हर किसी की जांच करता है। ताजा स्वास्थ्य रिपोर्ट के अनुसार उनका स्वास्थ्य अच्छा पाया गया है।’

निर्भया केस: दोषी विनय शर्मा की याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज Read More
Modi and Trump

ट्रंप के भारत दौरे से पहले US सांसदों ने पॉम्पियो को लिखा खत, कश्मीर में भारत द्वारा उठाए कदमों के होंगे गंभीर परिणाम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस महीने के अंत में भारत दौरे से पहले अमेरिकी सिनेट के चार वरिष्ठ सांसदों ने अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो को खत लिखकर कश्मीर में पिछले छह महीने से ज्यादा समय से इंटरनेट बैन को लेकर चिंता जाहिर की है. जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट बैन कर दिया गया था. इसके साथ ही इस खत में हिरासत में रखे गए राजनेताओं का भी जिक्र किया गया है. अपने खत में सांसदों ने नागरिकता संशोधन कानून और सीएए का भी जिक्र किया है, जिसको लेकर देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं. पिछले सप्ताह जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्रियों उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती की हिरासत अवधि बढ़ाने के लिए उनके खिलाफ पब्लिक सेफ्टी एक्ट लगाया था.

दो डेमोक्रेट्स और दो रिपब्लिकन सिनेटरों की ओर से लिखे गए खत में कहा गया है कि भारत सरकार कश्मीर में लगातार इंटरनेट पर बैन लगाए हुए है. भारत ने किसी लोकतंत्र की ओर से अब तक सबसे ज्यादा लंबे समय तक इंटरनेट पर बैन लगाया है. इससे चिकित्सा देखभाल, व्यवसाय और शिक्षा में 7 मिलियन लोगों को परेशानी आ रही है. पोम्पियो को लिखे गए खत में कहबा गया है कि बड़ी राजनेताओं सहित सैंकड़ों कश्मीरियों को एहतियातन हिरासत में रखा गया है. साथ ही कहा है कि ‘इन कदमों का गंभीर परिणाम होगा.’

नागरिकता संशोधन कानून का जिक्र करते हुए खत में लिखा गया है कि भारत सरकार ने कुछ ऐसे कदम भी उठाए हैं, जो कुछ धार्मिक अल्पसंख्यकों के अधिकार और देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को खतरे में डालते हैं.

बता दें, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आमंत्रण पर 24-25 फरवरी के दो दिवसीय भारत दौरे पर होंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति गुजरात के अहमदाबाद भी जाएंगे और वहां एक स्टेडियम में पीएम मोदी के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी ने बुधवार को अपने ट्वीट में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा विशेष है तथा यह भारत..अमेरिका मैत्री को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगी.

वहीं, व्हाइट हाउस द्वारा ट्रंप की भारत यात्रा की तारीखों की घोषणा के एक दिन बाद राष्ट्रपति ने अपने ओवल कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘वह (मोदी) बहुत भद्र पुरुष हैं और मैं भारत जाने को उत्सुक हूं. हम इस माह के अंत में जाएंगे.’ ट्रंप ने एक प्रश्न के उत्तर में संकेत दिए कि वह भारत के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के इच्छुक हैं. उन्होंने कहा,‘‘ वे (भारतीय) कुछ करना चाहते हैं और हम देखेंगे…अगर हम कोई सही समझौता कर सके तो उसे करेंगे.’

दोनों देश मतभेदों का समाधान करने और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापार समझौते पर चर्चा कर रहे हैं. नयी दिल्ली में एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की यात्रा से पहले भारत और अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर गहन विमर्श कर रहे हैं. अधिकारी ने हालांकि कहा कि अब तक यह साफ नहीं है कि ट्रंप की यात्रा के दौरान समझौते पर हस्ताक्षर होंगे या नहीं. पिछले कुछ सप्ताहों में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइथिजर के बीच टेलीफोन पर कई दौर की बात हो चुकी है.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘भारत और अमेरिका के मजबूत संबंध न केवल हमारे नागरिकों के लिए, बल्कि पूरे विश्व के लिए बेहतर होंगे.’ पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका लोकतंत्र तथा बहुलतावाद के प्रति साझी प्रतिबद्धता रखते हैं और दोनों देश व्यापक मुद्दों पर करीबी सहयोग कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा विशेष है तथा यह भारत..अमेरिका मैत्री को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगी.’

ट्रंप के भारत दौरे से पहले US सांसदों ने पॉम्पियो को लिखा खत, कश्मीर में भारत द्वारा उठाए कदमों के होंगे गंभीर परिणाम Read More
Angrezi Medium

‘अंग्रेजी मीडियम’ ट्रेलर रिव्यू: इरफान को देख हिल जाएंगे, करीना का पुलिसिया अंदाज लाजवाब

इरफान खान के फैन्स के लिए उन्हे पर्दे पर देखना का इंतजार खत्म हुआ। उनकी अगली फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का ट्रेलर जारी हो चुका है और यकीन मानिए आपको अंदर तक गुदगुदाने वाली है उनकी यह फिल्म।

फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत स्कूल के सीन से होती है, जहां बच्चों को फेलिस़िटेट किया जा रहा है और बारी आती है इरफान की बेटी के फेलिसिटेशन की और वह भी मंच पर पहुंचते हैं। शब्दों से ज्यादा वह हाथों के इशारे से अपनी भावनाओं को जाहिर करने की कोशिश करते हैं। जैसे-तैसे वह अंग्रेजी में शुरुआत तो करते हैं, लेकिन अंत में वह कह देते हैं कि उन्हें इतनी ही इंग्लिश आती है, इससे ज्यादा नहीं बोल सकते। इरफान की ये बातें सुनकर सभी हंस पड़ते हैं और उनकी बेटी के किरदार में दिख रहीं राधिका मदान भी हंस देती हैं।

इरफान को पूरा करना है बेटी का ख्वाब
फिल्म में इरफान और राधिका, बाप-बेटी के किरदार में काफी जंच रहे हैं और दोनों की केमिस्ट्री भी उतनी ही लाजवाब है। फिल्म की कहानी यह है कि इरफान जो कि छोटा-मोटा दुकान चलाते हैं, उनकी बेटी राधिका पढ़ाई में काफी अच्छी है। बेटी का ख्वाब है लंदन में पढ़ाई करना, जिसके लिए पैसे इकट्ठे करना एक बहुत बड़ा टास्क है उनके लिए। इस पैसे के जुड़ा में वह ब्लड डोनेट तक करने पहुंच जाते हैं, जिसके बाद पता चलता है कि इससे उनका कुछ नहीं होने वाला।

पुलिस के किरदार में छा गईं करीना
ट्रेलर के बीच में नजर आ रही हैं करीना कपूर, जो कि लंदन पुलिस के किरदार में नजर आ रही हैं। करीना का यह अंदाज़ अब तक कभी पर्दे पर दिखा नहीं, क्योंकि पुलिस की भूमिका में वह कमाल नजर आ इरफान और दीपक डोबरियाल के साथ वहां कुछ ऐसा होता है कि वह पुलिस के चक्कर में फंसकर रह जाते हैं।

कई मजेदार कलाकार हैं फिल्म में
इरफान को अपनी बेटी के इस ख्बाब को पूरा करने में काफी कुछ करना और सहना पड़ता है। एक वक्त ऐसा आता है, जब लगता है कि इतने पैसे इकट्ठे कर पाना काफी मुश्किल है। ट्रेलर में इरफान, राधिका, दीपिक के अलावा कीकू शारदा, डिंपल कपाड़िया, पंकज त्रिपाठी, रणवीर शौरी जैसे तमाम मंझे हुए कलाकार की झलकियां नजर आ रही हैं।‘हिंदी मीडियम’ का सीक्वल
बता दें कि यह साल 2017 में आई सुपरहिट फिल्म ‘हिंदी मीडियम’ का सीक्वल है, जिसमें इरफान खान और सबा कमर नजर आई थीं। फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आई थी। ‘अंग्रेजी मीडियम’ 20 मार्च 2020 को रिलीज हो रही है। पिछले काफी समय से इरफान कैंसर से जूझ रहे हैं और अभी भी उनकी तबीयत ठीक नहीं है। फिल्म को दिनेश विजान ने प्रड्यूस किया है, जबकि इसका डायरेक्श होमी अदजानिया ने किया है।

‘अंग्रेजी मीडियम’ ट्रेलर रिव्यू: इरफान को देख हिल जाएंगे, करीना का पुलिसिया अंदाज लाजवाब Read More
Salman Khan on Valentine Day

वेलेंटाइन डे पर सिंगल युवाओं के लिए सलमान खान लेकर आए हैं यह खास तोहफा

सलमान खान लंबे समय से सिंगल चल रहे हैं। पिछले कुछ सालों से सलमान ने अपनी लव लाइफ में किसी को भी एंट्री नहीं दी है। अब वेलेंटाइन वीक में वह अपनी रिलेशनशिप स्टेटस से जुड़ा ‘स्वैग से सोलो’ गाना लेकर आ गए हैं। इस गाने के जरिए वह युवाओं को सिंगल रहने के फायदे गिना रहे हैं। इस गाने को रेमो डिसूजा ने कोरियोग्राफ किया है तो वहीं संगीत तनिष्क बागची ने दिया है। यह गाना एक तरह का विज्ञापन है जिसे एक पेय पदार्थ कंपनी के लिए शूट किया गया है।

स्वैग से सोलो’ गाना करीब 1 मिनट 50 सेकेंड का है जिसे टी-सीरीज के यू टयूब चैनल पर लॉन्च किया गया है। गाने की शुरुआत में धांसू स्टाइल में सलमान खान की एंट्री होती है। आते ही वह सबसे पहले पेय पदार्थ पीते हैं और उसके बाद वहां मौजूद लड़कियों के साथ डांस करना शुरू कर देते हैं। पूरे गाने के लिरिक्स ऐसे लिखे गए हैं जिसमें बताया गया है कि सलमान अकेला रहना पसंद करते हैं।

सलमान की जिंदगी बहुत ही सुकून से चल रही है। वह इसे खत्म नहीं करना चाहते हैं। जिसके चलते लड़कियां तो उनके करीब आने की कोशिश करती हैं लेकिन वह उनसे दूर भागते हैं। इस गाने में कुल मिलाकर सलमान अपने जिंदगी के फलसफे पर डांस कर रहे हैं। इस गाने के जरिए सलमान की सिंगल छवि को विज्ञापन में भुनाने की कोशिश की जा रही है। गाने के अंत में कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा भी नजर आते हैं।

 

 

वेलेंटाइन डे पर सिंगल युवाओं के लिए सलमान खान लेकर आए हैं यह खास तोहफा Read More
modi and xi jinping

Coronavirus: मोदी के ऑफर का चीन ने दिया जवाब, कहा- ये भारत-चीन की दोस्ती दिखाता है

चीन में कोरोना वायरस का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. चीन के साथ-साथ इसका असर दुनिया के दूसरे देशों में भी पहुंच रहा है. इस सभी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को चिट्ठी लिख किसी भी तरह की मदद का ऑफर दिया था. पीएम मोदी की चिट्ठी पर अब चीनी विदेश मंत्रालय का जवाब आया है और इस ऑफर को भारत-चीन की गहरी दोस्ती का प्रतीक बताया है.

चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘भारत की ओर से कोरोना वायरस को लेकर जो समर्थन की बात कही गई, उसके लिए हम धन्यवाद करते हैं. भारत के द्वारा ऐसा कहना चीन के साथ उसकी गहरी दोस्ती को दर्शाता है. हम भारत और दुनिया के सभी देशों के साथ काम करने को तैयार हैं, ताकि इस वायरस के खिलाफ जंग लड़ सकें’.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को चिट्ठी लिखी थी. इस दौरान उन्होंने कोरोना वायरस को लेकर भारत की मदद का ऑफर दिया था.
  • पीएम मोदी के ऑफर पर चीन का जवाब
  • भारत का ऑफर गहरी दोस्ती दर्शाता है: चीन
  • कोरोना वायरस से चीन में 900 से अधिक की मौत

पीएम मोदी ने दिया था मदद का ऑफर

बता दें कि बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को चिट्ठी लिखी थी. इसमें अभी तक कोरोना वायरस की वजह से चीन में हुए नुकसान पर शोक व्यक्त किया था और भारत की ओर से किसी भी तरह की सहायता की पेशकश की थी. अपने खत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हुबेई प्रांत से भारतीय नागरिकों को निकालने में चीनी सरकार के द्वारा की गई मदद का सराहना की थी.

बता दें कि चीन में भारत के 300 से अधिक छात्र फंस गए थे, जिन्हें विदेश मंत्रालय ने चीन की सरकार की मदद से बाहर निकाला. एयर इंडिया के दो विमान चीन से भारतीय नागरिकों को वापस अपने देश लेकर आए और अब उनका यहां पर ट्रीटमेंट किया जा रहा है. पिछले दो महीने में कोरोना वायरस का असर दुनियाभर में हुआ है. सिर्फ चीन में ही इस वायरस की वजह से 900 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों लोग इसकी चपेट में हैं. कोरोना वायरस की वजह से चीन का अधिकतर दुनिया से संपर्क कम हो गया है.

 

Coronavirus: मोदी के ऑफर का चीन ने दिया जवाब, कहा- ये भारत-चीन की दोस्ती दिखाता है Read More