Abhinandan Delhi police

‘अभिनंदन’ मूंछों के फैन थे रतन लाल, अधूरा रह गया बच्चों से किया यह वादा

  • CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा, हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल की मौत
  • रतन लाल की मौत के बाद परिवार में कोहराम, मां को अबतक नहीं दी गई बेटे की मौत की जानकारी
  • हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के बड़े फैन थे, वैसे ही रखते थे मूंछें
  • राजस्थान के सीकर में एक सामान्य परिवार में जन्मे रतन लाल अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे

नई दिल्ली
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध एक भयावह शक्ल में तब्दील हो चुका है। दिल्ली में फिर से गाड़ियां फूंकी गईं, पत्थरबाजी की गई, लाठीचार्ज हुआ और हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल की जान चली गई। मौत के बाद रतन लाल की जिंदगी के तमाम किस्से, बच्चों से वादे, उनका घर-परिवार सब एक लंबी खामोशी में डूब गया है। वैसे पता है आपको जांबाज रतन विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के ‘जबरा’ फैन थे।
पिछले वर्ष 27 फरवरी को हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल अपने साथियों और वरिष्ठ लोगों के साथ अपनी मूंछों को लेकर बातचीत कर रहे थे। जिक्र इस बात का था कि रतन लाल की मूछें विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान की तरह हैं। वही अभिनंदन, जिन्होंने पाकिस्तान का एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराया था। ठीक एक साल बाद 42 वर्षीय पुलिसकर्मी रतन लाल की नॉर्थईस्ट दिल्ली में दंगाइयों को अदम्य साहस से रोकने का प्रयास करते हुए जान चली गई। रतन लाल ने वर्ष 1998 में बतौर कॉन्स्टेबल दिल्ली पुलिस को जॉइन किया था।

 

‘ रतन लाल थे जांबाज ‘
लाल वर्तमान में गोकुलपुरी में तैनात थे। इस घटना में एसीपी भी जख्मी हो गए हैं। रतन लाल को उनके साहस के लिए जाना जाता था। वह गोकुलपुरी पुलिस की ओर से की गईं कई छापेमारी का हिस्सा भी रहे। लाल कुछ वर्षों से अडिशनल डीसीपी ब्रजेंद्र यादव को रिपोर्ट कर रहे थे। ब्रजेंद्र कहते हैं, ‘रतन एक ऐसा पुलिसकर्मी थे, जो सकारात्मकता के साथ-साथ ऊर्जा से भरे हुए रहते थे।’

अबतक मां को नहीं दी गई ख़बर
राजस्थान के सीकर में एक सामान्य परिवार में जन्मे रतन लाल अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों (दो बेटियां- उम्र 11 और 12 साल, एक आठ वर्षीय बेटा) के साथ नॉर्थ दिल्ली के बुराड़ी में रहते थे। उन्होंने अपने बच्चों से वादा किया था कि इस बार वे सभी अपने गांव टीहावाली में होली मनाएंगे। महज दस दिन पहले बच्चों ने अपना पिता खो दिया। बेटे की मौत की ख़बर अबतक मां को नहीं दी गई है।

‘…और बंद कर दी गई टीवी’
परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘मेरे रिश्तेदार ने हमें मौत की सूचना दी। हमने तुरंत टीवी बंद कर दी ताकि मां कुछ भी न देख सकें। वह जानती हैं कि हम उनसे कुछ छिपा रहे हैं क्योंकि आमतौर पर जितने लोग हमसे मिलने आते हैं, उससे ज्यादा लोग इस दौरान मुलाकात के लिए आ रहे हैं।वह नहीं जानतीं कि सोशल मीडिया का कैसे इस्तेमाल किया जाता है तो उन्हें ऑनलाइन भी अबतक मौत की सूचना नहीं मिल सकी है।’

‘एक माह पहले आए थे गांव’
रतन के छोटे भाई दिनेश कहते हैं, ‘वह एक देशभक्त थे। वह हमेशा इस वर्दी के लिए खुद को कुर्बान करना चाहते थे। उनमें अपार धैर्य था। हमने उन्हें कभी चीखते या लोगों पर चिल्लाते हुए नहीं सुना था। एक महीने पहले जब एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी तभी वह गांव आए थे।’

 

‘अभिनंदन’ मूंछों के फैन थे रतन लाल, अधूरा रह गया बच्चों से किया यह वादा Read More
gold price today

Gold Price Today:सोने की कीमत में आज आई बड़ी गिरावट, जानें अब कितना है दाम

  • मंगलवार को गोल्ड की कीमत में आई बड़ी गिरावट
  • एमसीएक्स वायदा पर गोल्ड का दाम 2.5 फीसदी टूटा
  • 43 हजार से नीचे गई 10 ग्राम सोने की कीमत
  • सोमवार को सोना रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था

लगातार 5 दिन नई ऊंचाई हासिल करने के बाद मंगलवार को सोने पर दबाव देखने को मिल रहा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गोल्ड का दाम 2.5 फीसदी टूट गया और यह 43 हजार से नीचे फिसल गया. हालांकि, कोरोना वायरस को लेकर चिंता बरकरार है जिससे कीमतों को निचले स्तर पर सपोर्ट दिख रहा है.

क्यों टूटा सोना

वैश्विक हाजिर बाजार में सोने में नरमी के बाद भारतीय बाजार में भी सोने पर दबाव बना. इसके पहले सोमवार को सोना सात साल के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच गया था. एमसीएक्स पर सोने का अप्रैल फ्यूचर कारोबार 1025 रुपये टूटकर 42,555 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.

सोमवार को हुई थी अच्छी बढ़त

चीन के बाहर कोरोना वायरस फैलने से ग्लोबल इकोनॉमी में स्लोडाउन की आशंका बढ़ गई है. इसकी वजह से निवेशक सोने में निवेश करना सुरक्ष‍ित दांव समझ रहे हैं. सोमवार को दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 44,600 रुपये पर पहुंच गया था. अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोना 1 फीसदी टूटते हुए 1,642.89 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया.  पिछले छह कारोबारी सत्र में अप्रैल फ्यूचर में सोना 2300 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चढ़ गया था.

चांदी भी टूटा
चांदी की कीमतों में भी मंगलवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. एमसीएक्स एक्सचेंज पर मंगलवार सुबह पांच मार्च 2020 का चांदी का वायदा भाव 1.87 या 925 रुपये की गिरावट के साथ 48,480 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेंड कर रहा था. 

भारत है सबसे बड़ा आयातक

गौरतलब है कि भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा आयातक है. भारत में मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश का सालाना स्वर्ण आयात 800-900 टन है. वहीं मूल्य के आधार पर देश का गोल्‍ड आयात करीब 33 अरब डॉलर का है. ये आंकड़ा साल 2018-19 का है.

इससे एक साल पहले 2017 में देश का गोल्‍ड आयात 3 फीसदी अधिक यानी करीब 34 अरब डॉलर रहा था.  वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने जुलाई 2019 में वित्त वर्ष 2019-20 का पूर्ण बजट पेश करते हुए सोने पर आयात शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी करने की घोषणा की थी, जिसके बाद देश में सोने का आयात महंगा हो गया. यही वजह है कि सोने के आयात में गिरावट आई.

Gold Price Today:सोने की कीमत में आज आई बड़ी गिरावट, जानें अब कितना है दाम Read More
Modi and trump

डिफेंस डील डन-ट्रेड डील पर बात शुरू, पढ़ें साझा बयान में क्या बोले मोदी-ट्रंप

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप का साझा बयान
  • भारत-अमेरिका में डिफेंस डील पर लगी मुहर
  • ट्रेड डील पर बातचीत शुरू करेंगे भारत-US
  • आज खत्म होगा डोनाल्ड ट्रंप का भारत दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस बैठक के बाद दोनों नेताओं ने साझा बयान भी जारी किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने ऐलान किया कि भारत और अमेरिका के बीच 3 बिलियन डॉलर की डील हो गई है, जिसके तहत 24 रोमियो हेलिकॉप्टर खरीदे जाएंगे. डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने साझा बयान में क्या कहा, यहां पढ़ें…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बयान में कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके डेलिगेशन का भारत में हार्दिक स्वागत है. मुझे विशेष खुशी है कि इस यात्रा पर वो अपने परिवार के साथ आए हैं, पिछले 8 महीने में मेरी और ट्रंप की ये पांचवीं मुलाकात है. पीएम मोदी ने कहा कि मोटेरा स्टेडियम में डोनाल्ड ट्रंप का ऐतिहासिक स्वागत हुआ.

बयान में पीएम ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच संबंध दो सरकार नहीं बल्कि लोगों के बीच हैं. ये संबंध 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने का काम करेंगे. दोनों देशों के संबंध को आगे बढ़ाने में डोनाल्ड ट्रंप का शानदार प्रयास रहा है. पीएम मोदी बोले कि हम दोनों आज डिफेंस, सुरक्षा, एनर्जी, टेक्नोलॉजी, ट्रेड जैसे सभी मसलों पर चर्चा की.

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे डिफेंस मैन्युफैक्चर एक दूसरे की सप्लाई चेन का हिस्सा बन रहे हैं, भारतीय फोर्स आज दुनिया में सबसे अधिक अमेरिका के साथ ही ट्रेनिंग एक्सरसाइज़ कर रही है. पिछले कुछ साल में हमारी सेना के बीच कई समझौते भी हुए हैं.

‘ट्रे़ड डील पर जल्द बनेगी बात’

ट्रंप के साथ साझा प्रेस वार्ता के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अमेरिका के साथ होमलैंड सुरक्षा पर निर्णय हुआ है, आतंक के समर्थकों को हराने के लिए हमने अपने प्रयासों को बढ़ाने का निर्णय किया है. प्रेसिडेंट ट्रंप ने इस दौरान ड्रग्स से लड़ाई पर प्राथमिकता दी है, इस मसले पर दोनों देशों के बीच चर्चा भी हुई है.

पीएम मोदी बोले कि तेल, गैस के लिए अमेरिका भारत का साथी है. टेक्नोलॉजी के मसले में भी भारत और अमेरिका एक साथ आगे बढ़ रहे हैं. दोनों देश बैलेंस ट्रेड के लिए प्रतिबद्ध हैं और द्विपक्षीय वार्ता को संतुलन करने पर सहमत हैं. प्रधानमंत्री ने यहां कहा कि ट्रेड डील के मसले पर दोनों देश बात करेंगे और कॉमर्स मिनिस्टर लीगल रूप से आगे बढ़ेंगें.

‘आतंकवाद के खिलाफ साथ लड़ेंगे भारत-US’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह भारत आने के न्योते के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हैं, मेलानिया और मैं भारत के स्वागत से अभिभूत हैं. मैंने और मेलानिया ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और ताजमहल को भी देखा. ट्रंप ने कहा कि मेरा ये दौरा काफी शानदार रहा और दोनों देश डिफेंस डील करने पर सहमत हुए हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यहां कहा कि दोनों देशों का फोकस अपने नागरिकों को इस्लामिक आतंकवाद से बचाने का है और दोनों देश इसके लिए एक साथ काम करेंगे. हमारे देश की सेना आज एक साथ अभ्यास कर रही हैं, जो दोनों देशों को लाभ पहुंचाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति बोले कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ बात कर रहा है और आतंकवाद के खिलाफ एक्शन लेने के लिए दबाव बना रहा है.

डोनाल्ड ट्रंप बोले कि हमारे देश लोकतंत्र, संविधान और लोगों के हितों को बचाने के लिए जानी जाती हैं. अमेरिका और भारत दोनों ही ट्रेड डील पर बात को तैयार हैं और इसपर जल्द ही फैसला होगा. डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि भारत-अमेरिका के बीच 3 बिलियन डॉलर की डिफेंस डील होगी.

डिफेंस डील डन-ट्रेड डील पर बात शुरू, पढ़ें साझा बयान में क्या बोले मोदी-ट्रंप Read More
Trump and his wife at taj mahal

ताजमहल में ट्रंप ने इस भारतीय से पूछे 7 सवाल, खुश होकर दिया खास तोहफा

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने आगरा में ताज की यात्रा के दौरान एक शख्स को तोहफा दिया. यह तोहफा बेहद खास था. इसमें डोनाल्ड ट्रंप का नाम खुदा हुआ था. साथ व्हाइट हाउस का लोगो बना हुआ था. यह तोहफा इसलिए दिया गया क्योंकि ट्रंप ने इस आदमी से सात सवाल पूछे और उन्हें सारे सवालों के सही जवाब मिले.

Trump and his wife at taj mahal

डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को आगरा के ताजमहल घूमने गए थे. इस दौरान उनके जेहन में कई सवाल थे. उन्होंने अपने गाइड नितिन सिंह से ये सातों सवाल पूछे. नितिन ने उन्हें सातों सवालों के सही जवाब दिए. इसके बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह को एक खास तोहफा दिया. 

Guide and donald trump and his wife

डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह से पूरे ताज की यात्रा के दौरान सात सवाल पूछे. ये सवाल थे – ताजमहल किसने बनवाया था? इसे बनाने वाले कलाकार कहां से आए? शाहजहां को कहां कैद किया गया था? ताज में लगा संगमरमर कहां से आया था? अब तक ताजमहल में क्या-क्या बदला गया है? वाटर चैनल शाहजहां के समय के हैं या बाद में बने हैं?  तहखाने में बनी कब्रें पहले बनीं या फिर बाद में?

Trump and his wife with guide

नितिन सिंह ने सभी सवालों के जवाब बेहद शालीनता से विस्तृत तरीके से बताए. इसके बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह को एक स्मृति चिन्ह तोहफे में दिया. इस चिन्ह पर सील का निशान बना है. डोनाल्ड ट्रंप का नाम और संयुक्त राज्य अमेरिका का लोगो छपा हुआ है.

ट्रंप ने पूछा कि ताज पर ये पेंटिंग क्या है. नितिन ने बताया कि ये पेंटिंग नहीं, इसे पच्चीकारी कहते हैं. यानी संगमरमर पर बहुमूल्य नगीने जड़े हुए हैं.

Trump guide gifr

ट्रंप ने नितिन ने पूछा कि तहखाने में बनी असली कब्रों और ऊपर बनी कब्रों की क्या कहानी है. तब नितिन ने उन्हें बताया कि इस्लाम में कब्रों के सजाने की इजाजत नहीं है. इसलिए शाहजहां ने ऊपर अलग से सजावटी कब्रों की प्रतिकृति बनवाई थी. 

ट्रंप को नितिन ने बताया कि ताजमहल में वाटर चैनल साइफन सिस्टम से चलता है और ये ताजमहल के बनने के समय से ही बना हुआ है. इसके कारीगर पूरी दुनिया से बुलवाए गए थे.

नितिन ने ट्रंप को बताया कि ताज के संगमरमर मकराना और काले पत्थर साउथ इंडिया से मंगवाए गए थे. ताज के दोहरे गुंबद, उसमें गूंजती आवाज, शाही मस्जिद व मेहमानखाने के बारे में भी ट्रंप ने जानकारी ली.

ट्रंप को नितिन ने ताजमहल के बनने की पूरी कहानी तारीख के हिसाब से सुनाई. शाहजहां और मुमताज महल की मोहब्बत की कहानियां भी सुनाई.

 

 

ताजमहल में ट्रंप ने इस भारतीय से पूछे 7 सवाल, खुश होकर दिया खास तोहफा Read More
Suhana khan

दोस्तों संग शाहरुख खान की बेटी सुहाना ने दिया पोज, वायरल हुईं Photos

बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान के बॉलीवुड डेब्यू का इंतजार सभी को है. रोमांस के बादशाह शाहरुख के बच्चे फिल्म इंडस्ट्री के सबसे फेमस स्टार किड्स में से हैं और उनके बारे में बातें होती रही हैं. इतना ही नहीं इन बच्चों की हर हरकत पर कैमरे की नजर होती है. फैंस को अपने फेवरेट स्टार किड्स के बारे में सबकुछ जानना होता है, जिसके चलते सोशल मीडिया पर इनकी कई फोटोज वायरल भी हो रही होती हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल सुहाना की फोटोज

अब सुहाना खान की कुछ नई फोटोज सामने आई हैं, जिनके चर्चे हर तरफ हो रहे हैं. ये सुहाना की उनके दोस्तों संग फोटो है. जैसा कि आप जानते हैं शाहरुख की दुलारी बेटी सुहाना, अमेरिका की न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही हैं. ऐसे में सुहाना ने अपने दोस्तों और यूनिवर्सिटी के साथियों संग फोटोज खिंचवाई हैं, जो सोशल मीडिया पर छा गई हैं.

इन फोटोज में आप सुहाना को हंसते और स्टाइल में पोज करते देख सकते हैं. उनके साथी भी फोटो के लिए पोज कर रहे हैं. इन सभी को देखकर लगता है कि ये किसी स्टूडियो में एक्टिंग या डांस की प्रैक्टिस के लिए गए हैं. सभी के चेहरों की खुशी बहुत अच्छी लग रही है. सुहाना के फैन क्लब ने ये फोटोज शेयर की हैं.

बता दें कि सुहाना खान न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में फिल्मों की पढ़ाई कर रही हैं. कुछ समय पहले जूम टीवी को दिए इंटरव्यू में सुहाना की दोस्त और एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने बताया था कि न्यूयॉर्क में पढ़ाई के बाद सुहाना अपना बॉलीवुड डेब्यू प्लान करेंगी. सुहाना पहले अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहती हैं. सुहाना खान अपने कॉलेज के समय थिएटर में काम कर चुकी हैं. उनके वायरल हुए वीडियो से पता चलता था कि वे बढ़िया एक्ट्रेस हैं.

 

दोस्तों संग शाहरुख खान की बेटी सुहाना ने दिया पोज, वायरल हुईं Photos Read More
shubh mangal zyada sawdhan and bhoot collection

विक्की की ‘भूत’ से आगे निकली आयुष्मान की ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’, जानें बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Ayushmann’s ‘Shubh Mangal is more careful’ ahead of Vicky’s ‘Bhoot’, know box office collection
आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) की ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ (Shubh Mangal Zyada Saavdhan) और विक्की कौशल (Vicky Kaushal) की ‘भूत पार्ट वन: द हॉन्टेड शिप’ का दूसरे दिन का कलेक्शन आ गया है। इन दोनों फिल्मों के कलेक्शन को देखकर कहा जा सकता है का आयुष्मान की फिल्म विक्की की फिल्म से कलेक्शन के मामले में आगे निकल गई है। जानिए इन दोनों फिल्मों ने दूसरे दिन कितना कलेक्शन किया।

shubh mangal zyada sawdhan poster

‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ फिल्म ने दूसरे दिन के कलेक्शन में थोड़ा इजाफा हुआ है। दूसरे दिन इस फिल्म के 10.90 से 12 करोड़ के कलेक्शन का अनुमान है। वहीं पहले दिन इस फिल्म ने 9.55 करोड़ का कलेक्शन किया। यानी कि दो दिनों में ये फिल्म अभी तक कुल 20 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।

Bhoot Movie

विक्की कौशल की ‘भूत पार्ट वन: द हॉन्टेड शिप’ की बात करें तो इस फिल्म के दूसरे दिन के कलेक्शन का अनुमान 5.65 से 6.75 करोड़ है। जबकि पहले दिन इस फिल्म ने 5.10 करोड़ का कलेक्शन किया। यानी कि अभी तक ये फिल्म ने 10.75 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। इन दोनों फिल्म के कलेक्शन को देखते हुए इतना साफ है कि आयुष्मान की फिल्म की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर विक्की की फिल्म की अपेक्षा ज्यादा मजबूत है।

‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ का बजट करीब 50 करोड़ है। इसे भारत में 2500 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। इस फिल्म में आयुष्मान के अलावा जितेंद्र कुमार, गजराज राव, नीना गुप्ता, मनु ऋषि चड्ढा, सुनीता, मानवी हैं। इस फिल्म का निर्देशन हितेश केवल्या ने किया है इसमें विक्की कौशल के अलावा भूमि पेडनेकर और आशुतोष राणा हैं। फिल्म का निर्देशन भानु प्रताप सिंह ने किया है। वहीं ‘भूत’ फिल्म में विक्की के अलावा भूमि पेडनेकर और आशुतोष राणा हैं। फिल्म का निर्देशन भानु प्रताप सिंह ने किया है।

साल 2020 की बात करें तो अब तक रिलीज हुई फिल्मों में पहले दिन सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म ‘तानाजी’ है वहीं आयुष्मान की ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ चौथे नंबर पर है। ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ फिल्म ने पहले दिन 15.10 करोड़ का कलेक्शन किया था। ‘लव आजकल’ फिल्म ने 12.40 करोड़ का, ‘स्ट्रीट डांसर थ्री डी’ फिल्म ने 10.26 करोड़ का, ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ ने 9.55 करोड़ का और पांचवें नंबर पर ‘मलंग’ फिल्म है। ‘मलंग’ ने पहले दिन 6.71 करोड़ का कलेक्शन किया।

विक्की की ‘भूत’ से आगे निकली आयुष्मान की ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’, जानें बॉक्स ऑफिस कलेक्शन Read More
Gas cylinder

गैस के दाम बढ़े तो उज्ज्वला योजना के 25% लाभार्थियों ने दोबारा सिलेंडर नहीं भरवाया: एसबीआई रिसर्च

  • बिना सब्सिडी का एलपीजी सिलेंडर 6 महीने में 284 रु. महंगा हुआ
  • आर्थिक संकट की वजह से सिलेंडर की रिफिलिंग में मुश्किल हो रही

एलपीजी की बढ़ती कीमतें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को लकड़ी, कोयला जैसे अशुद्ध ईंधन के इस्तेमाल के लिए मजबूर कर रही हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 25% ग्राहकों ने दोबारा कभी सिलेंडर नहीं भरवाया। यह खुलासा एसबीआई रिसर्च की हालिया रिपोर्ट इकोप्रैप में हुआ है।

इसके मुताबिक, दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत अगस्त 2019 के 575 रुपए प्रति सिलेंडर से बढ़कर फरवरी 2020 में 859 रुपए हो गई है। यानी महज 6 महीने में 284 रुपए महंगी। रिसर्च के दौरान दिसंबर 2018 तक बांटे गए 5.92 करोड़ कनेक्शनों और 03 जून, 2019 तक रिफिल किए गए सिलेंडर के राज्य-वार डेटा का विश्लेषण किया गया।

बोझ झेलने की क्षमता अभी भी समस्या

पीएमयूवाई ने देशभर में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता की समस्या को तो हल कर दिया है, लेकिन इसका बोझ झेलने की क्षमता अभी भी समस्या बनी हुई है। इस समस्या को सुलझाने के लिए एसबीआई रिसर्च ने कई उपाय भी सुझाए हैं, जिनमें चुनिंदा परिवारों को हर साल 4 मुफ्त सिलेंडर देने समेत ये सुझाव भी हैं-

  • 4 करोड़ पात्र हैं, तो सालाना 12,800 करोड़ रु. का बोझ पड़ेगा।
  • सब्सिडी वाले सिलेंडरों की सालाना संख्या 12 से घटाकर 9 कर सकते हैं। यह पर्याप्त है।

57% ने 3 या ज्यादा बार रिफिल करवाया 

रिफिल लाभार्थी
कभी नहीं 24.6%
1-2 बार 17.9%
3 बार 11.7%
4 या अधिक 45.8%
गैस के दाम बढ़े तो उज्ज्वला योजना के 25% लाभार्थियों ने दोबारा सिलेंडर नहीं भरवाया: एसबीआई रिसर्च Read More
uddhav thackeray and modi

महाराष्ट्रः शपथ ग्रहण के बाद पहली बार ‘बड़े भाई’ मोदी से मिले उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने शपथ लेने के बाद पहली बार पीएम नरेंद्र से शुक्रवार को दिल्ली स्थित उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उद्धव के बेटे और राज्य के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद उद्धव ने मीडिया को संबोधित किया और बताया कि पीएम मोदी से महाराष्ट्र के मुद्दों के अलावा सीएए, एनपीआर और एनआरसी को लेकर चर्चा हुई। महाराष्ट्र सीएम ने कहा कि बैठक में पीएम मोदी ने बताया कि देशवासियों को सीएए से डरने की आवश्यकता नहीं है।

सीएए से डरने की नहीं जरूरत, एनआरसी सिर्फ असम में
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना सेना संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी उद्धव के साथ मौजूद थे। उद्धव ने बताया कि पीएम मोदी के साथ बैठक बेहद लाभदायी रही। महाराष्ट्र सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया है कि सीएए से किसी को डरने की जरूरत नहीं है और संसद में केंद्र ने स्पष्ट किया है कि एनआरसी पूरे देश में लागू नहीं होगी। उन्होंने कहा, ‘ एनपीआर, एनआरसी और सीएए पर भी पीएम मोदी से चर्चा हुई। सामना के माध्यम से शिवसेना ने अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी थी। सीएए पड़ोसी देशों के पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने का कानून नहीं है। एनआरसी को लेकर केंद्र ने भूमिका स्पष्ट की यह पूरे देश में नहीं है और असम में चलेगा।’

एनपीआर से नहीं छिनेगा अधिकार
उद्धव ने एनपीआर को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘एनपीआर में किसी को घर से नहीं निकाला जाएगा। यह वैसे ही जैसे हर 10 साल पर जनगणना होती है।अगर हमें लगा कि एनपीआर खतरनाक है तो बात होगी। मैंने राज्य की जनता से कहा है कि किसी का भी अधिकार नहीं छीनने दिया जाएगा।’

शाहीनबाग में लोगों को भड़काया जा रहा
उद्धव ठाकरे ने दिल्ली के शाहीनबाग में 2 महीने से ज्यादा वक्त से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन पर कहा कि वहां लोगों को भड़काया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘वहां लोगों से मिलने की जरूरत है। विरोध क्यों कर रहे हैं पहले यह स्पष्ट होना चाहिए। नेताओं को समझने की जरूरत होती है।’ वहीं, जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि आपके मुताबिक शाहीनबाग में लोगों को भड़काया जा रहा है, जबकि आपके सहयोगी कांग्रेस के नेता भी वहां पहुंचे हैं, आपको क्या लगता है कौन भड़का रहा है? इस सवाल पर बचते हुए उद्धव ने कहा, ‘मुझे नहीं पता, मैं दिल्ली में नहीं रहता।’

उल्लेखनीय है कि सीएम पद की शपथ लेने के बाद ठाकरे ने कहा था कि वह ‘बड़े भाई’ नरेंद्र मोदी से मिलने दिल्ली पहुंचेंगे। ठाकरे के ऑफिस ने मुलाकात के बाद तस्वीरें शेयर कर ट्वीट किया, ‘उद्धव बालासाहेब ठाकरे ने दिल्ली में पीएम से आज शिष्टाचार मुलाकात की।’ अक्टूबर 2019 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी के रूप में उभरने के बाद भी सरकार नहीं बना पाई थी। सीएम पद को लेकर पूर्व सहयोगी शिवसेना से सहमति न बन पाने के कारण उसे सत्ता से दूर रहना पड़ा। बाद में शिवसेना ने एनसीपी और कांग्रेस के सहयोग से सरकार बनाई। इस दौरान बीजेपी और शिवसेना नेताओं के बीच वाकयुद्ध देखने को भी मिला। शिवसेना और बीजेपी के राजनीतिक संबंध चाहे जैसे भी रहे हों, लेकिन पीएम मोदी और उद्धव ठाकरे के आपसी रिश्ते अच्छे बताए जाते हैं।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, उद्धव गृह कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। इसके अतिरिक्त वह गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के वयोवृद्ध नेता एल के आडवाणी से भी मिलेंगे।

महाराष्ट्रः शपथ ग्रहण के बाद पहली बार ‘बड़े भाई’ मोदी से मिले उद्धव ठाकरे Read More
Bhoot poster

Bhoot:Part One The Haunted Ship: विक्की की हॉरर फिल्म रिलीज, आयुष्मान को दे पाएंगे टक्कर?

विक्की कौशल स्टारर फिल्म भूत: पार्ट वन द हॉन्टेड शिप रिलीज हो गई है. फिल्म भानू प्रताप सिंह के निर्देशन में बनी है. इसमें विक्की कौशल और भूमि पेडनेकर के अलावा आशुतोष राणा भी अहम रोल में हैं. इस फिल्म का क्लैश आयुष्मान खुराना की फिल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान से है. अब भूत फैंस की उम्मीदों पर खरा उतर पाएगी या नहीं, यह देखना है…

क्या है फिल्म की कहानी?

एक हादसे में अपनी छोटी बेटी और पत्नी (भूमि पेडनेकर) को खो चुका पृथ्वी (विक्की कौशल) अब मुंबई में अकेला रहता है और शिपिंग ऑफिसर की नौकरी करता है. पृथ्वी खुद को अपनी पत्नी और बेटी की मौत का जिम्मेदार मानता है इसलिए उसमें इस बात का गिल्ट हमेशा बना हुआ है. पृथ्वी के दिमाग पर ये ट्रॉमा इस हद तक है कि उसे अपनी पत्नी और बेटी दिखाई देते हैं. वह डॉक्टर से अपने हैलोसिनेशन्स का इलाज तो करवा रहा है लेकिन दवाइयां नहीं लेता ताकि उसकी पत्नी और उसकी बेटी उसे हमेशा ऐसे ही नजर आते रहें. सब कुछ ठीक चल रहा है और एक दिन अचानक समंदर किनारे एक सुनसान जहाज सी-बर्ड आकर खड़ा हो जाता है. यहीं से फिल्म की कहानी में ट्विस्ट आने शुरू होते हैं.

पहली बार हॉरर फिल्म में विक्की कौशल

ये विक्की कौशल की पहली हॉरर फिल्म है. इससे पहले विक्की ने कोई हॉरर फिल्म नहीं की है. फिल्म को मिक्स रिव्यूज मिल रहे हैं. साथ ही ये फिल्म यशराज बैनर की भी पहली हॉरर फिल्म है.

भूत के एक सीन के लिए 30 मिनट तक पानी के नीचे रहे विक्की कौशल

विक्की कौशल के लिए ये फिल्म करना काफी चैलेंजिग था. भूत के लिए विक्की ने अंडरवाटर सीन शूट किया था. फिल्म के लिए अंडरवाटर सीन्स करना काफी ट्रिकी था. टीम के एक सदस्य ने तो उन्हें यहां तक कह दिया था कि ये सीन शूट करते समय आपको लगेगा कि आप मरने वाले हैं लेकिन आप मरेंगे नहीं. फिल्म में अंडरवाटर सीन्स की शूटिंग पूरे पांच दिनों तक की गई थी. वो पूरे  30 मिनट तक पानी के नीचे रहे.

भूत के पोस्टर पर लगे थे कॉपी के आरोप

बता दें कि फिल्म के एक पोस्टर में विक्की कौशल आत्माओं के समंदर में फंसे नजर आ रहे थे. पोस्टर इतना अपीलिंग था कि रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर ये सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसके बाद ये दावा किया गया कि विक्की कौशल की इस फिल्म का पोस्टर कॉपी किया गया. इसे निर्देशक लीजो जॉश पेसिलेरी की फिल्म जलीकट्टू से कॉपी किया गया.

पहले दिन कितना कमाएगी विक्की कौशल की भूत

फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रेडिक्शन की बात करें को तो ट्रेड एनालिस्ट्स का कहना है कि फिल्म पहले दिन  3.30 से 3.80 करोड़ के आसपास कमाई कर सकती है. वहीं बात करें अगर सुपर सिनेमा की तो उन्होंने अनुमान लगाया है कि फिल्म पहले दिन 5.50 करोड़ से लेकर 6.50 करोड़ के आसपास कमाई कर सकती है.

सच्ची घटना पर आधारित है भूत

विक्की कौशल की फिल्म की कहानी एक हॉन्टेड शिप के बारे में है, जो एक दिन अचानक मुंबई के एक बीच के किनारे आ जाता है. इस जहाज पर एक भी आदमी नहीं है. बता दें कि ये कहानी सच्ची घटना पर आधारित है.

आयुष्मान की फिल्म से विक्की कौशल की टक्कर?

बता दें कि विक्की कौशल की फिल्म भूत की आयुष्मान खुराना की फिल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान से टक्कर है. शुभ मंगल ज्यादा सावधना में आयुष्मान खुराना और जीतेंद्र कुमार लीड रोल में हैं.

‘गर्लफ्रेंड’ कटरीना कैफ को कैसी लगी फिल्म?

विक्की कौशल की खास दोस्त कटरीना कैफ ने भूत फिल्म देखी. उन्होंने इस फिल्म को शानदार बताया है. कटरीना ने इंस्टाग्राम स्टोरी में इस फिल्म की तारीफ की और इस फिल्म को मस्ट वॉच बताया है. वही विक्की ने भी कैटरीना की स्टोरी के जवाब में उन्होंने ‘शुक्रिया के’ कहकर अपनी बात रखी.

कैसा था फिल्म का ट्रेलर?

फिल्म के ट्रेलर को काफी पसंद किया गया था. ट्रेलर को सोशल मीडिया पर मिक्स रिस्पॉन्स मिला था. लोगों ने  ट्रेलर के अंधेरे में होने, भूत और सीन के डरावना ना होने और बाकी चीजों की शिकायत की थी.

 

Bhoot:Part One The Haunted Ship: विक्की की हॉरर फिल्म रिलीज, आयुष्मान को दे पाएंगे टक्कर? Read More
Nirbhaya Case advocate of convict

Nirbhaya case: वकील ने कोर्ट में कहा- विनय को गंभीर मानसिक बीमारी, मां को भी गया भूल

तिहाड़ जेल में बंद चारों दोषियों में से एक विनय कुमार शर्मा द्वारा अपना सिर दीवार पर मार लेने के मामले में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आ गया है। विनय के वकील एपी सिंह (AP Singh) ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में याचिका दायर कर तिहाड़ जेल प्रशासन को बेहतर इलाज देने के लिए निर्देश देने की मांग की है।

वकील ने कोर्ट में कहा- विनय की मानसिक हालत ठीक नहीं

इसके साथ ही विनय के वकील ने कोर्ट में याचिका दायर कर कई गंभीर खुलासे किए हैं। याचिका में दावा किया गया है कि विनय कुमार शर्मा के सिर में गंभीर चोट आई है। उसके दांए हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। मानसिक आघात भी पहुंचा है और सिज्रोफ्रेनिया (schizophrenia) की भी बात सामने आई है।

मां को भी नहीं पहचान पा रहा विनय

अर्जी में कहा गया है कि विनय को मानसिक बीमारी है और उसके इलाज की जरूरत है। वह लोगों को नहीं पहचान पा रहा और अपनी मां को भी भूल गया है। विनय के वकील पहले भी अदालत में कह चुके हैं कि वह मानसिक बीमार है और उसे फांसी नहीं दे सकते।

शनिवार को होगी सुनवाई

विनय की ओर दायर याचिका पर शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट सुनवाई करेगा। कोर्ट ने इस मामले में तिहाड़ जेल प्रशासन से जवाब मांगा है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा (Additional Session Judge Dharmender Rana) ने तिहाड़ जेल प्रशासन को निर्देश दिया है कि विनय शर्मा के घायल होने के संबंध में शनिवार तक जवाब दाखिल करें।

यह है पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, 16 फरवरी (रविवार) को तिहाड़ जेल नंबर 3 में बंद चारों दोषियों में से एक विनय कुमार शर्मा ने अपना सिर दीवार में दे मारा था। इससे उसके सिर में हल्की चोट आई थी। जानकारी मिलने पर उसका उपचार किया गया था। इस पूरे मामला का खुलासा तीन दिन बाद बुधवार को हुआ तो हड़कंप मच गया।

चारों दोषियों के खिलाफ जारी हो चुका है डेथ वारंट

गौरतलब है कि 17 फरवरी को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में हुई सुनवाई में चारों दोषियों विनय कुमार शर्मा (26) पवन कुमार गुप्ता (25) अक्षय कुमार (31) और मुकेश कमार (32) की फांसी के लिए डेथ वारंट जारी कर चुका है। इसके मुताबिक, आगामी 3 मार्च को सुबह 6 बजे चारों को एकसाथ फांसी दी जाएगी।

 

 

Nirbhaya case: वकील ने कोर्ट में कहा- विनय को गंभीर मानसिक बीमारी, मां को भी गया भूल Read More