रियो ओलंपिक में पीवी सिंधु ने रचा इतिहास; देश के लिए जीता सिल्वर मेडल, पीएम मोदी ने दी बधाई

122936-medal-rio-2रियो डि जेनेरियो : बैडमिंटन के महिला सिंगल्स के फाइनल में शुक्रवार को पीवी सिंधु स्पेन की विश्व नंबर एक महिला खिलाड़ी कैरोलिना मारिन से हार गईं। फाइनल में हारने की वजह से वह देश को गोल्ड मेडल नहीं दिला सकीं और रजत पदक से संतोष करना पड़ा। सिंधु ओलंपिक पदक जीतने वाली 5वीं भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।  ओलंपिक में भारत के लिए इतिहास बनाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिंधु को बधाई दी। पीएम ने कहा कि उसकी उपलब्धि ऐतिहासिक है और वर्षों तक याद रहेगी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘रजत पदक के लिये बधाई पीवी सिंधु। बहुत बढ़िया खेली। रियो 2016 में तुम्हारी उपलब्धि ऐतिहासिक है और वर्षों तक याद की जायेगी।’

आठ साल पहले बीजिंग ओलंपिक में दिग्गज निशानेबाज अभिनव बिंद्रा के स्वर्ण पदक प्रदर्शन की बराबरी करने के इरादे से उतरी 21 साल की सिंधु के भारत के लिए दूसरा व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने का सपना दो बार की विश्व चैम्पियन मारिन ने तोड़ दिया। टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु मारिन के बनाये दबाव के आगे टूट गई और उन्हें यहां रियो सेंटर में एक घंटा और 23 मिनट चले मुकाबले में पहला गेम जीतने के बावजूद 21-19, 12-21, 15-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।

सिंधु निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (एथेंस 2004) और विजय कुमार (लंदन 2012) तथा पहलवान सुशील कुमार (लंदन 2012) के बाद ओलंपिक में व्यक्तिगत रजत पदक जीतने वाली चौथी भारतीय हैं। विश्व चैम्पियनशिप की दो बार की कांस्य पदक विजेता सिंधु भारत के लिए ओलंपिक में पदक जीतने वाली 5वीं महिला और रजत जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। वह ओलंपिक में पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी हैं। भारोत्तोलक कर्णम मल्लेश्वरी (सिडनी 2000), मुक्केबाज एमसी मैरीकोम (लंदन 2012), बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल (लंदन 2012) और पहलवान साक्षी मलिक (रियो 2016) भारत की ओर से खेलों के महाकुंभ में पदक जीतने वाली महिला खिलाड़ी हैं।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों में संदीप तोमर कुश्ती स्पर्धा के 57 किग्रा भार वर्ग के पहले दौर में रूस के दो बार के विश्व चैंपियन विक्टर लेबदेव से अंकों के आधार पर 3-7 से हारकर बाहर हो गये। तोमर के पास इसके बाद रेपेचेज के जरिये कांस्य पदक के मुकाबले में बने रहने का मौका था लेकिन क्वार्टर फाइनल में ईरान के हसन सबजलि रहीमी ने लेबदेव को 6-1 से हराकर भारतीय खिलाड़ी की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। ट्रैक एवं फील्ड में भारतीय एथलीटों का निराशाजनक प्रदर्शन आज भी जारी रहा जब संदीप कुमार पुरूष 50 किमी पैदल चाल स्पर्धा में 34वें स्थान पर रहे। राष्ट्रीय रिकार्ड धारक संदीप ने चार घंटे सात मिनट 55 सेकेंड का समय निकाला।

खुशबीर कौर ने भी महिला 20 किमी स्पर्धा में निराश किया और वह एक घंटे 40 मिनट 33 सेकंेड का समय निकालकर 54वें स्थान पर रहीं। वह अपनी स्पर्धा के दौरान एक बार शीर्ष 40 में भी जगह नहीं बना पाई और 12 किमी के बाद 50वें स्थान पर चल रही थी। इसी स्पर्धा में हिस्सा ले रही एक अन्य भारतीय महिला धावक सपना स्पर्धा पूरी नहीं कर पाई। वह आठ किमी के बाद जब 49वें स्थान पर चल रही थी तो स्पर्धा से हट गई। भारतीय गोल्फर अदिति अशोक तीसरे दौर में आठ ओवर 79 के लचर प्रदर्शन के साथ महिला स्पर्धा में संयुक्त 31वें स्थान पर खिसक गई। अदिति पहले दो दौर के बाद संयुक्त आठवें स्थान पर चल रही थी लेकिन आज आठ ओवर का स्कोर ही बना सकी जिससे वह पदक की दौड़ से लगभग बाहर हो गई हैं। अदिति का कुल स्कोर दो ओवर 215 है।

सिंधु पहले गेम में एक समय 16-19 से पिछड़ रही थी लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया। भारतीय खिलाड़ी ने हालांकि दूसरा गेम आसानी से गंवा दिया जिससे मुकाबला 1-1 से बराबर हो गया। तीसरे और निर्णायक गेम में भी सिंधु एक समय 1-6 से पिछड़ रही थी लेकिन 10-10 के स्कोर पर बराबरी हासिल करने में सफल रही। वह हालांकि ब्रेक के बाद लय बरकरार नहीं कर सकी जिसके बाद मारिन ने शानदार खेल दिखाते हुए बैडमिंटन में स्पेन को पहला स्वर्ण पदक दिला दिया।

पिछले दो साल में दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए पांच मुकाबलों में मारिन ने सिंधु को चार बार हराया है जबकि भारतीय खिलाड़ी ने पिछले साल डेनमार्क सुपर सीरीज के दौरान जीत दर्ज की थी लेकिन आज इस प्रदर्शन को दोहराने में नाकाम रही। मारिन ने रोमांचक मुकाबले में अपने ताकतवर और सटीक स्मैश से दबाव बनाया जिसका कई मौकों पर भारतीय खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था। सिंधु ने इसके अलावा काफी शाट बाहर भी मारे जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा। पहले गेम में स्पेन की खिलाड़ी ब्रेक तक 11-8 से आगे थी। मारिन ने सिंधु को रैली में उलझाया और फिर नेट पर भी शानादार खेल दिखाते हुए 15-11 की बढ़त बना ली।

मारिन ने इसके बाद नेट पर शाट मारा और एक शाट बाहर खेल गई जिससे सिंधु को दो अंक मिले। स्पेन की खिलाड़ी ने हालांकि 17-15 की बढ़त बनाए रखी। मारिन ने एक और शॉट बाहर मारा लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने वीडियो रैफरल में अंक गंवाया जिससे मारिन 18-16 से आगे हो गई। मारिन ने विनर के जरिये एक और अंक जुटाकर स्कोर 19-16 किया। मारिन ने इसके बाद दो शाट बाहर मारे और नेट पर भी चूकी जिससे सिंधु ने स्कोर 19-19 कर दिया। मारिन ने एक बार फिर नेट पर शाट मारा जिससे सिंधु ने गेम में पहली बार 20-19 से बढ़त बनाई। स्पेन की खिलाड़ी इसके बाद सिंधु के रिटर्न को वापस भेजने में नाकाम रही जिससे भारतीय खिलाड़ी ने हार की स्थिति में होने के बावजूद पहला गेम जीत लिया। मारिन ने दूसरे गेम में जोरदार वापसी की और जल्द ही 4-0 की बढ़त बना ली। सिंधु मारिन को रैली में उलझाने में नाकाम रही और उन्हें अपने स्मैश और फ्लिक को लेकर भी जूझना पड़ा जिससे ब्रेेक तक मारिन 11-2 से आगे थी।

ब्रेक के बाद सिंधु ने मारिन की लय तोड़ने की कोशिश की लेकिन स्पेन की खिलाड़ी ने रैली में दबदबा बनाए रखा और कुछ अच्छे क्रास कोर्ट शाट खेलकर बढ़त 17-9 तक पहुंचा दी। सिंधु अपने शाट में गलती भी कर रही थी जिससे मारिन ने बढ़त को 19-12 तक पहुंचाया। मारिन ने इसके बाद बेसलाइन से ओवरहैड रिटर्न के जरिये गेम प्वाइंट हासिल किया और फिर ड्राप शाट के साथ दूसरा गेम अपने नाम करते हुए मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। तीसरे और निर्णायक गेम में मारिन ने अच्छी शुरूआत की लेकिन सिंधु ने 10-10 के स्कोर पर बराबरी हासिल की। स्पेन की खिलाड़ी ने हालांकि धर्य बरकरार रखते हुए गेम और मैच जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इससे पहले पुरूष 50 किमी पैदल चाल में संदीप कुमार ने 34वें स्थान पर रहकर निराश किया। उन्होंने चार घंटे सात मिनट और 55 सेकेंड का समय लिया जबकि उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन घंटे 56 मिनट और 22 सेकेंड का है। संदीप ने राष्ट्रीय रिकार्ड तीन मई 2014 को चीन के ताइकांग में आईएएएफ विश्व पैदल चाल कप के दौरान बनाया था। संदीप तोमर भी 57 किग्रा भार वर्ग के पहले दौर में हार गए। रूसी पहलवान शुरू में ही तोमर पर हावी हो गया और उन्होंने उसे उबरने का मौका नहीं दिया। पहले पीरियड में लेबदेव ने तीन अंक बनाये जबकि इस बीच भारतीय पहलवान को एक बार चेतावनी भी मिली।

तोमर ने दूसरे पीरियड में कुछ अच्छा खेल दिखाया और उन्होंने लेबदेव के सामने कड़ी चुनौती पेश करके तीन अंक बनाये लेकिन रूसी पहलवान ने उन्हें इससे आगे नहीं बढ़ने दिया। लेबदेव ने चार अंक बनाकर अपनी जीत सुनिश्चित की। कुश्ती में अब भारत का दारोमदार लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त पर टिका है जो 21 अगस्त को 65 किग्रा भार वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। नरसिंह यादव (74 किग्रा) पर चार साल का प्रतिबंध लगने के कारण वह मुकाबले में नहीं उतरे और उनके प्रतिद्वंद्वी फ्रांस के जालिमखान खादीव को वाकओवर मिला।

 

News source by- Z news

रियो ओलंपिक में पीवी सिंधु ने रचा इतिहास; देश के लिए जीता सिल्वर मेडल, पीएम मोदी ने दी बधाई Read More

INDvsWI: दूसरे टेस्ट के लिये ‘विराट विश्वास’ के साथ उतरेगी टीम इंडिया

virat-test-match~30~07~2016~1469852812_storyimageरिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन और खिलाड़ियों की धुआंधार पारियों से सजे पहले क्रिकेट टेस्ट की बड़ी जीत और उससे मिले आत्मविश्वास के साथ भारतीय क्रिकेट टीम शनिवार से सबीना पार्क में मेजबान वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट में भी उतरने के लिये तैयार है।

भारत के विदेशी जमीन पर खराब प्रदर्शन और टेस्ट क्रिकेट में कुछ खास नहीं कर पाने की सभी आलोचनाओं को धता बताते हुये विराट कोहली के नेतृत्व और अनिल कुंबले के मार्गदर्शन में युवा टीम इंडिया ने मेजबान कैरेबियाई टीम के खिलाफ सीरीज की जबरदस्त शुरुआत की है। भारत ने विंडीज को उसी के घर में पहले क्रिकेट टेस्ट में पारी और 92 रन से करारी शिकस्त दी थी। इस जीत के बाद चार टेस्टों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है।

पिछले टेस्ट में भारतीय टीम की जीत ही नहीं बल्कि गेंदबाजों और बल्लेबाजों का बेहतरीन तालमेल तथा वेस्टइंडीज की चुनौतीपूर्ण धीमी पिचों पर अविश्वसनीय प्रदर्शन सभी के आकर्षण का केंद्र रहा था। जहां फॉर्म में चल रहे कप्तान विराट ने अपने करियर का पहला दोहरा शतक जड़ दिया तो वहीं ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपेक्षा के अनुरूप खेलते हुये रिकॉर्ड सात विकेट लिये और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुये शतक भी जड़ दिया।

अश्विन के इसी हरफनमौला खेल की बदौलत आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में वह दुनिया के नंबर एक टेस्ट ऑलराउंडर और साथ ही नंबर एक गेंदबाज भी बन गये। अच्छी बात यह है कि इस जीत के बाद से खिलाड़ियों में एक अलग ही आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है और दूसरे टेस्ट में भी इसी प्रदर्शन की उम्मीद है। टीम ने जिस तरह से कैरेबियाई परिस्थितियों में खुद को ढाला है वह काबिले तारीफ है।

टेस्ट से पूर्व भारतीय टीम ने किंग्सटन में नेट पर भी जमकर पसीना बहाया और किंग्सटन की परिस्थितियों को समझने की कोशिश की। लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने भी अभ्यास के बाद कहा था कि पहले टेस्ट में मिली जीत से खिलाड़ियों का हौंसला काफी बुलंद है और पिछले मैच में खिलाड़ियों की आक्रामकता, गेंदबाजी, बल्लेबाजी और कसा हुआ क्षेत्ररक्षण हर विभाग में ऑलराउंड खेल से ही जीत मिली थी।

भारतीय टीम के नये कोच और पूर्व दिग्गज गेंदबाज कुंबले की मौजूदगी ने भी टीम के प्रदर्शन को निखारने में मदद की है और यह गेंदबाजों खासतौर पर स्पिनरों के प्रदर्शन में दिखता है। कैरेबियाई पिचों पर हमेशा से ही स्पिनरों की अहम भूमिका रही है और एंटीगा में जहां मिश्रा ने तीन विकेट निकाले तो वहीं अश्विन ने रिकॉर्ड प्रदर्शन कर दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के 83 रन पर सात विकेट लेकर मेजबान टीम को निपटाते हुये चार दिन में ही मैच को समाप्त करा दिया।

खुद मिश्रा और अश्विन ने भी माना कि कुंबले की मौजूदगी से गेंदबाजों को काफी फायदा हुआ है और उनके अपार अनुभव से गेंदबाजों को सही लाइन एंड लेंथ से गेंदबाजी करने और परिस्थतियों के अनुकूल खेलने में मदद मिली है। इसके अलावा तेज गेंदबाजों उमेश यादव और मोहम्मद शमी का प्रदर्शन भी काफी सधा हुआ रहा था। चोट के बाद वापसी कर रहे शमी पर भरोसा जताते हुये विराट ने उन्हें मौका दिया था और शमी ने भी खुद को साबित करने का प्रयास किया।

उम्मीद है कि विराट एक बार फिर किंग्सटन में भी इसी विजयी टीम को मौका दें। हालांकि किंग्सटन की पिच कुछ अलग होने की उम्मीद है। वहीं बल्लेबाजों को देखें तो ओपनिंग और मध्यक्रम में शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, विराट, अजिंक्या रहाणे, अश्विन सभी ने पिछले मैच में बल्ले से काफी योगदान दिया था जिसकी बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी में ही 566 का बड़ा स्कोर बनाकर पारी घोषित कर दी थी।

पुजारा और रहाणे ने बल्ले से बहुत उम्दा प्रदर्शन नहीं किया। लेकिन पुजारा का मानना है कि उनका फॉर्म कोई चिंता का विषय नहीं है। पुजारा का मानना है कि भारतीय टीम के ओपनिंग और निचले क्रम में काफी अच्छा सामंजस्य है और वह इसे दूसरे टेस्ट में भी बरकरार रखेंगे। पिछले मैच में टीम के स्टार खिलाड़ी और कप्तान विराट ने 283 गेंदों में 200 रन बनाये थे जो उनके करियर का पहला दोहरा शतक है।

कमाल के फॉर्म में चल रहे कप्तान 27 वर्षीय विराट से एक बार फिर टीम को इसी प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। ओपनर मुरली विजय अपने अंगूठे की चोट से उबर रहे हैं और पिछले मैच में वह मात्र सात रन ही बना सके थे जबकि रहाणे और पुजारा ने भी 22 और क्रमश 16 रन ही बनाये थे। लेकिन उम्मीद रहेगी कि वह अगले मैच में फॉर्म में सुधार दिखाएंगे।

वहीं अपने करियर का तीसरा टेस्ट शतक लगाने वाले अश्विन से भी गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में अच्छे खेल की आस रहेगी। अश्विन एंटीगा में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे जबकि मिश्रा ने भी 53 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी। निचले क्रम में खिलाड़ियों के इस खेल ने टीम को और भी आत्मविश्वास दिया है।

लेकिन इस बात को भी ध्यान रखने की जरूरत है कि भारतीय टीम अति उत्साह से बचे और विपक्षी टीम का सम्मान करे। जेसन होल्डर के नेतृत्व वाली कैरेबियाई टीम निश्चित ही दबाव में है लेकिन टीम वापसी करने के लिये भी काफी प्रयासरत है। युवाओं से भरी इस टीम में देवेंद्र बिशू, कार्लोस ब्रेथवेट,डैरेन ब्रावो और मार्लोन सैमयुअल्स जैसे शानदार खिलाड़ी हैं जो उलटफेर कर सकते हैं।

Source :- Live Hindustan

INDvsWI: दूसरे टेस्ट के लिये ‘विराट विश्वास’ के साथ उतरेगी टीम इंडिया Read More

जल्द भारत में लॉन्च होगी सुजुकी की यह छोटी कार

लंबे वक्त से भारत में सुजुकी के फैन्‍स, तीन दरवाजों वाली ऑफरोडर जिम्नी का इंतजार कर रहे हैं। जिम्नी दरअसल मारुति जिप्सी का ही नेक्सट जनरेशन अवतार है। खबरें हैं कि इस छोटी ऑफरोडर को भारत में बनाए जाने की योजना पर काम चल रहा है। यहां से इसे यूरोप, इंडोनेशिया और ब्राजील में बेचा जाएगा। उम्मीद है कि बाद में जिम्नी भारत में भी बिक्री के लिए उपलब्‍ध होगी।
चौथी पीढ़ी की जिम्नी को बलेनो और इग्निस के प्लेटफॉर्म पर बनाए जाने की उम्मीद है। इसका प्रोडक्शन अगले साल से गुजरात प्लांट में शुरू हो सकता है।
पावर प्लांट की बात करें तो इसे सिर्फ पेट्रोल इंजन में उतारा जाएगा। यह इंजन 1.0 लीटर का बूस्टरजेट इंजन हो सकता है। जल्द ही यही इंजन बलेनो के आर एस वर्जन और इग्निस में आएगा।
देखने में जिम्नी मौजूदा मारुति जिप्सी से काफी मिलती-जुलती है। हालांकि वक्त के साथ दोनों का ही डिजाइन पुराना पड़ने लगा है ऐसे में उम्मीद है कि यह नए अवतार में आ सकती है, ताकि भारत में यह मुकाबले में टिक सके।

Source: Amar Ujala

जल्द भारत में लॉन्च होगी सुजुकी की यह छोटी कार Read More

पत्रकार वीजा मामले पर बौखलाई चीनी मीडिया, कहा- यह NSG का बदला है तो भारत को भुगतने होंगे परिणाम

china_650_072516101342भारत की ओर से चीन के तीन पत्रकारों के वीजा की अवधि बढ़ाने से इनकार किए जाने पर चीन के एक सरकारी अखबार ने हिंदुस्तान को चेतावनी दी है. दैनिक अखबार ने लिखा है कि यदि यह कदम एनएसजी में भारत की सदस्यता हासिल करने की कोशिश में चीन द्वारा उसका साथ न दिए जाने की प्रतिक्रिया है, तो इस बात के गंभीर परिणाम होंगे.

द ग्लोबल टाइम्स’ के संपादकीय में कहा गया, ‘ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि चूंकि चीन ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत के शामिल होने का विरोध किया, इसलिए भारत अब बदला ले रहा है. यदि नई दिल्ली वाकई एनएसजी सदस्यता के मुद्दे के चलते बदला ले रही है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे.’ बता दें कि चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिंहुआ के तीन चीनी पत्रकारों की भारत में रहने की अवधि बढ़ाने से इनकार कर दिया गया है.

जुलाई के अंत में समाप्त हो रही है वीजा अवधि‍
इन तीन पत्रकारों में दिल्ली स्थित ब्यूरो के प्रमुख वू कियांग और मुंबई स्थित दो संवाददाता-तांग लू और मा कियांग शामिल हैं. पत्रकारों के वीजा की अवधि इस माह के अंत में पूरी हो रही है. इन तीनों ने ही उनके बाद इन पदों को संभालने वाले पत्रकारों के यहां पहुंचने तक के लिए वीजा अवधि में विस्तार की मांग की थी.

‘यह विदेशी मीडिया का निष्कासन’
संपादकीय में कहा गया कि भारत के इस कदम को कुछ विदेशी मीडिया संस्थानों ने एक ‘निष्कासन’ करार दिया है. ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने संपादकीय में कहा, ‘वीजा की अवधि नहीं बढ़ाए जाने के लिए कोई आधिकारिक कारण नहीं दिया गया. कुछ भारतीय मीडिया संस्थानों का दावा है कि इन तीन पत्रकारों पर फर्जी नामों का इस्तेमाल कर दिल्ली और मुंबई के कई प्रतिबंधित विभागों में पहुंच बनाने का संदेह है.’ ऐसी रिपोर्ट भी है कि इन पत्रकारों ने निर्वासित तिब्बती कार्यकर्ताओं से मुलाकात की.’

‘पत्रकारों को फर्जी नामों की जरूरत नहीं’
समाचार पत्र ने भारत में अपने पूर्व संवाददाता लु पेंगफेई के हवाले से कहा कि चीनी पत्रकारों को इंटरव्यू लेने के लिए फर्जी नामों का इस्तेमाल करने की कोई जरूरत नहीं है और संवाददाताओं के लिए दलाई लामा समूह का साक्षात्कार लेने का अनुरोध करना पूरी तरह सामान्य बात है.

संबंधों पर पड़ेगा निगेटिव असर
‘भारत द्वारा संवाददाताओं का निष्कासन एक घटिया कार्य है’ शीषर्क से छपे संपादकीय में कहा गया, ‘इस कदम ने नकारात्मक संदेश भेजे हैं और इससे चीन एवं भारत के बीच मीडिया संवाद पर निस्संदेह नकारात्मक असर पड़ेगा.’ इसमें दावा किया गया है कि एनएसजी में भारत की सदस्यता का विरोध करके चीन ने कुछ अनुचित नहीं किया. उसने ऐसा करके इस नियम का पालन किया कि सभी एनएसजी सदस्यों के लिए अप्रसार संधि (एनपीटी) पर हस्ताक्षर करना आवश्यक है.

‘चीनी वीजा प्राप्त करना भी आसान नहीं’
समाचार पत्र ने कहा, ‘भारत का दिमाग शंकालु है. चीनी संवाददाता भले ही लंबी अवधि के वीजा के लिए आवेदन दें या किसी अस्थायी पत्रकार वीजा के लिए आवेदन दें, उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा. भारत के साथ काम करने वाले अन्य चीनी लोगों ने भी भारतीय वीजा प्राप्त करने में मुश्किलें पेश आने की शिकायतें की हैं. इसके विपरीत, भारतीयों के लिए चीनी वीजा प्राप्त करना बहुत आसान है.’ इसमें कहा गया है, ‘हमें इस बार वीजा मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दिखाने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए. हमें कम से कम कुछ भारतीयों को यह एहसास कराना चाहिए कि चीनी वीजा प्राप्त करना भी आसान नहीं है.’

पत्रकार वीजा मामले पर बौखलाई चीनी मीडिया, कहा- यह NSG का बदला है तो भारत को भुगतने होंगे परिणाम Read More

कश्मीर पर पाक का नया ‘पैंतरा’, इस बीच अमेरिकी सांसदों ने दिया है बड़ा झटका

NawazSharif-580x395नई दिल्ली/वाशिंगटन : कश्मीर हिंसा को लेकर पाकिस्तान हर बार नया पैंतरा खेल रहा है. पहले उसने आतंकी को मार गिराए जाने के लिए भारत की ‘निंदा’ कर दी. अब पाकिस्तान दुनिया के 5 बड़े देशों के सामने ‘शिकायत’ लेकर पहुंच गई है. पाक ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के पांच स्थायी सदस्य देशों (पी-5) से कहा कि वे कश्मीर में तनावपूर्ण हालात का संज्ञान लें. इधर आतंकवाद मामले में अमेरिकी सांसदों एवं विशेषज्ञों ने पाक को बड़ा झटका दिया है.

पाकिस्तान ने लगाए थे भारत पर आरोप

इससे पहले पी-5 से पाक ने कहा है कि भारत से अपील करें कि वह हिंसा प्रभावित घाटी में लोगों के ‘मानवाधिकारों का सम्मान’ करे. पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने बयान दिया है कि विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी ने चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका के दूतों को कश्मीर के हालात की जानकारी दी. हालांकि, इससे पहले ही अमेरिका ने कह दिया है कि कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है.

आतंकवाद को प्रायोजित करने वाला देश

पाकिस्तान के इन सब पैंतरों के बीच अमेरिकी सांसदों एवं विशेषज्ञों ने पाकिस्तान को दी जाने वाली मदद में कटौती करने को कहा है. इसके साथ ही पाक को आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले देश के तौर पर सूचीबद्ध करने की अपील की है. विशेषज्ञों ने हा कि आतंकवादी तत्वों को समर्थन देने वाला और चीजों को जोड़ तोड़ कर पेश करने वाला यह देश(पाकिस्तान) अमेरिका को मूर्ख समझता रहा है.

पाक, अमेरिका को मूर्ख बना रहा है

सदन की विदेश मामलों की समिति की एशिया एवं प्रशांत उपसमिति के अध्यक्ष मैट सैल्मन ने कहा, ‘वे हमें मूर्ख बना रहे हैं. वे हमें मूर्ख समझते हैं. यह माफिया को धन देने की तरह है.’ पूर्ववर्ती बुश काल के शीर्ष राजनयिक जाल्मे खलीलजाद ने सांसदों से कहा कि पाकिस्तानी नेतृत्व ने किस प्रकार दशकों से अमेरिकी प्रणाली के साथ खेल खेला है.

गैरराजनीतिक शब्दों का इस्तेमाल

उन्होंने कहा, ‘यदि मैं गैरराजनयिक शब्द का इस्तेमाल कर सकता हूं तो हम बहुत भोले भाले रहे हैं.’ सैल्मन ने खलीलजाद की बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘भोले भाले मूर्ख अधिकतर अमेरिकी यह देख सकते हैं और हमारे तथाकथित नेताओं को यह बात अभी तक समझ नहीं आई.’

पाकिस्तान को दी जाने वाली मदद में कटौती हो

फाउंडेशन फॉर डिफेंस ऑफ डेमोक्रेसीज के लॉन्ग वार जर्नल के वरिष्ठ संपादक बिल रोजियो ने खलीलजाद से अपील की कि पाकिस्तान को दी जाने वाली मदद में कटौती की जाए. उसे आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले देश के रूप में सूचीबद्ध किया जाए. रोजियो ने कांग्रेस की सुनवाई के दौरान खलीलजाद एवं अन्य विशेषज्ञों के साथ ‘पाकिस्तान: आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मित्र या दुश्मन’ विषय पर अपना पक्ष रखा.

पाकिस्तान के साथ अनुभव साझा

उन्होंने कहा, ‘अंतत: वे हमें मूर्ख समझकर हमसे व्यवहार कर रहे हैं और हम पाकिस्तान को धन देने के लिए बहुत आतुर हैं.’ खलीलजाद ने बुश के शासनकाल में अफगानिस्तान में अमेरिकी राजदूत एवं संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के स्थायी प्रतिनिधि समेत विभिन्न राजनयिक पदों की जिम्मेदारी संभालते हुए पाकिस्तान नेतृत्व के साथ हुए अनुभव को साझा किया.

पाकिस्तान चीजों को तोड़ मरोड़कर पेश करता है

उन्होंने जानकारी दी कि, ‘पाकिस्तान बहुत चालाकी से चीजों को तोड़ मरोड़कर पेश करके हमारा इस्तेमाल करता रहा है. मुझे यह कहना होगा.’ उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के विशिष्ट सदस्यों तक पहुंचते हैं. वे उन्हें यात्रा के लिए आमंत्रित करते हैं. वे उन्हें लुभाते हैं, वे एक बार फिर वादा करते हैं और हमारे बयानों का ऐसा निष्कर्ष निकालते हैं जो तथ्यों के सापेक्ष ‘हैरान करने वाले’ होते हैं.

पाकिस्तान के संबंधों पर सख्त टिप्पणी

यह पूछे जाने पर कि अमेरिका उसी नीति को क्यों अपनाता रहा है. खलीलजाद ने कहा कि अपने कृत्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश करने की पाकिस्तान की क्षमता इसका एक कारण रही है. पूर्व शीर्ष अमेरिकी राजनयिक ने कहा, ‘पाकिस्तान के साथ संबंधों का मेरा अनुभव यह है कि वे आपको तभी कुछ देंगे, जब उन्हें यह पता होगा कि उन्हें कुछ मिलने वाला है.’

‘बलूचिस्तान के लोगों को मार रहा है’

कांग्रेस के सदस्य डाना रोहराबाचर ने कहा कि पाकिस्तान सरकार और सउदी अरब ने तालिबान एवं हक्कानी नेटवर्क बनाया. रोहराबाचर ने कहा कि अमेरिका का पाकिस्तान को मदद देना ‘मूखर्तापूर्ण’ है. उन्होंने कहा, ‘यह भ्रष्ट दमनकारी शासन बलूचिस्तान के लोगों को मार रहा है. बलूचिस्तान के लोगों को यह समझना चाहिए कि अमेरिका एक भ्रष्ट, आतंकवादी समर्थन शासन से उनकी स्वतंत्रता एवं स्वाधीनता के लिए उनके साथ है.’

‘ऐसी ही स्थिति सिंधियों के साथ हैं’

उन्होंने कहा, ‘ऐसी ही स्थिति सिंधियों के साथ है. ऐसे ही हालात पाकिस्तान के अन्य समूहों के साथ हैं. यदि कोई शासन लोगों की जान लेता है, दमन करता है और भ्रष्ट है और इसके बावजूद हम उन्हें किसी प्रकार का समर्थन देना जारी रखते हैं.. तो यह वाकई बेतुका है.’ आतंकवाद, अप्रसार एवं व्यापार उपसमिति के रैंकिंग सदस्य विलियम कीटिंग ने पैनल के सदस्यों से सवाल किया कि क्या आईएसआईएस सरकार के भीतर एक सरकार है.

‘पाकिस्तानी सेना का एक हथियार है’

अमेरिकन यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर ट्रीसिया बैकन ने कहा, ‘यह पाकिस्तान के भीतर एक दुष्ट संस्था कतई नहीं है. यह स्वतंत्र रूप से या स्वयं संचालन नहीं करता. यह पाकिस्तानी सेना का एक हथियार है. यह पाकिस्तानी सेना की नीतियां लागू कर रहा है. यह पाकिस्तानी सेना की ओर से नीतियां लागू कर रहा है.’

आईएसआई पर कड़ टिप्पणी की गई

बैकन ने कहा, ‘रोजियो ने कहा कि आईएसआई पाकिस्तानी सेना की एक शाखा है. यह पाकिस्तानी सेना की इच्छा को अंजाम दे रहा है जो वास्तव में पाकिस्तानी सरकार है. (चयनित) सरकार पाकिस्तानी सेना का केवल चेहरा है.’ खलीलजाद ने कहा, ‘मैं अपने सहकर्मी से सहमत हूं.’ सैल्मन ने कहा कि निजी रूप से उनका मानना है कि अमेरिका को पहले कदम के तौर पर पाकिस्तान को दी जाने वाली मदद को पूरी तरह बंद कर देना चाहिए.

source :- ABP news

कश्मीर पर पाक का नया ‘पैंतरा’, इस बीच अमेरिकी सांसदों ने दिया है बड़ा झटका Read More

नाराज अमेरिका ने पाकिस्तान से दो टूक कहा, ‘भारत की NSG सदस्यता का हथियारों से कोई लेना-देना नहीं’

agni-iii_650x400_81429169117‘India’s NSG membership has nothing to do with weapons’
वॉशिंगटन:
भारत के परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) के सदस्य बनने को लेकर पाकिस्तान की ओर से जताए जा रहे विरोध पर स्पष्ट तौर पर नाराजगी जाहिर करते हुए अमेरिका ने कहा है कि भारत का इस समूह का सदस्य बनना हथियारों की दौड़ से जुड़ा नहीं है। यह परमाणु उर्जा के असैन्य इस्तेमाल के बारे में है।

‘… यह उम्मीद करते हैं पाकिस्तान इसे समझेगा’
विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता मार्क टोनर ने अपने संवाददाता सम्मलेन में कहा, ‘यह हथियारों की दौड़ के बारे में और परमाणु हथियारों के बारे में नहीं है। यह परमाणु उर्जा का इस्तेमाल शांतिपूर्ण असैन्य कार्यों में करने के बारे में है। इसलिए हम निश्चित तौर पर यह उम्मीद करते हैं पाकिस्तान इसे समझेगा।’

टोनर दरअसल एनएसजी की सदस्यता के लिए भारत के आवेदन और इसपर पाकिस्तान द्वारा जताए जा रहे विरोध से जुड़े सवालों के जवाब दे रहे थे। पाकिस्तान इस आधार पर विरोध कर रहा है कि भारत को इस समूह की सदस्यता मिलने से क्षेत्र में परमाणु हथियारों की दौड़ को गति मिलेगी।

‘कोई भी देश कर सकता है इस ग्रुप में सदस्यता के लिए आवेदन’
हालांकि अमेरिका 48 देशों वाले एनएसजी की अहम बैठक से पहले सबकुछ अच्छा होने की कामना कर रहा है। टोनर ने कहा, ‘देखिए, मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि राष्ट्रपति बराक ओबामा की वर्ष 2015 में हुई भारत यात्रा के दौरान उन्होंने इस बात की पुष्टि की थी कि अमेरिका मानता है कि भारत मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था की अनिवार्यताओं को पूरा करता है और सदस्यता के लिए तैयार है। लेकिन यह एक सर्वसम्मति वाली संस्था है इसलिए हम इंतजार करेंगे और देखेंगे कि मत किस ओर जाते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘एनएसजी में नए सदस्यों के शामिल होने की संभावनाओं पर चर्चा मौजूदा सदस्यों का आंतरिक मसला है। मुझे लगता है कि वे नियमित रूप से बैठकें करते हैं और इससे आगे मुझे कुछ नहीं कहना है।’

एनएसजी की आगामी बैठक इस उद्देश्य के लिए नहीं रखी गई है। टोनर ने कहा, ‘यह कोई विशेष बैठक नहीं है। मेरा मानना है कि इसे प्रमुख तौर पर इस मुद्दे पर चर्चा के लिए नहीं बुलाया गया है।’ प्रवक्ता ने कहा, ‘पाकिस्तान ने अपनी दिलचस्पी को सार्वजनिक कर दिया है और निश्चित तौर पर कोई भी देश सदस्यता के लिए आवेदन कर सकता है। हम सर्वसम्मति से लिए फैसले के आधार पर गौर करेंगे।’

(इस खबर को दी सन्डे हेड लाइन्स टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)

नाराज अमेरिका ने पाकिस्तान से दो टूक कहा, ‘भारत की NSG सदस्यता का हथियारों से कोई लेना-देना नहीं’ Read More

चीन नेपाल के रास्ते बिहार तक बनाएगा रेल नेटवर्क? इसलिए कर रहा है ऐसी प्लानिंग

china2_1464081392बीजिंग. चीन बिहार तक रेल नेटवर्क डेवलप करने की तैयारी में है। इंडिया और साउथ एशिया से कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए चीन ऐसी कोशिश करने की सोच रहा है। नेपाल में तिब्बत के जरिए चीन पहले ही रेल नेटवर्क बना चुका है। चीन की सरकारी मीडिया में छपी एक रिपोर्ट में इसका जिक्र है।

कैसे नेपाल और बिहार को जोड़ने की सोच रहा है चीन…
– नेपाल के रासुवागधि इलाके में क्रास-बॉर्डर रेलरोड लिंक को लेकर दोनों देशों के बीच पहले ही चर्चा हो चुकी है।
– सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, नेपाल बॉर्डर तक चीन का रेलरोड नेटवर्क 2020 तक पहुंच जाएगा।
– यह रेल लाइन चीन को भारत से रासुवागधि से बीरगंज के जरिए कनेक्ट करेगी, जहां से बिहार का बार्डर केवल 240 किलोमीटर है।

ट्रेड को होगा फायदा?
– आर्टिकल के मुताबिक, अगर ऐसा होता है तो बिहार के जरिए कोलकाता से ट्रेड तेजी से बढ़ेगा।
– इससे वक्त के साथ कास्ट और दूरी भी घटेगी।
– ”चीन से रेलरोड कनेक्शन न केवल नेपाल के लिए अहम है बल्कि नेपालियों के डेवलपमेंट के लिए भी जरूरी है। इससे पूरे साउथ एशिया में कनेक्टिविटी बढ़ेगी। नेपाल सरकार के पास इतिहास बनाने का मौका है।”

– बता दें कि भारत और चीन के बीच करीब 70 बिलियन डॉलर का ट्रेड होता है।
चीन की हो सकती है स्ट्रैटजी
– नेपाल के साथ रेल-रोड कनेक्टिविटी बढ़ाने के पीछे भारत को कमजोर करना भी है।
– नेपाल में भारत के रोल को कम कम करने के लिए चीन इस तरह की प्लानिंग पहले भी कर चुका है।
– इस प्रोजेक्ट पर बात नेपाली प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के बीजिंग दौरे के बाद शुरू हुई।
– वहां दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक रास्‍ते बनाने पर राय बनी।
– नेपाली अफसरों का कहना है कि चीन के साथ बनने वाला नया रूट भारत पर उसकी निर्भरता को कम करेगा।
– भारत फिलहाल नेपाल को माल सप्‍लाई करने वाला इकलौता देश है।
Source : Dainik Bhaskar
चीन नेपाल के रास्ते बिहार तक बनाएगा रेल नेटवर्क? इसलिए कर रहा है ऐसी प्लानिंग Read More

भारत के मिसाइल परीक्षण पर भड़का पाकिस्तान, बोला- अमेरिका कर रहा है मदद

sartaj_aziz_imagenewइस्लामाबाद। पाकिस्तान ने कहा है कि भारत का सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल परीक्षण क्षेत्र में शक्ति संतुलन को बिगाड़ने का काम करेगा और वह मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की योजना बना रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा कि पाकिस्तान इन घटनाक्रमों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी आवाज उठाएगा। रेडियो पाकिस्तान के अनुसार उन्होंने कहा कि भारत के सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल परीक्षण से क्षेत्र में शक्ति संतुलन बिगड़ेगा।

अजीज ने कहा कि पाकिस्तान अपनी रक्षा के प्रति आंख मूंदकर नहीं रहेगा और अपनी रक्षात्मक क्षमताओं को बढ़ाना जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी रक्षा प्रणाली में सुधार के लिए निश्चित तौर पर आधुनिक प्रौद्योगिकी हासिल करेगा। अजीज ने कहा कि भारत को अमेरिका से सहयोग मिल रहा है जो यह सोचता है कि चीन को रोकने के लिए मजबूत भारत अत्यावश्यक है।

भारत द्वारा देश में विकसित सुरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल का परीक्षण किए जाने के एक दिन बाद अजीज की टिप्पणी आई है। भारत की यह इंटरसेप्टर मिसाइल किसी भी हमलावर बैलिस्टिक मिसाइल को आकाश में ही नष्ट कर डालने में सक्षम है।

SOURCE: IBN7

भारत के मिसाइल परीक्षण पर भड़का पाकिस्तान, बोला- अमेरिका कर रहा है मदद Read More

मुस्तफाबाद लाया गया शहीद किरपाल सिंह का शव, शहर में मातम

kirpal~20~04~2016~1461125308_storyimageपाकिस्तान की एक जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए भारतीय कैदी किरपाल सिंह का शव बुधवार को उनके गृहनगर मुस्तफाबाद ले जाया गया। उनके पार्थिव शरीर के वहां पहुंचने पर पूरे शहर में मातम पसर गया।

किरपाल सिंह का परिवार पंजाब में गुरदासपुर के मुस्तफाबाद में रहता है। उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।

किरपाल सिंह के भतीजे ने कहा कि उनके चाचा और सरबजीत दोनों को एक साजिश के तहत मारा गया है।

शव से दिल और अमाशय गायब

इससे पहले मंगलवार को किरपाल सिंह का शव अटारी सीमा पर लाया गया और उसे भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। शव से दिल और अमाशय (पेट) जैसे अंग गायब थे।

अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ बीएस बल ने किरपाल सिंह के शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद संवाददाताओं से कहा कि पोस्टमार्टम जांच में पाया गया कि उसका दिल और पेट गायब था। हालांकि शव पर किसी तरह की अंदरूनी या बाहरी चोट नहीं पाई गई।

बल ने कहा कि  ब हम उसके गुर्दे, लीवर और इन दोनों अंगों के नमूने प्रयोगशाला की जांच के लिए अमृतसर से बाहर भेजेंगे ताकि उसकी मौत से जु़ड़े और तथ्यों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान पाया गया कि पाकिस्तान ने पोस्टमार्टम के दौरान गुर्दे और लीवर का कोई नमूना नहीं लिया था जो मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए जरूरी है। बल ने कहा कि पाकिस्तान ने अभी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं भेजी है।

इससे पहले दिन में किरपाल का शव उसके परिवार वालों की मौजूदगी में यहां लाया गया। किरपाल की बहन जागीर कौर सहित उनके परिजन, पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुलजार सिंह रानिके और अमृतसर के उपायुक्त वरुण रूजम के अलावा कई अन्य आला अधिकारी शव लेने के लिए वाघा सीमा की संयुक्त जांच चौकी पर मौजूद थे।

एक अन्य भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर भी वहां मौजूद थीं। गौरतलब है कि मई 2013 में पाकिस्तान की ही एक जेल में सरबजीत की मौत हुई थी। किरपाल सिंह कथित तौर पर 1992 में वाघा सीमा पार कर पाकिस्तान चले गए थे और वहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

बाद में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सीरियल बम धमाकों के एक मामले में किरपाल को मौत की सजा सुनाई गई थी। लाहौर की कोट लखपत जेल में पिछले सोमवार को किरपाल मृत पाए गए थे।

खबरों के मुताबिक, गुरदासपुर के रहने वाले किरपाल को बम धमाकों के मामले में लाहौर हाई कोर्ट ने बरी कर दिया था लेकिन अज्ञात कारणों से उनकी मौत की सजा माफ नहीं कराई जा सकी थी।

 

मुस्तफाबाद लाया गया शहीद किरपाल सिंह का शव, शहर में मातम Read More

दिल्ली में आग से करीब 80 झुग्गियां खाक, 300 लोग बेघर हुए

delhi-slum_650x400_71460807409नई दिल्ली: शनिवार को दिल्ली में सैनिक नगर के नजदीक झुग्गियों में भीषण आग लग गई। लोगों के मुताबिक आग कबाड़ में लगी और देखते ही देखते करीब 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। बड़ी मुश्किल से फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस हादसे में कोई घायल तो नहीं हुआ, लेकिन करीब 300 लोग बेघर हो गए।

यहां रहने वाले ज़्यादातर लोग बिहार से हैं और कबाड़ का धंधा करते हैं। आग लगने के कारणों की जांच जारी है। दिल्ली सरकार ने बेघर हुए लोगों की मदद करने का भरोसा दिया है। इस साल गर्मी की शुरुआत होते ही झुग्गियों में आग लगने की यह पहली घटना है। आगे गर्मी का प्रकोप बढ़ने पर इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे।

Source : NDTV

दिल्ली में आग से करीब 80 झुग्गियां खाक, 300 लोग बेघर हुए Read More