Abhinandan Delhi police

‘अभिनंदन’ मूंछों के फैन थे रतन लाल, अधूरा रह गया बच्चों से किया यह वादा

  • CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा, हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल की मौत
  • रतन लाल की मौत के बाद परिवार में कोहराम, मां को अबतक नहीं दी गई बेटे की मौत की जानकारी
  • हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के बड़े फैन थे, वैसे ही रखते थे मूंछें
  • राजस्थान के सीकर में एक सामान्य परिवार में जन्मे रतन लाल अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे

नई दिल्ली
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध एक भयावह शक्ल में तब्दील हो चुका है। दिल्ली में फिर से गाड़ियां फूंकी गईं, पत्थरबाजी की गई, लाठीचार्ज हुआ और हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल की जान चली गई। मौत के बाद रतन लाल की जिंदगी के तमाम किस्से, बच्चों से वादे, उनका घर-परिवार सब एक लंबी खामोशी में डूब गया है। वैसे पता है आपको जांबाज रतन विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के ‘जबरा’ फैन थे।
पिछले वर्ष 27 फरवरी को हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल अपने साथियों और वरिष्ठ लोगों के साथ अपनी मूंछों को लेकर बातचीत कर रहे थे। जिक्र इस बात का था कि रतन लाल की मूछें विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान की तरह हैं। वही अभिनंदन, जिन्होंने पाकिस्तान का एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराया था। ठीक एक साल बाद 42 वर्षीय पुलिसकर्मी रतन लाल की नॉर्थईस्ट दिल्ली में दंगाइयों को अदम्य साहस से रोकने का प्रयास करते हुए जान चली गई। रतन लाल ने वर्ष 1998 में बतौर कॉन्स्टेबल दिल्ली पुलिस को जॉइन किया था।

 

‘ रतन लाल थे जांबाज ‘
लाल वर्तमान में गोकुलपुरी में तैनात थे। इस घटना में एसीपी भी जख्मी हो गए हैं। रतन लाल को उनके साहस के लिए जाना जाता था। वह गोकुलपुरी पुलिस की ओर से की गईं कई छापेमारी का हिस्सा भी रहे। लाल कुछ वर्षों से अडिशनल डीसीपी ब्रजेंद्र यादव को रिपोर्ट कर रहे थे। ब्रजेंद्र कहते हैं, ‘रतन एक ऐसा पुलिसकर्मी थे, जो सकारात्मकता के साथ-साथ ऊर्जा से भरे हुए रहते थे।’

अबतक मां को नहीं दी गई ख़बर
राजस्थान के सीकर में एक सामान्य परिवार में जन्मे रतन लाल अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों (दो बेटियां- उम्र 11 और 12 साल, एक आठ वर्षीय बेटा) के साथ नॉर्थ दिल्ली के बुराड़ी में रहते थे। उन्होंने अपने बच्चों से वादा किया था कि इस बार वे सभी अपने गांव टीहावाली में होली मनाएंगे। महज दस दिन पहले बच्चों ने अपना पिता खो दिया। बेटे की मौत की ख़बर अबतक मां को नहीं दी गई है।

‘…और बंद कर दी गई टीवी’
परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘मेरे रिश्तेदार ने हमें मौत की सूचना दी। हमने तुरंत टीवी बंद कर दी ताकि मां कुछ भी न देख सकें। वह जानती हैं कि हम उनसे कुछ छिपा रहे हैं क्योंकि आमतौर पर जितने लोग हमसे मिलने आते हैं, उससे ज्यादा लोग इस दौरान मुलाकात के लिए आ रहे हैं।वह नहीं जानतीं कि सोशल मीडिया का कैसे इस्तेमाल किया जाता है तो उन्हें ऑनलाइन भी अबतक मौत की सूचना नहीं मिल सकी है।’

‘एक माह पहले आए थे गांव’
रतन के छोटे भाई दिनेश कहते हैं, ‘वह एक देशभक्त थे। वह हमेशा इस वर्दी के लिए खुद को कुर्बान करना चाहते थे। उनमें अपार धैर्य था। हमने उन्हें कभी चीखते या लोगों पर चिल्लाते हुए नहीं सुना था। एक महीने पहले जब एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी तभी वह गांव आए थे।’

 

‘अभिनंदन’ मूंछों के फैन थे रतन लाल, अधूरा रह गया बच्चों से किया यह वादा Read More
gold price today

Gold Price Today:सोने की कीमत में आज आई बड़ी गिरावट, जानें अब कितना है दाम

  • मंगलवार को गोल्ड की कीमत में आई बड़ी गिरावट
  • एमसीएक्स वायदा पर गोल्ड का दाम 2.5 फीसदी टूटा
  • 43 हजार से नीचे गई 10 ग्राम सोने की कीमत
  • सोमवार को सोना रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था

लगातार 5 दिन नई ऊंचाई हासिल करने के बाद मंगलवार को सोने पर दबाव देखने को मिल रहा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गोल्ड का दाम 2.5 फीसदी टूट गया और यह 43 हजार से नीचे फिसल गया. हालांकि, कोरोना वायरस को लेकर चिंता बरकरार है जिससे कीमतों को निचले स्तर पर सपोर्ट दिख रहा है.

क्यों टूटा सोना

वैश्विक हाजिर बाजार में सोने में नरमी के बाद भारतीय बाजार में भी सोने पर दबाव बना. इसके पहले सोमवार को सोना सात साल के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच गया था. एमसीएक्स पर सोने का अप्रैल फ्यूचर कारोबार 1025 रुपये टूटकर 42,555 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.

सोमवार को हुई थी अच्छी बढ़त

चीन के बाहर कोरोना वायरस फैलने से ग्लोबल इकोनॉमी में स्लोडाउन की आशंका बढ़ गई है. इसकी वजह से निवेशक सोने में निवेश करना सुरक्ष‍ित दांव समझ रहे हैं. सोमवार को दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 44,600 रुपये पर पहुंच गया था. अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोना 1 फीसदी टूटते हुए 1,642.89 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया.  पिछले छह कारोबारी सत्र में अप्रैल फ्यूचर में सोना 2300 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चढ़ गया था.

चांदी भी टूटा
चांदी की कीमतों में भी मंगलवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. एमसीएक्स एक्सचेंज पर मंगलवार सुबह पांच मार्च 2020 का चांदी का वायदा भाव 1.87 या 925 रुपये की गिरावट के साथ 48,480 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेंड कर रहा था. 

भारत है सबसे बड़ा आयातक

गौरतलब है कि भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा आयातक है. भारत में मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश का सालाना स्वर्ण आयात 800-900 टन है. वहीं मूल्य के आधार पर देश का गोल्‍ड आयात करीब 33 अरब डॉलर का है. ये आंकड़ा साल 2018-19 का है.

इससे एक साल पहले 2017 में देश का गोल्‍ड आयात 3 फीसदी अधिक यानी करीब 34 अरब डॉलर रहा था.  वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने जुलाई 2019 में वित्त वर्ष 2019-20 का पूर्ण बजट पेश करते हुए सोने पर आयात शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी करने की घोषणा की थी, जिसके बाद देश में सोने का आयात महंगा हो गया. यही वजह है कि सोने के आयात में गिरावट आई.

Gold Price Today:सोने की कीमत में आज आई बड़ी गिरावट, जानें अब कितना है दाम Read More
Modi and trump

डिफेंस डील डन-ट्रेड डील पर बात शुरू, पढ़ें साझा बयान में क्या बोले मोदी-ट्रंप

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप का साझा बयान
  • भारत-अमेरिका में डिफेंस डील पर लगी मुहर
  • ट्रेड डील पर बातचीत शुरू करेंगे भारत-US
  • आज खत्म होगा डोनाल्ड ट्रंप का भारत दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस बैठक के बाद दोनों नेताओं ने साझा बयान भी जारी किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने ऐलान किया कि भारत और अमेरिका के बीच 3 बिलियन डॉलर की डील हो गई है, जिसके तहत 24 रोमियो हेलिकॉप्टर खरीदे जाएंगे. डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने साझा बयान में क्या कहा, यहां पढ़ें…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बयान में कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके डेलिगेशन का भारत में हार्दिक स्वागत है. मुझे विशेष खुशी है कि इस यात्रा पर वो अपने परिवार के साथ आए हैं, पिछले 8 महीने में मेरी और ट्रंप की ये पांचवीं मुलाकात है. पीएम मोदी ने कहा कि मोटेरा स्टेडियम में डोनाल्ड ट्रंप का ऐतिहासिक स्वागत हुआ.

बयान में पीएम ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच संबंध दो सरकार नहीं बल्कि लोगों के बीच हैं. ये संबंध 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने का काम करेंगे. दोनों देशों के संबंध को आगे बढ़ाने में डोनाल्ड ट्रंप का शानदार प्रयास रहा है. पीएम मोदी बोले कि हम दोनों आज डिफेंस, सुरक्षा, एनर्जी, टेक्नोलॉजी, ट्रेड जैसे सभी मसलों पर चर्चा की.

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे डिफेंस मैन्युफैक्चर एक दूसरे की सप्लाई चेन का हिस्सा बन रहे हैं, भारतीय फोर्स आज दुनिया में सबसे अधिक अमेरिका के साथ ही ट्रेनिंग एक्सरसाइज़ कर रही है. पिछले कुछ साल में हमारी सेना के बीच कई समझौते भी हुए हैं.

‘ट्रे़ड डील पर जल्द बनेगी बात’

ट्रंप के साथ साझा प्रेस वार्ता के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अमेरिका के साथ होमलैंड सुरक्षा पर निर्णय हुआ है, आतंक के समर्थकों को हराने के लिए हमने अपने प्रयासों को बढ़ाने का निर्णय किया है. प्रेसिडेंट ट्रंप ने इस दौरान ड्रग्स से लड़ाई पर प्राथमिकता दी है, इस मसले पर दोनों देशों के बीच चर्चा भी हुई है.

पीएम मोदी बोले कि तेल, गैस के लिए अमेरिका भारत का साथी है. टेक्नोलॉजी के मसले में भी भारत और अमेरिका एक साथ आगे बढ़ रहे हैं. दोनों देश बैलेंस ट्रेड के लिए प्रतिबद्ध हैं और द्विपक्षीय वार्ता को संतुलन करने पर सहमत हैं. प्रधानमंत्री ने यहां कहा कि ट्रेड डील के मसले पर दोनों देश बात करेंगे और कॉमर्स मिनिस्टर लीगल रूप से आगे बढ़ेंगें.

‘आतंकवाद के खिलाफ साथ लड़ेंगे भारत-US’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह भारत आने के न्योते के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हैं, मेलानिया और मैं भारत के स्वागत से अभिभूत हैं. मैंने और मेलानिया ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और ताजमहल को भी देखा. ट्रंप ने कहा कि मेरा ये दौरा काफी शानदार रहा और दोनों देश डिफेंस डील करने पर सहमत हुए हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यहां कहा कि दोनों देशों का फोकस अपने नागरिकों को इस्लामिक आतंकवाद से बचाने का है और दोनों देश इसके लिए एक साथ काम करेंगे. हमारे देश की सेना आज एक साथ अभ्यास कर रही हैं, जो दोनों देशों को लाभ पहुंचाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति बोले कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ बात कर रहा है और आतंकवाद के खिलाफ एक्शन लेने के लिए दबाव बना रहा है.

डोनाल्ड ट्रंप बोले कि हमारे देश लोकतंत्र, संविधान और लोगों के हितों को बचाने के लिए जानी जाती हैं. अमेरिका और भारत दोनों ही ट्रेड डील पर बात को तैयार हैं और इसपर जल्द ही फैसला होगा. डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि भारत-अमेरिका के बीच 3 बिलियन डॉलर की डिफेंस डील होगी.

डिफेंस डील डन-ट्रेड डील पर बात शुरू, पढ़ें साझा बयान में क्या बोले मोदी-ट्रंप Read More
Trump and his wife at taj mahal

ताजमहल में ट्रंप ने इस भारतीय से पूछे 7 सवाल, खुश होकर दिया खास तोहफा

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने आगरा में ताज की यात्रा के दौरान एक शख्स को तोहफा दिया. यह तोहफा बेहद खास था. इसमें डोनाल्ड ट्रंप का नाम खुदा हुआ था. साथ व्हाइट हाउस का लोगो बना हुआ था. यह तोहफा इसलिए दिया गया क्योंकि ट्रंप ने इस आदमी से सात सवाल पूछे और उन्हें सारे सवालों के सही जवाब मिले.

Trump and his wife at taj mahal

डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को आगरा के ताजमहल घूमने गए थे. इस दौरान उनके जेहन में कई सवाल थे. उन्होंने अपने गाइड नितिन सिंह से ये सातों सवाल पूछे. नितिन ने उन्हें सातों सवालों के सही जवाब दिए. इसके बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह को एक खास तोहफा दिया. 

Guide and donald trump and his wife

डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह से पूरे ताज की यात्रा के दौरान सात सवाल पूछे. ये सवाल थे – ताजमहल किसने बनवाया था? इसे बनाने वाले कलाकार कहां से आए? शाहजहां को कहां कैद किया गया था? ताज में लगा संगमरमर कहां से आया था? अब तक ताजमहल में क्या-क्या बदला गया है? वाटर चैनल शाहजहां के समय के हैं या बाद में बने हैं?  तहखाने में बनी कब्रें पहले बनीं या फिर बाद में?

Trump and his wife with guide

नितिन सिंह ने सभी सवालों के जवाब बेहद शालीनता से विस्तृत तरीके से बताए. इसके बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह को एक स्मृति चिन्ह तोहफे में दिया. इस चिन्ह पर सील का निशान बना है. डोनाल्ड ट्रंप का नाम और संयुक्त राज्य अमेरिका का लोगो छपा हुआ है.

ट्रंप ने पूछा कि ताज पर ये पेंटिंग क्या है. नितिन ने बताया कि ये पेंटिंग नहीं, इसे पच्चीकारी कहते हैं. यानी संगमरमर पर बहुमूल्य नगीने जड़े हुए हैं.

Trump guide gifr

ट्रंप ने नितिन ने पूछा कि तहखाने में बनी असली कब्रों और ऊपर बनी कब्रों की क्या कहानी है. तब नितिन ने उन्हें बताया कि इस्लाम में कब्रों के सजाने की इजाजत नहीं है. इसलिए शाहजहां ने ऊपर अलग से सजावटी कब्रों की प्रतिकृति बनवाई थी. 

ट्रंप को नितिन ने बताया कि ताजमहल में वाटर चैनल साइफन सिस्टम से चलता है और ये ताजमहल के बनने के समय से ही बना हुआ है. इसके कारीगर पूरी दुनिया से बुलवाए गए थे.

नितिन ने ट्रंप को बताया कि ताज के संगमरमर मकराना और काले पत्थर साउथ इंडिया से मंगवाए गए थे. ताज के दोहरे गुंबद, उसमें गूंजती आवाज, शाही मस्जिद व मेहमानखाने के बारे में भी ट्रंप ने जानकारी ली.

ट्रंप को नितिन ने ताजमहल के बनने की पूरी कहानी तारीख के हिसाब से सुनाई. शाहजहां और मुमताज महल की मोहब्बत की कहानियां भी सुनाई.

 

 

ताजमहल में ट्रंप ने इस भारतीय से पूछे 7 सवाल, खुश होकर दिया खास तोहफा Read More
Gas cylinder

गैस के दाम बढ़े तो उज्ज्वला योजना के 25% लाभार्थियों ने दोबारा सिलेंडर नहीं भरवाया: एसबीआई रिसर्च

  • बिना सब्सिडी का एलपीजी सिलेंडर 6 महीने में 284 रु. महंगा हुआ
  • आर्थिक संकट की वजह से सिलेंडर की रिफिलिंग में मुश्किल हो रही

एलपीजी की बढ़ती कीमतें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को लकड़ी, कोयला जैसे अशुद्ध ईंधन के इस्तेमाल के लिए मजबूर कर रही हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 25% ग्राहकों ने दोबारा कभी सिलेंडर नहीं भरवाया। यह खुलासा एसबीआई रिसर्च की हालिया रिपोर्ट इकोप्रैप में हुआ है।

इसके मुताबिक, दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत अगस्त 2019 के 575 रुपए प्रति सिलेंडर से बढ़कर फरवरी 2020 में 859 रुपए हो गई है। यानी महज 6 महीने में 284 रुपए महंगी। रिसर्च के दौरान दिसंबर 2018 तक बांटे गए 5.92 करोड़ कनेक्शनों और 03 जून, 2019 तक रिफिल किए गए सिलेंडर के राज्य-वार डेटा का विश्लेषण किया गया।

बोझ झेलने की क्षमता अभी भी समस्या

पीएमयूवाई ने देशभर में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता की समस्या को तो हल कर दिया है, लेकिन इसका बोझ झेलने की क्षमता अभी भी समस्या बनी हुई है। इस समस्या को सुलझाने के लिए एसबीआई रिसर्च ने कई उपाय भी सुझाए हैं, जिनमें चुनिंदा परिवारों को हर साल 4 मुफ्त सिलेंडर देने समेत ये सुझाव भी हैं-

  • 4 करोड़ पात्र हैं, तो सालाना 12,800 करोड़ रु. का बोझ पड़ेगा।
  • सब्सिडी वाले सिलेंडरों की सालाना संख्या 12 से घटाकर 9 कर सकते हैं। यह पर्याप्त है।

57% ने 3 या ज्यादा बार रिफिल करवाया 

रिफिल लाभार्थी
कभी नहीं 24.6%
1-2 बार 17.9%
3 बार 11.7%
4 या अधिक 45.8%
गैस के दाम बढ़े तो उज्ज्वला योजना के 25% लाभार्थियों ने दोबारा सिलेंडर नहीं भरवाया: एसबीआई रिसर्च Read More
uddhav thackeray and modi

महाराष्ट्रः शपथ ग्रहण के बाद पहली बार ‘बड़े भाई’ मोदी से मिले उद्धव ठाकरे

महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने शपथ लेने के बाद पहली बार पीएम नरेंद्र से शुक्रवार को दिल्ली स्थित उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उद्धव के बेटे और राज्य के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद उद्धव ने मीडिया को संबोधित किया और बताया कि पीएम मोदी से महाराष्ट्र के मुद्दों के अलावा सीएए, एनपीआर और एनआरसी को लेकर चर्चा हुई। महाराष्ट्र सीएम ने कहा कि बैठक में पीएम मोदी ने बताया कि देशवासियों को सीएए से डरने की आवश्यकता नहीं है।

सीएए से डरने की नहीं जरूरत, एनआरसी सिर्फ असम में
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना सेना संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी उद्धव के साथ मौजूद थे। उद्धव ने बताया कि पीएम मोदी के साथ बैठक बेहद लाभदायी रही। महाराष्ट्र सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया है कि सीएए से किसी को डरने की जरूरत नहीं है और संसद में केंद्र ने स्पष्ट किया है कि एनआरसी पूरे देश में लागू नहीं होगी। उन्होंने कहा, ‘ एनपीआर, एनआरसी और सीएए पर भी पीएम मोदी से चर्चा हुई। सामना के माध्यम से शिवसेना ने अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी थी। सीएए पड़ोसी देशों के पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने का कानून नहीं है। एनआरसी को लेकर केंद्र ने भूमिका स्पष्ट की यह पूरे देश में नहीं है और असम में चलेगा।’

एनपीआर से नहीं छिनेगा अधिकार
उद्धव ने एनपीआर को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘एनपीआर में किसी को घर से नहीं निकाला जाएगा। यह वैसे ही जैसे हर 10 साल पर जनगणना होती है।अगर हमें लगा कि एनपीआर खतरनाक है तो बात होगी। मैंने राज्य की जनता से कहा है कि किसी का भी अधिकार नहीं छीनने दिया जाएगा।’

शाहीनबाग में लोगों को भड़काया जा रहा
उद्धव ठाकरे ने दिल्ली के शाहीनबाग में 2 महीने से ज्यादा वक्त से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन पर कहा कि वहां लोगों को भड़काया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘वहां लोगों से मिलने की जरूरत है। विरोध क्यों कर रहे हैं पहले यह स्पष्ट होना चाहिए। नेताओं को समझने की जरूरत होती है।’ वहीं, जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि आपके मुताबिक शाहीनबाग में लोगों को भड़काया जा रहा है, जबकि आपके सहयोगी कांग्रेस के नेता भी वहां पहुंचे हैं, आपको क्या लगता है कौन भड़का रहा है? इस सवाल पर बचते हुए उद्धव ने कहा, ‘मुझे नहीं पता, मैं दिल्ली में नहीं रहता।’

उल्लेखनीय है कि सीएम पद की शपथ लेने के बाद ठाकरे ने कहा था कि वह ‘बड़े भाई’ नरेंद्र मोदी से मिलने दिल्ली पहुंचेंगे। ठाकरे के ऑफिस ने मुलाकात के बाद तस्वीरें शेयर कर ट्वीट किया, ‘उद्धव बालासाहेब ठाकरे ने दिल्ली में पीएम से आज शिष्टाचार मुलाकात की।’ अक्टूबर 2019 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी के रूप में उभरने के बाद भी सरकार नहीं बना पाई थी। सीएम पद को लेकर पूर्व सहयोगी शिवसेना से सहमति न बन पाने के कारण उसे सत्ता से दूर रहना पड़ा। बाद में शिवसेना ने एनसीपी और कांग्रेस के सहयोग से सरकार बनाई। इस दौरान बीजेपी और शिवसेना नेताओं के बीच वाकयुद्ध देखने को भी मिला। शिवसेना और बीजेपी के राजनीतिक संबंध चाहे जैसे भी रहे हों, लेकिन पीएम मोदी और उद्धव ठाकरे के आपसी रिश्ते अच्छे बताए जाते हैं।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, उद्धव गृह कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। इसके अतिरिक्त वह गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के वयोवृद्ध नेता एल के आडवाणी से भी मिलेंगे।

महाराष्ट्रः शपथ ग्रहण के बाद पहली बार ‘बड़े भाई’ मोदी से मिले उद्धव ठाकरे Read More
Donald trump with car

डोनाल्ड ट्रंप को मानना पड़ेगा सुप्रीम कोर्ट का आदेश, अपनी कार से ताजमहल तक नहीं जा सकेंगे

उत्तर प्रदेश के प्रशासन ने अमेरिकी सीक्रेट सर्विस से कहा है कि ताजमहल के पास तक जाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी कार ‘द बीस्ट’ का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे.

दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका (America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) दो दिन के भारत दौरे पर आने वाले हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत में पहुंचने से पहले ही उनकी विशेष गाड़ियों का फ्लीट आगरा (Agra) पहुंच चुका है. इन गाड़ियों में डोनाल्ड ट्रंप की विशेष कार ‘द बीस्ट’ भी शामिल है. भारत यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ मोहब्बत की निशानी ताजमहल भी देखने जाएंगे. ताजमहल में इसकी तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं. इन सबके बीच अब खबर आ रही है कि डोनाल्ड ट्रंप अपनी गाड़ी से ताजमहल के पास तक नहीं जा सकेंगे. इसके लिए उन्हें अलग से इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल करना होगा.

उत्तर प्रदेश के प्रशासन ने अमेरिकी सीक्रेट सर्विस से कहा है कि ताजमहल के पास तक जाने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी कार ‘द बीस्ट’ का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे. खास बात ये है कि डोनाल्ड ट्रंप को ताजमहल का दीदार करने के लिए ई-व्हीकल से जाना होगा. इन ई-व्हीकल के बारे में US सीक्रेट सर्विस को जानकारी दे दी गई है और उनकी जांच भी पूरी कर ली गई है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कार ‘द बीस्ट’ को ताजमहल तक न जाने के पीछे उत्तर प्रदेश प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला दिया है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक किसी भी ऐतिहासिक स्मारक के 500 मीटर के दायरे में कोई भी वाहन नहीं जा सकता है. लगातार बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक इमारतों के लिए यह आदेश जारी किया था.

दो दिनों के लिए भारत का है दौरा
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत के दौरे पर अगले सप्ताह आने वाले हैं. उनके आगमन से पहले पूरी तैयारियां की जा रही हैं. जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप 24 और 25 फरवरी को यहां आने वाले हैं. दो दिवसीय दौरे के दौरान वो 34 घंटों तक देश में रहेंगे.

 

डोनाल्ड ट्रंप को मानना पड़ेगा सुप्रीम कोर्ट का आदेश, अपनी कार से ताजमहल तक नहीं जा सकेंगे Read More

भोपाल झील में पलटी IPS अफसरों से भरी नाव, DGP की पत्नी भी थीं सवार

भोपाल की बड़ी झील में हुए इस हादसे में सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. डीजीपी विजय कुमार सिंह की पत्नी भी नाव में मौजूद थीं.

  • परिजनों के साथ आईपीएस अफसर थे सवार
  • आस-पास के नावों ने सबको सुरक्षित बचाया

आईपीएस सर्विस मीट के दौरान भोपाल की बड़ी झील में नाव पलट गई. नाव में कुछ आईपीएस अफसर और उनके परिजन मौदू थे. मध्यप्रदेश के डीजीपी विजय कुमार सिंह की पत्नी भी नाव में मौजूद थीं. वाटर स्पोर्ट्स के दौरान यह घटना हुई. नाव पलटते ही आसपास मौजूद दूसरी नावों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

पुलिस वेलफेयर के एडीजी विजय कटारिया ने बताया कि नाव में मौजूद सभी लोगों ने लाइफ जैकेट्स पहनी थी, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ. हर बार आईएएस और आईपीएस मीट में अधिकारी वाटर स्पोर्ट्स में हिस्सा लेते हैं, जिसमें सुरक्षा के लिहाज से लाइफ जैकेट्स और सेफ्टी बोट तैनात रहती.

आईपीएस मीट के पहले दिन क्रिकेट मैच

भोपाल में आईपीएस मीट 2020 चल रहा है. इसके पहले दिन पुलिस अधिकारियों ने अपने परिवार के साथ मौज मस्ती की. पहले दिन सुबह मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आईपीएस अधिकारियों के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ. डीजीपी वीके सिंह और एडीजी डी श्रीनिवास राव की टीम के बीच मैच खेला गया. इस मैच में आईजी योगेश चौधरी ‘मैन ऑफ द मैच’ बने

जमकर नाचे आईपीएस अफसर

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि पुलिस को आज तक लोगों को नचाते हुए देखा है. लेकिन नाचते हुए पहली बार देखा है. इस दौरान प्रदेशभर के चुनिंदा आईपीएस अधिकारियों ने ग्रुप डांस किया. सर्वश्रेष्ठ डांस मूव्स के लिए अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया.

सांस्कृतिक कार्यक्रम के विनर

प्रथम- जबलपुर जोन

द्वितीय- भोपाल जोन

तृतीय- इंदौर-उज्जैन जोन

चतुर्थ- ग्वालियर-चंबल

बनाई गई चार अलग-अलग जोन की टीमें

आईपीएस सर्विस मीट 2020 के लिए चार अलग-अलग जोन की टीमें बनाई गई हैं, जो मालवा जोन (उज्जैन, इंदौर), महाकौशल जोन (रीवा, जबलपुर और सागर), चंबल जोन (ग्वालियर-चंबल), भोपाल जोन (भोपाल, पीएचक्यू और होशंगाबाद) हैं.

भोपाल झील में पलटी IPS अफसरों से भरी नाव, DGP की पत्नी भी थीं सवार Read More
Parking Jugaad

Parking jugaad: छोटी जगह पर कार पार्किंग के लिए बनाया स्पेशल जाल, इससे कहीं भी आसानी है कार होती है पार्क

ट्विटर पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कार को लोहे के जाल पर रखकर पार्क करते हुए दिखाया जा रहा है। वीडियो इतना रोचक है कि इसे आनंद महिंद्रा ने भी शेयर किया है।

दरअसल, कार का पार्किंग एरिया इतना छोटा है कि यहां पर कार पार्क करना लगभग नामुमिकन था। इसी वजह से इसके लिए स्पेशल जाल तैयार किया गया। इस जाल के नीचे पहिए लगे हैं, जिससे इस जाल को आसानी से मूव किया जाता है। कार पार्किंग के लिए पहले जाल को लॉक किया जाता है, फिर कार इसके ऊपर चढ़ाई जाती है। बाद में इसे धक्का देकर कोने में खिसका दिया जाता है। कार फोर्ड कंपनी की फिगो है, जिसका नंबर PB36F9767 है।

 

Parking jugaad: छोटी जगह पर कार पार्किंग के लिए बनाया स्पेशल जाल, इससे कहीं भी आसानी है कार होती है पार्क Read More
Sarkari jobs

Sarkari Naukri 2020: इन सरकारी विभागों में बंपर नौकरियां, आवेदन के लिए यहां जानें डिटेल्स

Sarkari Naukri 2020 Updates: बहुत सारे युवाओं को सरकारी नौकरी पाने की हसरत होती है. अच्छी बात यह है कि 10वीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट्स तक के उम्मीदवारों के लिए देश में सरकारी नौकरियों (Govegnment Jobs) की कमी नहीं है. आप अपनी योग्यता के मुताबिक इन नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते हैं. यहां हम आपको एयर इंडिया, रेलवे, हाई कोर्ट, राजस्थान पटवारी के पदों समेत विभिन्न विभागों में नौकरियों (Sarkari Naukri) की जानकारी दे रहे हैं. साथ ही सलाह देते हैं कि नौकरियों से जुड़ी डिटेल्स संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर क्रॉस चेक जरूर करें.

MP High Court Recruitment 2020: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सहायक लाइब्रेरियन (Assistant Librarian) के पदों पर वैकेंसी निकाली हैं. इन पदों पर 18 से 35 साल के बीच आयु वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. बता दें कि आवेदन की अंतिम तिथि 3 अप्रैल, 2020 है. इन पदों पर लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर चयन किया जाएगा. परीक्षा की तारीख 28 अप्रैल निर्धारित की गई है. चयनित उम्मीदवार की नियुक्ति जबलपुर में होगी. इन नौकरियों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

DSSSB Recruitment 2020:  दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने जूनियर स्टेनोग्राफर, जूनियर असिस्टेंट समेत कई पदों पर भर्तियां निकाली हैं. इन पदों पर 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. फीस की बात करें तो इन पदों पर आवेदन के लिए सामान्य यानी जनरल कैटेगरी के अभ्यर्थियों को 100 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा. इसके अलावा महिलाओं और SC/ST श्रेणी के उम्मीदवारों को कोई फीस नहीं देनी होगी. बता दें कि इन पदों पर आवेदन के लिए बस हफ्ते भर का समय बाकी है. दरअसल, इन पदों पर आवेदन की आखिरी तारीख 27 फरवरी 2020 है.

रेलवे में 570 पदों पर निकली नौकरी, जानें- कैसे करें अप्लाई

West Central Railway 2020: पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) ने ट्रेड अप्रेंटिस के तहत फिटर, वायरमैन और  इलेक्ट्रीशियन समेत 570 पदों पर भर्तियां निकाली हैं. योग्यता की बात करें तो इन पदों पर10वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. इन पदों पर आवेदन के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से 50 फीसदी अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है. इसके अवाला संबंधित ट्रेड में आईटीआई (Affilated to NCTV/SCVT) पास भी आवेदन कर सकते हैं. इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम उम्र 24 साल निर्धारित की गई है. बता दें कि इन पदों पर 15 मार्च तक आवेदन की अंतिम तिथि 15 मार्च 2020 है. संबंधित नौकरी से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

एयर इंडिया में सुपरवाइजर के पदों पर निकली वैकेंसी, ऐसे करें आवेदन

Air India Supervisor Recruitment 2020: एयर इंडिया में नौकरी करने के इच्छुक हैं, तो आपके लिए शानदार मौका है. 51 सुपरवाइजर के पदों पर आवेदन मांगे गए हैं. आवेदन करने आखिरी तारीख 4 मार्च 2020 है.  इन पदों पर चुने गए उम्मीदवारों को 22,371 रुपये प्रति महीने सैलरी दी जाएगी. शैक्षिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार ने किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से ग्रेजुएट हो. इसके साथ ही हिंदी- इंग्लिश दोनों भाषा बोल सकता हो.

 

राजस्थान में पटवारी के पदों पर आवेदन का आखिरी मौका

Rajasthan Patwari Recruitment 2020: राजस्थान में पटवारी के पदों पर निकलीं नौकरियों के लिए ऑनलाइन आवेदन का आज आखिरी मौका है. इन पदों पर आवेदन की अंतिम तिथि 19 फरवरी 2020 है. राजस्थान (RSMSSB) में पटवारी के पदों पर निकली वैकेंसी के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए. आवेदन शुल्क की बात करें तो इन पदों के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 450 रुपये, ओबीसी के लिए 350 रुपये और SC/ST श्रेणी के अभ्यर्थियों को 250 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा.

 

Sarkari Naukri 2020: इन सरकारी विभागों में बंपर नौकरियां, आवेदन के लिए यहां जानें डिटेल्स Read More