redmi-k30-pro-global

Redmi K30 Pro का टीजर हुआ जारी, फुल-स्क्रीन डिस्प्ले के साथ जल्द होगा लॉन्च

Xiaomi के अपकमिंग स्मार्टफोन Redmi K30 Pro को लेकर अभी तक कई लीक्स व खुलासे सामने आ चुके हैं। वहीं Redmi K30 Pro के लॉन्च से पहले कंपनी ने हाल ही में Redmi K20 Pro को बंद करने की घोषणा की है, जिसके बाद यह स्मार्टफोन अब चीन में सेल के लिए उपलब्ध नहीं होगा। हालांकि भारतीय बाजार में Redmi K20 Pro की सेल जारी रहेगी। वहीं अब कंपनी ने एक टीजर के जरिए अपने अपकमिंग स्मार्टफोन Redmi K30 Pro के डिस्प्ले फीचर का खुलासा किया है। जिसके अनुसार फोन में फुल स्क्रीन डिजाइन डिस्प्ले दिया जाएगा।

weibo पर जारी किए गए पोस्टर में Redmi K30 Pro का डिस्प्ले दिखाया गया है, जिससे स्पष्ट होता है कि कंपनी इस फोन को फुल स्क्रीन डिस्प्ले डिजाइन के साथ पेश करेगी। वहीं कंपनी ने एक पोस्ट के जरिए यह ही बताया है कि अपक​मिंग स्मार्टफोन Redmi K30 Pro को Qualcomm Snapdragon 865 चिपसेट पर पेश​ किया जाएगा। हालांकि पोस्टर में फोन के अन्य फीचर्स के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन लीक्स के अनुसार फोन में अंडर डिस्प्ले कैमरा तकनीक का उपयोग किया जा सकता है।

पिछले दिनों Redmi K30 Pro स्मार्टफोन 3C सर्टिफिकेशन साइट पर लिस्ट हुआ था जहां दी गई जानकारी के अनुसार फोन में 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया जाएगा। साथ ही पावर बैकअप के लिए इसमें 4,700mAh की बैटरी उपलब्ध होगी। फोन में क्वाड रियर कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। इसमें 64MP का मेन कैमरा होगा जो कि Sony IMX686 सेंसर के साथ आएगा। साथ ही लीक्स के अनुसार Redmi K30 Pro में 8GB रैम की सुविधा दी जा सकती है। रिपोर्ट के अनुसार यह फोन मार्च में सेल में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि अभी तक इसकी लॉन्च डेट के बारे में खुलासा नहीं किया गया है।

Redmi K30 Pro का टीजर हुआ जारी, फुल-स्क्रीन डिस्प्ले के साथ जल्द होगा लॉन्च Read More
rohit sharma bits yajuvendra

TikTok Viral Video: खलील अहमद और रोहित शर्मा ने जानिए क्यों मिलकर की युजवेंद्र चहल की पिटाई

TikTok Viral Video : भारतीय क्रिकेट टीम(Indian Cricket Team) इन दिनों न्यूजीलैंड के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। खलील अहमद, युजवेंद्र चहल और रोहित शर्मा तीनों ही इस टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं है। रोहित शर्मा चोट के चलते टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पा रहे हैं। युजवेंद्र चहल और खलील अहमद दोनों पर ही टिकटॉक वीडियो का खुमार चढ़ा हुआ है। चहल ने ऐसा ही एक टिकटॉक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें खलील और रोहित मिलकर उनकी पिटाई करते हुए नजर आ रहे हैं।

इस TikTok Viral Video टिकटॉक वीडियो में खलील और रोहित कहते हैं कि चहल की गर्दन उल्टी हो गई है और दोनों इसे सीधी करने में जुट जाते हैं, तभी चहल उठकर कहते हैं गर्दन उल्टी नहीं हुई उन्होंने जैकेट उल्टी पहनी है और इसके बाद रोहित और खलील मस्ती में चहल की पिटाई भी करते हैं। आप देखें इस वीडियो को-

 

TikTok Viral Video: खलील अहमद और रोहित शर्मा ने जानिए क्यों मिलकर की युजवेंद्र चहल की पिटाई Read More
petrol deasal rate

पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार तीसरे दिन नहीं हुआ बदलाव, जानिए कितने रुपए है कीमत

पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel Rates) की कीमतों में लगातार तीसरे दिन कोई बदलाव नहीं देखने को मिला है. रविवार को हुई बढ़ोतरी के बाद पिछले तीन दिन से तेल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. बुधवार (26 फरवरी 2020) को दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 72.01 रुपये है. वहीं एक लीटर डीजल का भाव 64.70 रुपये है. मुम्बई में लीटर पेट्रोल का दाम 77.67 रुपये है जबकि एक लीटर डीजल 67.80 रुपये प्रति लीटर पर है. कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 74.65 रुपये हो गया है. वहीं, एक लीटर डीजल के लिए 67.02 रुपये प्रति लीटर पर है. चेन्नई में पेट्रोल का भाव 74.80 रुपये जबकि 1 लीटर डीजल 68.32 रुपये प्रति लीटर पर है.

ऐसे चेक करें अपने शहर में पेट्रोल-डीज़ल के भावअपने शहर के पेट्रोल-डीज़ल के दामअगर आप सुबह 6 बजे के बाद पेट्रोल-डीज़ल का रेट चेक करना चाहते हैं तो 92249 92249 नंबर पर SMS भेजकर भी पेट्रोल-डीजल के भाव के बारे में पता कर सकते हैं. इसके लिए आपको RSP<स्पेस> पेट्रोल पंप डीलर का कोड लिखकर 92249 92249 पर भेजना पड़ेगा. अगर आप दिल्ली में हैं और मैसेज के जरिये पेट्रोल-डीजल का भाव जानना चाहते हैं तो आपको RSP 102072 लिखकर 92249 92249 पर भेजना होगा.

1 अप्रैल से भारत में बिकेगा सबसे साफ पेट्रोल और डीज़ल
1 अप्रैल 2020 से भारत में भी दुनिया का सबसे साफ पेट्रोल और डीज़ल बिकने लगेगा. सरकारी तेल कंपनियां देश भर में यूरो-6 ग्रेड डीज़ल और पेट्रोल की आपूर्ति करेंगी. भारत ने सिर्फ तीन साल में ही सबसे साफ पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर बड़ा मुकाम हासिल किया है.

पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार तीसरे दिन नहीं हुआ बदलाव, जानिए कितने रुपए है कीमत Read More
Death toll rises to 20 in delhi violence

दिल्ली हिंसा: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या में इजाफा, मौत का आंकड़ा पहुंचा 20

नागरिकता संशोधन कानून को लेकर नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या में और इजाफा हुआ है। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या 13 से बढ़कर 20 हो गई हैं। गुरु तेग बहादुर अस्पताल ने चार और लोगों के मरने की पुष्टि की है। बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन करने वाले और विरोध करने वालों के बीच रविवार को भड़की हिंसा मंगलवार को भी जारी रही। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के जाफराबाद, मौजपुर आदि इलाकों में जारी हिंसा में करीब 250 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, इनमें 56 पुलिस के जवान भी शामिल हैं।

दरअसल, दिल्ली में रविवार, सोमवार और मंगलवार तीनों दिन हिंसा की खबरें आती रहीं। उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद, मौजपुर, ब्रह्मपुरी, बाबरपुर इलाकों में न सिर्फ आगजनी और हिंसा हुई, बल्कि लूटपाट भी की गई। हिंसा की खबरों को देखते हुए उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा, अमित शाह ने फिर से बैठक बुलााई है।

इन इलाकों में जारी है तनाव:
उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद, मौजपुर, ब्रह्मपुरी, बाबरपुर, कर्दमपुरी, सुदामापुरी, घोंडा चौक, करावल नगर, मुस्तफाबाद, चांदबाग, नूरे इलाही, भजनपुरा और गोकलपुरी इलाके हिंसाग्रस्त हैं और बीते तीन दिनों से यहां तनाव जारी है। मंगलवार सुबह भी दोनों पक्ष के लोग सड़क पर आए और जमकर बवाल काटाय़ कर्दमपुरी और सुदामापुरी इलाके में दिनभर रुक-रुककर पथराव और फायरिंग होती रही।

 

सीमाएं सील की गई: दिल्ली में हुई घटना के बाद गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से सटे बॉर्डर को सील कर दिया गया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे के मुताबिक, जिले में धारा 144 लागू है। उधर, नोएडा में कानून-व्यवस्था के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है। सीमाओं पर भारी सुरक्षाबल तैनात है।

स्कूल बंद और परीक्षाएं स्थगित:
उत्तर पूर्वी जिले के स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया गया है। बुधवार को इन इलाकों के सभी स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली सरकार ने आंतरिक परीक्षाएं स्थगित करने की घोषणा की है। इसके अलावा, सरकार ने सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं भी स्थगित कर दी है।

मेट्रो स्टेशन बंद रहे, मगर आज सेवा शुरू
भले ही आज सभी मेट्रो स्टेशन को सामान्य कर दिया गया है। मगर हिंसा के चलते पिंक लाइन मेट्रो लाइन के पांच स्टेशन बंद रहे। इनमें शिव विहार, जौहरी एंक्लेव, गोकुलपुरी, मौजपुर और जाफराबाद मेट्रो स्टेशन शामिल रहे। पिंक लाइन पर मेट्रो को केवल मजलिस पार्क से वेलकम तक चलाया गया।  हालांकि, आज मेट्रो सेवा सामान्य है।

दुकानों पर कतार लगी:
उधर हिंसा प्रभावित इलाकों में लोगों ने राशन सामग्री जुटानी शुरू कर दी। शाम को राशन की दुकानों पर कतार लगनी शुरू हो गई। कई जगहों पर लोगों ने बढ़ी हुई कीमतों पर भी सामान खरीदा।

अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर भीड़ तितर-बितर:
दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर दिल्ली हिंसा के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जल्द से जल्द शांति बहाली की मांग कर रहे लोगों को वहां से हटा दिया है। घेराव कर रहे छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

अजीत डोभाल ने स्थिति का जायजा लिया:
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आज देर रात हालात का जायजा लेने के लिए सीलमपुर पहुंचे। डोभाल ने पुलिस के आला अधिकारियों से बातचीत की। सीलमपुर स्थित डिप्टी कमिश्नर ऑफ नॉर्थ-ईस्ट पुलिस के ऑफिस में करीब एक घंटे तक पुलिस कमिश्नर समेत पुलिस के अन्य आला अफसरों के साथ बैठक करने के बाद अजीत डोभाल सीलमपुर से निकल गए।

कैसे शुरू हुई हिंसा:
नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रविवार को सड़क अवरुद्ध कर दी थी जिसके बाद जाफराबाद में सीएए के समर्थकों और विरोधियों के बीच झड़प शुरू हो गई थी। दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी ऐसे ही धरने शुरू हो गए। मौजपुर में भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने एक सभा बुलाई थी जिसमें मांग की गई थी कि पुलिस तीन दिन के भीतर सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों को हटाए। इसके तुरंत बाद दो समूहों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर पथराव किया, जिसके चलते पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।

दिल्ली हिंसा: नॉर्थ ईस्ट दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या में इजाफा, मौत का आंकड़ा पहुंचा 20 Read More
Thappad poster

Thappad Movie Review: तापसी पन्नू-पावेल गुलाटी की खुशहाल शादीशुदा लाइफ को बर्बाद कर देती है बस एक ‘थप्पड़’

फिल्म: थप्पड़
कास्ट: तापसी पन्नू, पावेल गुलाटी, कुमुद मिश्रा, रत्ना पाठक शाह, तन्वी आज़मी
निर्देशक: अनुभव सिन्हा
स्टार : ***3

हैप्पी मैरिड लाइफ में कब धीरे-धीरे परेशानियां सामने आ जाने लगती है, कैसे एक परिवार में लिंग भेदभाव और हंसी-मजाक में घरेलू हिंसा की शुरुआत होने लगती है। इसका अंदाजा उस शादीशुदा कपल और परिवार को तब लगता है जब सिर से पानी उपर निकल चुका होता है। जब किसी गलत बात इग्नोर करने के बाद  एक महिला अपना आत्मसम्मान खोजने के लिए अपने आपको झकझोरने लगती है तब उसे पता चलता है कि वह समाज के लिए बस एक बेचारी औरत है जिसका केवल एक ही मतलब है पति, परिवार के लिए सब कुछ दांव पर लगा देना। कुछ ऐसी ही कहानी अमृता यानी तापसी पन्नू की है।

हंसती-खेलती अमृता (तापसी पन्नू) और विक्रम (पावेल गुलाटी) की शादीशुदा जिंदगी भी कुछ ऐसे ही है। अमृता अपनी शादीशुदा जिंदगी से बहुत खुश है। विक्रम बहुत महत्वाकांक्षी है, जिसका नाम कॉर्पोरेट जगत में एक सक्सेफुल मैन के रूप में लिया जाता है। वहीं  अमृता अपने पति की सफलता और एक होममेकर होकर भी सभी की खुशियों की में खुश है। एक साधारण लाइफ और मामूली चाहत रखने वाली अमृता हमेशा अपने पति को आदर और सम्मान देती है। वह अपने पति और परिवार के लिए एक आदर्श बहू-बेटी और वाइफ है। अमृता को भी अपने पति से यही आशा है कि उसका पति उसे सबसे ज्यादा प्यार और सम्मान देने वाला इंसान है। लेकिन उसका यह भ्रम एक पार्टी के दौरान टूट कर बिखर जाता है।

दरअलस, अमृता की दुनिया उस समय बुरी तरह से लड़खड़ा जाती है जब उसका महत्वाकांक्षी पति एक पार्टी में लोगों के सामने उसके गाल पर एक जोरदार थप्पड़ मारता है। भरी महफिल में जब पति के थप्पड़ से उसको वो सब याद आ जाता है जिसे वह घर चलाने और रिश्ता निभाते समय इग्नोर कर रही थीं। पति के एक थप्पड़ से वह आत्मग्लानी में डूब जाती है और अपना स्वाभिमान खोजने लगती है। वह क्या है? इन्हीं सब कसमस वह  पत्नी सबके खिलाफ जाकर पति से तलाक लेती है और अपने आत्म सम्मान के लिए खड़ी होती है। इसके बाद अमृता पुरुष और स्त्री के रिश्ते पर फिल्म ‘थप्पड़’ सवाल उठाती है। क्या दोनों के बीच बराबरी का रिश्ता है? जब अमृता अपने पति से लड़ने का फैसला लेती है तो वह अपने आसपास की दूसरी महिलाओं को भी प्रेरित करती है कि वह भी बदलाव के लिए पहल करें। पति से तलाक देने के दौरान अमृता के उपर क्या गुजरती है और उसे समाज में किन किन परेशानियों का सामने करना पड़ता है। इन सभी बिन्दुओं को देखने आपको सिनेमा घर जाना पड़ेगा।

एक्टिंग-निर्देशन और डायलॉग्स-म्यूजिक

तापसी पन्नू इस फिल्म में पत्नी का किरदार निभा रही हैं, वह आम औरत की तरह घर-परिवार व पति के लिए सब कुछ करती नजर आ रही हैं। फिल्म में तापसी ही इस फिल्म का कहानी की जान है। उनकी एक्टिंग और उनका एक्सप्रेशन हर समय शानदार लगता है। इस फिल्म में नायिका के रूप मे तापसी को देखकर आपकी निगाहें उन पर ठहरी हुई नजर आएंगी। उसने मुझे मारा पहली बार… नहीं मार सकता, बस इतनी सी बात है’ ये फिल्म का डायलॉग नहीं बल्कि फिल्म का सारांश है। इस डायलॉग को जिस अंदाज में तापसी पन्नू कहती है वह भाव देखने वाला है। इसके बाद एक डायलॉग और है जो फिल्म में जान डाल दी। वह इस प्रकार है- ‘वो चीज जिसे जोड़ना पड़े मतलब वह टूटी हुई है’। फिल्म में पावेल गुलाटी, कुमुद मिश्रा, रत्ना पाठक शाह, तन्वी आज़मी की एक्टिंग शानदार है। सभी पात्रों ने अपने रोल पर फिट और न्याय करते हुए दिख रहे हैं।

फिल्म थप्पड़ के माध्यम से अनुभव सिन्हा समाज पर एक करारा थप्पड़ जड़ते हुए दिख रहे हैं। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी थप्पड़ एक महिला केंद्रित फिल्म है। घरेलू हिंसा की शुरुआत कैसे होती है यह फिल्म में बखूबी दिखाया गया है जो सच में तारीफ के काबिल हैं। यह फिल्म लिंग भेदभाव हिंसा के खिलाफ है।

Thappad Movie Review: तापसी पन्नू-पावेल गुलाटी की खुशहाल शादीशुदा लाइफ को बर्बाद कर देती है बस एक ‘थप्पड़’ Read More
Abhinandan Delhi police

‘अभिनंदन’ मूंछों के फैन थे रतन लाल, अधूरा रह गया बच्चों से किया यह वादा

  • CAA के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा, हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल की मौत
  • रतन लाल की मौत के बाद परिवार में कोहराम, मां को अबतक नहीं दी गई बेटे की मौत की जानकारी
  • हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के बड़े फैन थे, वैसे ही रखते थे मूंछें
  • राजस्थान के सीकर में एक सामान्य परिवार में जन्मे रतन लाल अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे

नई दिल्ली
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध एक भयावह शक्ल में तब्दील हो चुका है। दिल्ली में फिर से गाड़ियां फूंकी गईं, पत्थरबाजी की गई, लाठीचार्ज हुआ और हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल की जान चली गई। मौत के बाद रतन लाल की जिंदगी के तमाम किस्से, बच्चों से वादे, उनका घर-परिवार सब एक लंबी खामोशी में डूब गया है। वैसे पता है आपको जांबाज रतन विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के ‘जबरा’ फैन थे।
पिछले वर्ष 27 फरवरी को हेड कॉन्स्टेबल रतन लाल अपने साथियों और वरिष्ठ लोगों के साथ अपनी मूंछों को लेकर बातचीत कर रहे थे। जिक्र इस बात का था कि रतन लाल की मूछें विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान की तरह हैं। वही अभिनंदन, जिन्होंने पाकिस्तान का एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराया था। ठीक एक साल बाद 42 वर्षीय पुलिसकर्मी रतन लाल की नॉर्थईस्ट दिल्ली में दंगाइयों को अदम्य साहस से रोकने का प्रयास करते हुए जान चली गई। रतन लाल ने वर्ष 1998 में बतौर कॉन्स्टेबल दिल्ली पुलिस को जॉइन किया था।

 

‘ रतन लाल थे जांबाज ‘
लाल वर्तमान में गोकुलपुरी में तैनात थे। इस घटना में एसीपी भी जख्मी हो गए हैं। रतन लाल को उनके साहस के लिए जाना जाता था। वह गोकुलपुरी पुलिस की ओर से की गईं कई छापेमारी का हिस्सा भी रहे। लाल कुछ वर्षों से अडिशनल डीसीपी ब्रजेंद्र यादव को रिपोर्ट कर रहे थे। ब्रजेंद्र कहते हैं, ‘रतन एक ऐसा पुलिसकर्मी थे, जो सकारात्मकता के साथ-साथ ऊर्जा से भरे हुए रहते थे।’

अबतक मां को नहीं दी गई ख़बर
राजस्थान के सीकर में एक सामान्य परिवार में जन्मे रतन लाल अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों (दो बेटियां- उम्र 11 और 12 साल, एक आठ वर्षीय बेटा) के साथ नॉर्थ दिल्ली के बुराड़ी में रहते थे। उन्होंने अपने बच्चों से वादा किया था कि इस बार वे सभी अपने गांव टीहावाली में होली मनाएंगे। महज दस दिन पहले बच्चों ने अपना पिता खो दिया। बेटे की मौत की ख़बर अबतक मां को नहीं दी गई है।

‘…और बंद कर दी गई टीवी’
परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘मेरे रिश्तेदार ने हमें मौत की सूचना दी। हमने तुरंत टीवी बंद कर दी ताकि मां कुछ भी न देख सकें। वह जानती हैं कि हम उनसे कुछ छिपा रहे हैं क्योंकि आमतौर पर जितने लोग हमसे मिलने आते हैं, उससे ज्यादा लोग इस दौरान मुलाकात के लिए आ रहे हैं।वह नहीं जानतीं कि सोशल मीडिया का कैसे इस्तेमाल किया जाता है तो उन्हें ऑनलाइन भी अबतक मौत की सूचना नहीं मिल सकी है।’

‘एक माह पहले आए थे गांव’
रतन के छोटे भाई दिनेश कहते हैं, ‘वह एक देशभक्त थे। वह हमेशा इस वर्दी के लिए खुद को कुर्बान करना चाहते थे। उनमें अपार धैर्य था। हमने उन्हें कभी चीखते या लोगों पर चिल्लाते हुए नहीं सुना था। एक महीने पहले जब एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी तभी वह गांव आए थे।’

 

‘अभिनंदन’ मूंछों के फैन थे रतन लाल, अधूरा रह गया बच्चों से किया यह वादा Read More
gold price today

Gold Price Today:सोने की कीमत में आज आई बड़ी गिरावट, जानें अब कितना है दाम

  • मंगलवार को गोल्ड की कीमत में आई बड़ी गिरावट
  • एमसीएक्स वायदा पर गोल्ड का दाम 2.5 फीसदी टूटा
  • 43 हजार से नीचे गई 10 ग्राम सोने की कीमत
  • सोमवार को सोना रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था

लगातार 5 दिन नई ऊंचाई हासिल करने के बाद मंगलवार को सोने पर दबाव देखने को मिल रहा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गोल्ड का दाम 2.5 फीसदी टूट गया और यह 43 हजार से नीचे फिसल गया. हालांकि, कोरोना वायरस को लेकर चिंता बरकरार है जिससे कीमतों को निचले स्तर पर सपोर्ट दिख रहा है.

क्यों टूटा सोना

वैश्विक हाजिर बाजार में सोने में नरमी के बाद भारतीय बाजार में भी सोने पर दबाव बना. इसके पहले सोमवार को सोना सात साल के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच गया था. एमसीएक्स पर सोने का अप्रैल फ्यूचर कारोबार 1025 रुपये टूटकर 42,555 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.

सोमवार को हुई थी अच्छी बढ़त

चीन के बाहर कोरोना वायरस फैलने से ग्लोबल इकोनॉमी में स्लोडाउन की आशंका बढ़ गई है. इसकी वजह से निवेशक सोने में निवेश करना सुरक्ष‍ित दांव समझ रहे हैं. सोमवार को दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 44,600 रुपये पर पहुंच गया था. अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोना 1 फीसदी टूटते हुए 1,642.89 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया.  पिछले छह कारोबारी सत्र में अप्रैल फ्यूचर में सोना 2300 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चढ़ गया था.

चांदी भी टूटा
चांदी की कीमतों में भी मंगलवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली. एमसीएक्स एक्सचेंज पर मंगलवार सुबह पांच मार्च 2020 का चांदी का वायदा भाव 1.87 या 925 रुपये की गिरावट के साथ 48,480 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेंड कर रहा था. 

भारत है सबसे बड़ा आयातक

गौरतलब है कि भारत दुनिया में सोने का सबसे बड़ा आयातक है. भारत में मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश का सालाना स्वर्ण आयात 800-900 टन है. वहीं मूल्य के आधार पर देश का गोल्‍ड आयात करीब 33 अरब डॉलर का है. ये आंकड़ा साल 2018-19 का है.

इससे एक साल पहले 2017 में देश का गोल्‍ड आयात 3 फीसदी अधिक यानी करीब 34 अरब डॉलर रहा था.  वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने जुलाई 2019 में वित्त वर्ष 2019-20 का पूर्ण बजट पेश करते हुए सोने पर आयात शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी करने की घोषणा की थी, जिसके बाद देश में सोने का आयात महंगा हो गया. यही वजह है कि सोने के आयात में गिरावट आई.

Gold Price Today:सोने की कीमत में आज आई बड़ी गिरावट, जानें अब कितना है दाम Read More
Modi and trump

डिफेंस डील डन-ट्रेड डील पर बात शुरू, पढ़ें साझा बयान में क्या बोले मोदी-ट्रंप

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप का साझा बयान
  • भारत-अमेरिका में डिफेंस डील पर लगी मुहर
  • ट्रेड डील पर बातचीत शुरू करेंगे भारत-US
  • आज खत्म होगा डोनाल्ड ट्रंप का भारत दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस बैठक के बाद दोनों नेताओं ने साझा बयान भी जारी किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने ऐलान किया कि भारत और अमेरिका के बीच 3 बिलियन डॉलर की डील हो गई है, जिसके तहत 24 रोमियो हेलिकॉप्टर खरीदे जाएंगे. डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने साझा बयान में क्या कहा, यहां पढ़ें…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बयान में कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके डेलिगेशन का भारत में हार्दिक स्वागत है. मुझे विशेष खुशी है कि इस यात्रा पर वो अपने परिवार के साथ आए हैं, पिछले 8 महीने में मेरी और ट्रंप की ये पांचवीं मुलाकात है. पीएम मोदी ने कहा कि मोटेरा स्टेडियम में डोनाल्ड ट्रंप का ऐतिहासिक स्वागत हुआ.

बयान में पीएम ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच संबंध दो सरकार नहीं बल्कि लोगों के बीच हैं. ये संबंध 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने का काम करेंगे. दोनों देशों के संबंध को आगे बढ़ाने में डोनाल्ड ट्रंप का शानदार प्रयास रहा है. पीएम मोदी बोले कि हम दोनों आज डिफेंस, सुरक्षा, एनर्जी, टेक्नोलॉजी, ट्रेड जैसे सभी मसलों पर चर्चा की.

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे डिफेंस मैन्युफैक्चर एक दूसरे की सप्लाई चेन का हिस्सा बन रहे हैं, भारतीय फोर्स आज दुनिया में सबसे अधिक अमेरिका के साथ ही ट्रेनिंग एक्सरसाइज़ कर रही है. पिछले कुछ साल में हमारी सेना के बीच कई समझौते भी हुए हैं.

‘ट्रे़ड डील पर जल्द बनेगी बात’

ट्रंप के साथ साझा प्रेस वार्ता के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि आज अमेरिका के साथ होमलैंड सुरक्षा पर निर्णय हुआ है, आतंक के समर्थकों को हराने के लिए हमने अपने प्रयासों को बढ़ाने का निर्णय किया है. प्रेसिडेंट ट्रंप ने इस दौरान ड्रग्स से लड़ाई पर प्राथमिकता दी है, इस मसले पर दोनों देशों के बीच चर्चा भी हुई है.

पीएम मोदी बोले कि तेल, गैस के लिए अमेरिका भारत का साथी है. टेक्नोलॉजी के मसले में भी भारत और अमेरिका एक साथ आगे बढ़ रहे हैं. दोनों देश बैलेंस ट्रेड के लिए प्रतिबद्ध हैं और द्विपक्षीय वार्ता को संतुलन करने पर सहमत हैं. प्रधानमंत्री ने यहां कहा कि ट्रेड डील के मसले पर दोनों देश बात करेंगे और कॉमर्स मिनिस्टर लीगल रूप से आगे बढ़ेंगें.

‘आतंकवाद के खिलाफ साथ लड़ेंगे भारत-US’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह भारत आने के न्योते के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हैं, मेलानिया और मैं भारत के स्वागत से अभिभूत हैं. मैंने और मेलानिया ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और ताजमहल को भी देखा. ट्रंप ने कहा कि मेरा ये दौरा काफी शानदार रहा और दोनों देश डिफेंस डील करने पर सहमत हुए हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यहां कहा कि दोनों देशों का फोकस अपने नागरिकों को इस्लामिक आतंकवाद से बचाने का है और दोनों देश इसके लिए एक साथ काम करेंगे. हमारे देश की सेना आज एक साथ अभ्यास कर रही हैं, जो दोनों देशों को लाभ पहुंचाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति बोले कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ बात कर रहा है और आतंकवाद के खिलाफ एक्शन लेने के लिए दबाव बना रहा है.

डोनाल्ड ट्रंप बोले कि हमारे देश लोकतंत्र, संविधान और लोगों के हितों को बचाने के लिए जानी जाती हैं. अमेरिका और भारत दोनों ही ट्रेड डील पर बात को तैयार हैं और इसपर जल्द ही फैसला होगा. डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि भारत-अमेरिका के बीच 3 बिलियन डॉलर की डिफेंस डील होगी.

डिफेंस डील डन-ट्रेड डील पर बात शुरू, पढ़ें साझा बयान में क्या बोले मोदी-ट्रंप Read More
Trump and his wife at taj mahal

ताजमहल में ट्रंप ने इस भारतीय से पूछे 7 सवाल, खुश होकर दिया खास तोहफा

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने आगरा में ताज की यात्रा के दौरान एक शख्स को तोहफा दिया. यह तोहफा बेहद खास था. इसमें डोनाल्ड ट्रंप का नाम खुदा हुआ था. साथ व्हाइट हाउस का लोगो बना हुआ था. यह तोहफा इसलिए दिया गया क्योंकि ट्रंप ने इस आदमी से सात सवाल पूछे और उन्हें सारे सवालों के सही जवाब मिले.

Trump and his wife at taj mahal

डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को आगरा के ताजमहल घूमने गए थे. इस दौरान उनके जेहन में कई सवाल थे. उन्होंने अपने गाइड नितिन सिंह से ये सातों सवाल पूछे. नितिन ने उन्हें सातों सवालों के सही जवाब दिए. इसके बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह को एक खास तोहफा दिया. 

Guide and donald trump and his wife

डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह से पूरे ताज की यात्रा के दौरान सात सवाल पूछे. ये सवाल थे – ताजमहल किसने बनवाया था? इसे बनाने वाले कलाकार कहां से आए? शाहजहां को कहां कैद किया गया था? ताज में लगा संगमरमर कहां से आया था? अब तक ताजमहल में क्या-क्या बदला गया है? वाटर चैनल शाहजहां के समय के हैं या बाद में बने हैं?  तहखाने में बनी कब्रें पहले बनीं या फिर बाद में?

Trump and his wife with guide

नितिन सिंह ने सभी सवालों के जवाब बेहद शालीनता से विस्तृत तरीके से बताए. इसके बदले में डोनाल्ड ट्रंप ने नितिन सिंह को एक स्मृति चिन्ह तोहफे में दिया. इस चिन्ह पर सील का निशान बना है. डोनाल्ड ट्रंप का नाम और संयुक्त राज्य अमेरिका का लोगो छपा हुआ है.

ट्रंप ने पूछा कि ताज पर ये पेंटिंग क्या है. नितिन ने बताया कि ये पेंटिंग नहीं, इसे पच्चीकारी कहते हैं. यानी संगमरमर पर बहुमूल्य नगीने जड़े हुए हैं.

Trump guide gifr

ट्रंप ने नितिन ने पूछा कि तहखाने में बनी असली कब्रों और ऊपर बनी कब्रों की क्या कहानी है. तब नितिन ने उन्हें बताया कि इस्लाम में कब्रों के सजाने की इजाजत नहीं है. इसलिए शाहजहां ने ऊपर अलग से सजावटी कब्रों की प्रतिकृति बनवाई थी. 

ट्रंप को नितिन ने बताया कि ताजमहल में वाटर चैनल साइफन सिस्टम से चलता है और ये ताजमहल के बनने के समय से ही बना हुआ है. इसके कारीगर पूरी दुनिया से बुलवाए गए थे.

नितिन ने ट्रंप को बताया कि ताज के संगमरमर मकराना और काले पत्थर साउथ इंडिया से मंगवाए गए थे. ताज के दोहरे गुंबद, उसमें गूंजती आवाज, शाही मस्जिद व मेहमानखाने के बारे में भी ट्रंप ने जानकारी ली.

ट्रंप को नितिन ने ताजमहल के बनने की पूरी कहानी तारीख के हिसाब से सुनाई. शाहजहां और मुमताज महल की मोहब्बत की कहानियां भी सुनाई.

 

 

ताजमहल में ट्रंप ने इस भारतीय से पूछे 7 सवाल, खुश होकर दिया खास तोहफा Read More
Suhana khan

दोस्तों संग शाहरुख खान की बेटी सुहाना ने दिया पोज, वायरल हुईं Photos

बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान के बॉलीवुड डेब्यू का इंतजार सभी को है. रोमांस के बादशाह शाहरुख के बच्चे फिल्म इंडस्ट्री के सबसे फेमस स्टार किड्स में से हैं और उनके बारे में बातें होती रही हैं. इतना ही नहीं इन बच्चों की हर हरकत पर कैमरे की नजर होती है. फैंस को अपने फेवरेट स्टार किड्स के बारे में सबकुछ जानना होता है, जिसके चलते सोशल मीडिया पर इनकी कई फोटोज वायरल भी हो रही होती हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल सुहाना की फोटोज

अब सुहाना खान की कुछ नई फोटोज सामने आई हैं, जिनके चर्चे हर तरफ हो रहे हैं. ये सुहाना की उनके दोस्तों संग फोटो है. जैसा कि आप जानते हैं शाहरुख की दुलारी बेटी सुहाना, अमेरिका की न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही हैं. ऐसे में सुहाना ने अपने दोस्तों और यूनिवर्सिटी के साथियों संग फोटोज खिंचवाई हैं, जो सोशल मीडिया पर छा गई हैं.

इन फोटोज में आप सुहाना को हंसते और स्टाइल में पोज करते देख सकते हैं. उनके साथी भी फोटो के लिए पोज कर रहे हैं. इन सभी को देखकर लगता है कि ये किसी स्टूडियो में एक्टिंग या डांस की प्रैक्टिस के लिए गए हैं. सभी के चेहरों की खुशी बहुत अच्छी लग रही है. सुहाना के फैन क्लब ने ये फोटोज शेयर की हैं.

बता दें कि सुहाना खान न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में फिल्मों की पढ़ाई कर रही हैं. कुछ समय पहले जूम टीवी को दिए इंटरव्यू में सुहाना की दोस्त और एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने बताया था कि न्यूयॉर्क में पढ़ाई के बाद सुहाना अपना बॉलीवुड डेब्यू प्लान करेंगी. सुहाना पहले अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहती हैं. सुहाना खान अपने कॉलेज के समय थिएटर में काम कर चुकी हैं. उनके वायरल हुए वीडियो से पता चलता था कि वे बढ़िया एक्ट्रेस हैं.

 

दोस्तों संग शाहरुख खान की बेटी सुहाना ने दिया पोज, वायरल हुईं Photos Read More