Manish sisodia Win

Delhi Election Result: दिल्ली में कौन-कहां से जीता? यहां देखें लिस्ट

दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Elections Result 2020)  के नतीजों की तस्वीर करीब-करीब साफ हो चुकी है. अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं. अभी तक 20 सीटों के नतीजे आ गए हैं. इनमें से 17 सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) को जीत मिली है, जबकि बीजेपी को 3 सीट पर विजय मिली है. अब तक के रुझानों में AAP 52 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि 6 सीटों पर बीजेपी ने बढ़त बना रखी है. कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है.

देखें किस सीट से किसे मिली जीत:-

1>> ओखला- अमानातुल्ला खान (AAP)

2>> तिलकनगर- जरनैल सिंह (AAP)

4>> त्रिनगर- प्रीति तोमर (AAP)

5>> शालीमार बाग- वंदना कुमारी (AAP)6>>सीलमपुर- अब्दुल रहमान (AAP)

7>> बल्लीमारान- इमरान हुसैन (AAP)

8>> विश्वास नगर- ओपी शर्मा (BJP)

9>> ग्रेटर कैलाश- सौरभ भारद्वाज (AAP)

10>> राजेंद्र नगर -राघव चड्ढा (AAP)

11>> कालकाजी-आतिशी मार्लेना (AAP)

12>>रिठाला- मोहिंदर गोयल (AAP)

13>>सुल्तानपुर माजरा- मुकेश कुमार अहलावत (AAP)

14>>मॉडल टाउन-  अखिलेश पति त्रिपाठी (AAP)

15>> मटिया महल-शाहिब इकबाल (AAP)

16>> लक्ष्मी नगर- अभय वर्मा (BJP)

17>> पटपड़गंज – मनीष सिसोदिया (AAP)

18>> गांधीनगर- अनिल वाजपेयी (BJP)

19>> गोकुलपुर – सुरेंद्र कुमार (AAP)

20>> जनकपुरी-  राजेश ऋषि (AAP)

 

Delhi Election Result: दिल्ली में कौन-कहां से जीता? यहां देखें लिस्ट Read More
Salman Khan on Valentine Day

वेलेंटाइन डे पर सिंगल युवाओं के लिए सलमान खान लेकर आए हैं यह खास तोहफा

सलमान खान लंबे समय से सिंगल चल रहे हैं। पिछले कुछ सालों से सलमान ने अपनी लव लाइफ में किसी को भी एंट्री नहीं दी है। अब वेलेंटाइन वीक में वह अपनी रिलेशनशिप स्टेटस से जुड़ा ‘स्वैग से सोलो’ गाना लेकर आ गए हैं। इस गाने के जरिए वह युवाओं को सिंगल रहने के फायदे गिना रहे हैं। इस गाने को रेमो डिसूजा ने कोरियोग्राफ किया है तो वहीं संगीत तनिष्क बागची ने दिया है। यह गाना एक तरह का विज्ञापन है जिसे एक पेय पदार्थ कंपनी के लिए शूट किया गया है।

स्वैग से सोलो’ गाना करीब 1 मिनट 50 सेकेंड का है जिसे टी-सीरीज के यू टयूब चैनल पर लॉन्च किया गया है। गाने की शुरुआत में धांसू स्टाइल में सलमान खान की एंट्री होती है। आते ही वह सबसे पहले पेय पदार्थ पीते हैं और उसके बाद वहां मौजूद लड़कियों के साथ डांस करना शुरू कर देते हैं। पूरे गाने के लिरिक्स ऐसे लिखे गए हैं जिसमें बताया गया है कि सलमान अकेला रहना पसंद करते हैं।

सलमान की जिंदगी बहुत ही सुकून से चल रही है। वह इसे खत्म नहीं करना चाहते हैं। जिसके चलते लड़कियां तो उनके करीब आने की कोशिश करती हैं लेकिन वह उनसे दूर भागते हैं। इस गाने में कुल मिलाकर सलमान अपने जिंदगी के फलसफे पर डांस कर रहे हैं। इस गाने के जरिए सलमान की सिंगल छवि को विज्ञापन में भुनाने की कोशिश की जा रही है। गाने के अंत में कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा भी नजर आते हैं।

 

 

वेलेंटाइन डे पर सिंगल युवाओं के लिए सलमान खान लेकर आए हैं यह खास तोहफा Read More

40 की उम्र में फिर दुल्हन बनीं काम्या पंजाबी, बॉयफ्रेंड संग शादी की पहली तस्वीरें आईं सामने

टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड शलभ डांग संग शादी कर ली है। काम्या और शलभ की शादी की पहली तस्वीर सामने आ गई है । इन तस्वीरों में शलभ और काम्या एक-दूसरे को जयमाल पहनाते नजर आ रहे हैं । वहीं कुछ तस्वीरों में काम्या और शलभ मंडप में बैठे दिख रहे हैं । शादी की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहे हैं । काम्या ने शादी में गोल्डन और रेड कलर का लहंगा पहना । वहीं शलभ गोल्डन कलर की शेरवानी पहने नजर आए । काम्या की शादी की रस्में माता की चौकी से शुरू हुई थीं । इसके बाद एक के बाद एक रस्में हुईं, जिनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं । माता की चौकी के बाद काम्या ने बैचलर पार्टी भी दी थी ।

kamya punjabi wedding

 

इसके बाद इस कपल ने गुरुद्वारे में सगाई की थी । काम्या और शलभ की सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की गई थीं। सगाई में सिर्फ कुछ करीबी रिश्तेदार ही शामिल हुए थे। इस दौरान काम्या क्रीम और ब्लू कलर का शरारा पहने नजर आई थीं। वहीं शलभ ब्लू कलर के पजामा कुर्ते में दिखे थे। कल यानी 9 फरवरी को काम्या की हल्दी और मेहंदी की रस्म हुई । काम्या खुद ही अपनी शादी की ताजा अपडेट्स फैंस को दे रही थीं । काम्या ने अपनी हल्दी सेरेमनी की तस्वीरें साझा की थीं । तस्वीरों में काम्या पीले रंग का सूट पहने हुए थीं। काम्या को उनके परिवार के सदस्य और दोस्तों ने हल्दी लगाई थी ।

 

इस दौरान काम्या अपनी बेटी का हाथ थामे दिखी थीं । काम्या ने तस्वीरों के अलावा इस सेरेमनी का एक वीडियो भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया था। वहीं काम्या की शादी की इन तस्वीरों और वीडियो पर तमाम सेलिब्रिटीज और काम्या के फैन्स उनको बधाई दे रहे हैं। काम्या और शलभ एक दूसरे को पिछले एक साल से डेट कर रहे थे। जिसके बाद अब उन्होंने शादी करने का फैसला किया है। शलभ दिल्ली के रहने वाले हैं जो हेल्थकेयेर इंडस्ट्री से जुड़े हैं। काम्या सोशल मीडिया पर भी शलभ के साथ तस्वीरें साझा करती रहती हैं। तस्वीरों में दोनों की केमिस्ट्री खूबसूरत नजर आती है।काम्या के फैन्स भी इनकी जोड़ी को काफी पसंद करते हैं। बता दें कि काम्या दूसरी बार शादी करने जा रही हैं। इससे पहले काम्या ने बिजनेसमैन बंटी नेगी से शादी की थी। लेकिन ये रिश्ता केवल 10 साल ही चल पाया। जिसके बाद साल 2013 में काम्या ने तलाक ले लिया। पहले पति से काम्या की एक बेटी भी है।

 

 

 

40 की उम्र में फिर दुल्हन बनीं काम्या पंजाबी, बॉयफ्रेंड संग शादी की पहली तस्वीरें आईं सामने Read More
Rape case

हरियाणा में युवती से गैंगरेप, वारदात में एक नाबालिग भी शामिल

अभी न‍िर्भया गैंगरेप केस के दोषी फांसी पर चढ़े भी नहीं है क‍ि हर‍ियाणा में एक और इस तरह के केस से हलचल मची हुई है. हर‍ियाणा के यमुनानगर में घर में सो रही एक लड़की को पांच लोग घर से उठा ले गए और एक आंगनवाड़ी में गैंगरेप की घटना को अंजाम द‍िया. हैवन‍ियत भरी इस घटना में एक नाबाल‍िग भी शाम‍िल था. पुल‍िस ने यह मामला रव‍िवार को दर्ज क‍िया.

घर में सो रही एक लड़की को पांच लोग घर से उठा ले गए और एक आंगनवाड़ी में गैंगरेप की वीभत्स घटना को अंजाम द‍िया. इस घटना में एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस पहचान के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा यमुनानगर में एक लड़की को पांच लड़के घर से उठाकर पास में एक बंद पड़ी के साथ मारपीट और गैंगरेप का मामला सामने आया है. पीड़िता ने भागने की कोशिश की तो उससे काफी मारपीट की गई. इससे पीड़िता को काफी चोट पहुंची है. आरोपी युवकों ने पीड़िता को उसके घर से उठाया और पास ही बंद पड़ी आंगनवाड़ी में अपराध को अंजाम दिया.

  • पांच लड़कों ने घर से उठाकर क‍िया लड़की से गैंगरेप
  • हरियाणा के यमुना नगर में खेला गया हैवान‍ियत का खेल

वारदात में एक नाबाल‍िग भी शामिल

घटना में एक नाबाल‍िग भी शामिल था. लड़की किसी तरह दरिदों के चंगुल से बचकर अपने घर पहुंची और पर‍िजनों को इस बारे में बताया. पर‍िजन लड़की को लेकर तुरंत थाने पहुंचे. पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए पीड़िता को चिकित्सीय मदद उपलब्ध कराई और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया.

गैंगरेप और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज
पुल‍िस ने घटना की नजाकत को देखकर लड़की का मेड‍िकल कराया. उसके बाद गैंगरेप और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर ल‍िया. हालांक‍ि पुल‍िस ने शुरुआत में ही लड़की व पर‍िजनों के बयानों के आधार पर अपहरण, गैंगरेप और मारपीट का मामला दर्ज कर ल‍िया था लेक‍िन मेड‍िकल र‍िपोर्ट आने के बाद और एक और धारा जोड़नी पड़ सकती है. इस मामले में लड़की ने सभी आरोप‍ियों की पहचान भी बताई है. इसी आधार पर पुल‍िस आरोप‍ियों को पकड़ने की कोश‍िश कर रही है. जांच अध‍िकारी न‍िर्मल स‍िंह ने दावा क‍िया क‍ि अभी तक पुल‍िस के हाथ भले ही खाली हों लेक‍िन बहुत जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.

हरियाणा में युवती से गैंगरेप, वारदात में एक नाबालिग भी शामिल Read More
Petrol Pump

28 दिन में 4 रुपये तक सस्ता हुआ पेट्रोल-डीज़ल, इस वजह से और गिर सकते हैं दाम

देश की बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने लगातार तीसरे दिन पेट्रोल-डीज़ल सस्ता कर दिया हैं. शनिवार को दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में पेट्रोल (Petrol Price Today) के दाम 23-24 पैसे प्रति लीटर तक कम हो गए है. वहीं, इस दौरान डीज़ल (Diesel Price Today) की कीमतों में 25-27 पैसे प्रति लीटर की गिरावट दर्ज की गई हैं. आपको बता दें कि 11 जनवरी से अभी तक पेट्रोल-डीज़ल के दाम 4 रुपये प्रति लीटर तक गिर गए हैं. दुनिया की बड़ी रेटिंग एजेंसियों का कहना हैं कि चीन में फैले जानलेवा कोरोना वायरस (Corona-virus) के चलते दुनियाभर में बिजनेस गतिविधियां कम हो गई हैं. इसीलिए कच्चे तेल की डिमांड में बड़ी गिरावट आई है. जिसका असर कीमतों पर पड़ा है. आने वाले दिनों में कच्चे तेल के और सस्ता होने की उम्मीद हैं. लिहाजा घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर घट सकती हैं.

पेट्रोल के नए प्राइस (Petrol Price in India on 8 February 2020)- शनिवार को दिल्ली में पेट्रोल के दाम गिरकर 72.45 रुपये प्रति लीटर पर आ गए हैं. वहीं, मुंबई में 78.11 रुपये प्रति लीटर हैं. इसके अलावा कोलकाता में 75.13 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 75.27 रुपये प्रति लीटर है.

डीज़ल के नए रेट्स (Diesel Rate in India on 8 February 2020)- शनिवार  को दिल्ली में डीज़ल के दाम गिरकर 65.42  रुपये प्रति लीटर पर आ गए हैं. वहीं, मुंबई में 68.57 रुपये प्रति लीटर हैं. इसके अलावा कोलकाता में 67.79 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 69.10 रुपये प्रति लीटर है.

क्यों  सस्ता हो रहा हैं घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीज़ल– कमोडिटी एक्सपर्ट्स का कहना हैं कि चीन में फैले घातक कोरोना वायरस (Corona-virus) से मरने वालों की संख्या बढ़कर 700 के पार निकल गई हैं. पुरी दुनिया कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट पर है. कई देशों ने चीन जाने वाली अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, क्रूड के मामले में चीन दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता देश हैं. वह अपनी जरुरत का 80 फीसदी कच्चा तेल विदेशों से खरीदता हैं. चीन में वायरस की वजह से बिजनेस गतिविधियां और लोगों का एक शहर से दूसरे शहर में आना जाना काफी कम हो गया हैं. इसी वजह से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की डिमांड घट गई हैं और कीमतों में बड़ी गिरावट आई हैं.आपको बता दें कि एक महीने में कच्चा तेल के दाम 30 फीसदी तक लुढ़क गए हैं. ब्रेंट क्रूड का भाव 74 डॉलर प्रति बैरल से गिरकर 52 डॉलर प्रति बरैल पर आ गया हैं.

28 दिन में 4 रुपये तक सस्ता हुआ पेट्रोल-डीज़ल, इस वजह से और गिर सकते हैं दाम Read More
Sikara Movie Review Poster

Shikara Movie Review: त्रासदी की पृष्ठभूमि में एक प्रेम कहानी

Shikara-movie-review-in-hindi-starring-adil-khan-vidhu-vinod-chopra

आज से करीब 30 साल पहले, 19 जनवरी 1990 को हजारों कश्मीरी पंडितों को आतंक का शिकार होकर अपना घर छोड़ना पड़ा था। उन्हें उम्मीद थी कि वे जल्दी ही अपने घरों में दुबारा से उसी तरह रह पाएंगे, जैसे दशकों से रहते आए थे। उन्हें उम्मीद थी कि उनके लिए संसद में शोर मचेगा, लेकिन उनके पक्ष में कहीं से कोई आवाज नहीं उठी। तब से लेकर अब तक 30 साल बीत गए, आज भी वे अपने ही देश में शरणार्थी बने हुए हैं। कई कश्मीरी पंडित अपने घर में फिर से रहने की आस अपने सीने में दबाए दुनिया से विदा भी हो गए।
Shikara MOvie Poster

निर्माता-निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘शिकारा’ इसी कथ्य के आसपास रख कर बुनी गई फिल्म है। हालांकि उन्होंने घाटी में आतंक की खेती और उसके परिणामस्वरूप कश्मीरी पंडितों पर हुए वीभत्स अत्याचारों को फिल्म में बस संदर्भ के रूप में रखा है और इसे एक कश्मीरी पंडित जोड़े की प्रेम कहानी के रूप में ज्यादा प्रस्तुत किया है। कहानी शुरू होती है 1987 में, जब कश्मीर घाटी कश्मीरी पंडितों की भी उतनी ही थी, जितनी कश्मीरी मुसलमानों की। जब दोनों समुदाय पूरे सौहाद्र्र के साथ मिल-जुल कर रहते थे। फिल्म खत्म होती है 2018 में, जब हजारों कश्मीरी पंडित अभी भी शरणार्थी का जीवन जीने को अभिशप्त हैं।

कश्मीर में एक फिल्म की शूटिंग हो रही है। निर्देशक को एक्स्ट्रा कलाकारों के रूप में एक कश्मीरी जोड़ा चाहिए। उसके असिस्टेंट शिव प्रकाश धर (आदिल खान) और शांति सप्रू (सादिया) को चुनते हैं। शिव कविताएं लिखता है, शांति नर्स है। इस घटना के बाद दोनों में प्यार हो जाता है और वे शादी कर लेते हैं। वह अपनी पहली रात डल झील में एक शिकारा में बिताते हैं, इसीलिए शांति अपने नए घर का नाम शिकारा रखती है। वह शिव के लिए रोगन जोश बनाती है और शिव उसके लिए कविताएं लिखता है- ‘तेरे होने से घर भरा-भरा सा लगे।’ लेकिन उनका ये सुख ज्यादा दिन नहीं टिकता। एक-दो सालों में परिस्थितियां ऐसी बदलती हैं कि कश्मीरी पंडितों के घर जलने शुरू हो जाते हैं, उनकी हत्याएं होने लगती हैं और उन्हें कश्मीर छोड़ कर भागना पड़ता है और जम्मू में एक शरणार्थी कैम्प में अपना जीवन गुजारना पड़ता है…

यह फिल्म मुख्य रूप से शिव और शांति की प्रेम कहानी है। निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा ने घाटी में आतंकवाद और कश्मीरी पंडितों की त्रासदी को सिर्फ संदर्भ के रूप में प्रयोग किया है। उसकी थोड़ी-सी झलक दिखलाई है। वह भी फिल्म के पूर्वाद्र्ध में ही। मध्यांतर के बाद फिल्म पूरी तरह शिव और शांति की प्रेम कहानी पर फोकस करती है। विधु अपनी बात प्रतीकों में ज्यादा कहते हैं। लेखक राहुल पंडिता, अभिजात जोशी और विधु घाटी में आतंकवाद के कारणों की ज्यादा चर्चा नहीं करते। ज्यादा सवाल नहीं उठाते, बस प्रेम पर ध्यान केंद्रित करते हैं। इसीलिए फिल्म में कश्मीरी पंडितों के घर जलने के जो दृश्य है, उसमें निर्देशक उपद्रवियों के चेहरे दिखाने की बजाय उनकी परछाइयों को दिखलाते हैं। वे बस यह समझाने की कोशिश करते हैं कि सरकारी दमन और अमेरिका कश्मीर में आतंकवाद के पीछे मुख्य वजह हैं। इसीलिए फिल्म का नायक अमेरिका के राष्ट्रपति को चिट्ठियां लिखता है, भारत के हुक्मरानों को नहीं।

लेकिन इस फिल्म की प्रेम कहानी बहुत सशक्त है। वह अंदर तक भिगोती है। प्रेम की शक्ति में भरोसा पैदा करती है। शिव और शांति का प्रेम जिंदगी के सबसे कठिन लम्हों में भी कम नहीं होता। वह प्रेम ही है, जो उनके जीवन को कड़वा होने से बचाता है और अपने पीड़कों के प्रति भी कड़वा होने से बचाता है। रंगराजन रामभद्रन की सिनेमेटोग्राफी शानदार है। वह अपने कैमरे से कश्मीर की नैसर्गिक खूबसूरती, वहां के जनजीवन और फिल्म के मूड को बेहतरीन तरीके से पेश करते हैं। विधु की एडिटिंग भी अच्छी है। फिल्म का गीत-संगीत सामान्य है।

शिव के रूप में आदिल खान का अभिनय बहुत अच्छा है। पहली ही फिल्म में उन्होंने शानदार काम किया है। एक निर्वासित कश्मीरी पंडित की पीड़ा को उन्होंने प्रभावी तरीके से अपने अभिनय से उभारा है। शांति के रूप सादिया भी प्रभावित करती हैं। उनकी भी यह पहली फिल्म है और पहली फिल्म में ही वह प्रभावित करने में सफल रही हैं। शिव के ममेरे भाई नवीन के रूप में प्रियांशु चटर्जी की भूमिका छोटी है, लेकिन वह याद रह जाते हैं। लतीफ की भूमिका जिस कलाकार ने निभाई है, उसका अभिनय भी अच्छा है। बाकी छोटी-छोटी भूमिकाएं निभाने वाले कलाकारों ने भी अपना काम ठीक किया है।

अगर इस फिल्म को आप एक प्रेम कहानी के रूप में देखेंगे, तो आपको प्रभावित करेगी, भावुक करेगी, आपमें करुणा भरेगी। लेकिन आप इसे कश्मीरी पंडितों के निष्कासन, उनकी त्रासदी से जोड़ कर देखेंगे, तो आप शययद निराश हो सकते हैं, क्योंकि इसमें उनकी पीड़ा को मुखर अभिव्यक्ति नहीं मिलती है। सिनेमाई मापदंडों के आधार पर यह एक श्रेष्ठ फिल्म है और असर छोड़ती है।

Shikara Movie Review: त्रासदी की पृष्ठभूमि में एक प्रेम कहानी Read More
Pakistan Hourse Rider

आजाद कश्मीर नाम के घोड़े से फंस सकता है पाकिस्तान, छिन सकता है ओलंपिक कोटा

पाकिस्तान ने एक नई मुसीबत मोल ले ली है। पाकिस्तान और उसके एथलीट हमेशा से भारत की भावनाओं के साथ अपनी गलत हरकतें करने से बाज नहीं आते। इस बार एक पाकिस्तानी घुड़सवार ने जानबूझकर अपने घोड़े का नाम बदलकर आजाद कश्मीर रख दिया। हालांकि, इससे पाकिस्तान को काफी नुकसान हो सकता है, बावजूद इसके पाकिस्तान संभलने का नाम नहीं ले रहा।

दरअसल, पाकिस्तानी घुड़सवार उस्मान खान ने आजाद कश्मीर नाम के घोड़े से एक प्रतियोगिता जीत ली और टोक्यो ओलंपिक का कोटा भी हासिल कर लिया, लेकिन अब वह मुश्किल में फंस सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि उसकी इस हरकत से भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) नाराज है और वह इसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

  • पाकिस्तान और उसके एथलीट हमेशा से भारत की भावनाओं के साथ अपनी गलत हरकतें करने से बाज नहीं आते।

पाकिस्तान से छिन सकता है ओलंपिक कोटा

इतना ही नहीं, आइओसी के नियम 50 के तहत भी उसका ओलंपिक कोटा छिन जाएगा। उस्मान इस स्पर्धा में टोक्यो के लिए क्वालीफाई करने वाले एकमात्र पाकिस्तानी घुड़सवार हैं। 12 साल का यह घोड़ा पहले ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा बेलिस्टर के पास था जो वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया में रहती थीं। लेकिन, 15 साल से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे उस्मान ने यह घोड़ा पिछले साल उनसे खरीदा और जानबूझकर इसका नाम बदलकर आजाद कश्मीर रख दिया।

 

आइओए के एक सूत्र ने कहा कि पाकिस्तान और उसके खिलाड़ी हमेशा से ऐसे कारनामों में आगे रहे हैं और हर बार वे भारत की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं। उस्मान ने भी यही किया और हम इसके खिलाफ आइओसी में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उसने भारत की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। आइओसी के नियम 50 के अनुसार, किसी ऐसी चीज से किसी राष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुंचती है और वह इसके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज कराता है तो उस देश का ओलंपिक कोटा रद किया जा सकता है।

 

आजाद कश्मीर नाम के घोड़े से फंस सकता है पाकिस्तान, छिन सकता है ओलंपिक कोटा Read More
Share Market Bull

दो दिन में शेयर बाजार के निवेशकों की पूंजी 3.57 लाख करोड़ रुपये बढ़ी

बीते 1 फरवरी को बजट के दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट से निवेशकों को जो झटका लगा था, उसकी क्षतिपूर्ति महज दो दिनों में ही हो गई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स मंगलवार को 917 अंक की जोरदार छलांग के साथ 40,700 अंक से ऊपर पहुंच गया, जिसके साथ ही पिछले दो दिनों में सूचीबद्ध कंपनियों के निवेशकों की पूंजी 3.57 लाख करोड़ रुपये बढ़ी है। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 136.78 अंक चढ़ा था।

शेयर बाजार में तेजी से शेयर बाजार के निवेशकों की पूंजी में 3.57 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सेंसेक्स मंगलवार को 917 अंक की जोरदार छलांग के साथ 40,700 अंक से ऊपर पहुंच गया।
  • शेयर बाजार के निवेशकों की पूंजी में 3.57 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी
  • सेंसेक्स मंगलवार को 917 अंक की जोरदार छलांग के साथ 40,700 अंक से ऊपर पहुंचा
  • बाजार में सुधार के बीच सेंसेक्स की कंपनियों का एमकैप 1,56,61,769.40 करोड़ रुपये पर
  • कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट तथा मजबूत वैश्विक संकेतों से शेयर बाजार में उछाल

सेंसेक्स में सुधार के बीच पिछले दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स की सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 3,57,044.43 करोड़ रुपये बढ़कर 1,56,61,769.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बजट के दिन सेंसेक्स में 987.96 अंक या 2.43 प्रतिशत की गिरावट आई थी और यह 40,000 अंक से नीचे फिसलकर 39,735.53 अंक पर बंद हुआ था।

 

खौफ को दिया झटका
चीन में करॉना वायरस के खौफ के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट तथा मजबूत वैश्विक संकेतों से शेयर बाजार ने बजट के दिन हुए नुकसान की भरपाई एक ही दिन में कर डाली। बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 917.07 अंक (2.30%) उछलकर 40,789.38 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई (NSE) का निफ्टी 271.75 अंकों (2.32%) की तेजी के साथ 11,979.65 पर बंद हुआ। बजट के दिन निवेशकों को 3.46 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।

कारणों की पड़ताल
आइए जानते हैं कि बजट के दिन हतोत्साहित बाजार में ऐसा क्या हुआ कि दो दिन बाद ही इसमें रौनक लौट गई। बजट के दिन निवेशकों को उम्मीद थी कि कंपनियों के लिए काफी राहत वाली घोषणाएं की जाएंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ था। पूरा बजट मध्य वर्ग पर केंद्रित रहा था। इसलिए उम्मीदों के अनुरूप बजट नहीं होने के कारण शनिवार को बाजार में बिकवाली का जोर रहा। लेकिन मंगलवार को इसका ठीक उलटा हुआ और सेंसेक्स 900 अंक तक चढ़ गया। इससे पहले सोमवार को भी बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था।

1. आर्थिक आंकड़ों, कंपनियों की कमाई पर ध्यान
निवेशकों का ध्यान अब आर्थिक आंकड़ों और कंपनियों की कमाई की तरफ शिफ्ट हुआ है। इसके अलावा, आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक का इंतजार है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती ने भी बाजार को बल दिया है। हालांकि चीन में करॉना वायस का खौफ बरकरार है और आगे चलकर बाजार में अस्थिरता देखी जा सकती है। बीते कुछ दिनों में अर्थव्यवस्था के आंकड़ों के साथ-साथ कंपनियों की कमाई में सुधार हुआ है, जो इस बात का संकेत दे रहे हैं कि देश की इकॉनमी धीरे-धीरे सुस्ती से उबर रही है।

2. कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट
करॉना वायरस के खौफ के कारण चीन द्वारा मांग में गिरावट आने से सोमवार को कच्चा तेल वायदा की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। मांग में इस गिरावट की वजह से ओपेक तथा उसके सहयोगियों को आपूर्ति में कटौती करनी पड़ी है। ब्रेंट क्रूड की कीमत 3.8 फीसदी की गिरावट के साथ प्रति बैरल 54.45 डॉलर पर पहुंच गई, जो पिछले साल जनवरी के बाद इसका सबसे निचला स्तर है। हालांकि, मंगलवार को कीमतों में थोड़ा सुधार हुआ।

3. डॉलर के मुकाबले रुपये में तेजी
मंगलवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 16 पैसे मजबूत हुआ, जिसका शेयर बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा। मजबूत रुपये से वस्तुओं का आयात सस्ता होगा।


4. मार्च से पहले लाभांश वितरण?

बजट 2020 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने डिविडेंड डिस्ट्रिब्यूशन टैक्स (DDT) खत्म करने का प्रस्ताव किया है और अब टैक्स लाभांश पाने वाले को चुकाना पड़ेगा। शेयरधारकों को उम्मीद है कि अब कंपनियां लाभांश का भुगतान इस वित्त वर्ष के समाप्त होने से पहले करेंगी।

5. वैश्विक बाजारों में मजबूती
करॉना वायरस के खौफ के बावजूद वैश्विक बाजारों में मजबूती का घरेलू शेयर बाजार पर सकारात्मक असर पड़ा।

6. कम कीमतों पर शेयरों की खरीदारी
बजट के दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके कारण शेयरों की कीमतें काफी नीचे आ गई थीं। मंगलवार को निवेशकों के पास कम कीमत में बड़ी कंपनियों के शेयरों खरीदने का बढ़िया मौका था, जिसे वह हाथ से जाने नहीं देना चाहते थे। इसका निवेशकों ने जमकर फायदा उठाया है, पूरे दिन भरपूर लिवाली की।

दो दिन में शेयर बाजार के निवेशकों की पूंजी 3.57 लाख करोड़ रुपये बढ़ी Read More

निर्भया की मां :दोषियों के वकील ने दी थी चुनौती, ये फांसी अनंतकाल तक नहीं होगी

2012 Delhi gang rape
निर्भया के दोषियों की फांसी एक बार फिर रोक लग गई है। कोर्ट के अगले आदेश तक इन दरिंदों को फांसी नहीं दी जा सकती है। इस फैसले पर निर्भया की मां काफी भावुक हो गईं और रोते हुए कहा कि दोषियों के वकील ने चुनौती दी थी कि यह फांसी अनंतकाल तक नहीं होगी और उन्होंने इसे सही साबित कर दिया है।

उनका कहना है कि आखिर मुजरिम जो चाहते थे वो गया है। इस पर सरकार को कोर्ट और सरकार पर विचार करना चाहिए। अब तो ऐसा लग रहा है जैसे सभी लोग मुजरिमों का साथ दे रहे हैं। जब निर्भया की मां से सवाल किया गया कि क्या अभी भी आपको कानून पर विश्वास है तो उन्होंने कहा कि मैं कोर्ट के फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी। लेकिन सरकार और कोर्ट पर विचार करना चाहिए।

इसके साथ ही निर्भया का पक्ष रखने वाली वकील के भी आंसू आ गए और उन्होंने कहा कि न्याय में काफी देरी हो रही है। लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि जबतक निर्भया के दोषियों को फांसी नहीं हो जाती वो हार नहीं मानेंगी।

बता दें कि निर्भया सामूहिक दुष्कर्म के चारों आरोपियों को कल सुबह (एक फरवरी) फांसी नहीं होगी। पटियाला हाउस कोर्ट ने अगले आदेश तक फांसी पर रोक लगा दी है।  दोषियों के वकील एपी सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कोर्ट ने अक्षय, विनय, पवन और मुकेश के डेथ वारंट को रद्द कर दिया है।

सुनवाई के दौरान तिहाड़ जेल ने कोर्ट से कहा है कि चाहें तो एक फरवरी को तीन दोषियों को फांसी दी जा सकती है। वहीं, दोषियों के वकील एपी सिंह ने दलील दी कि फांसी पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा देनी चाहिए। क्योंकि विनय की दया याचिका राष्ट्रपति के पास विचाराधीन है, जबकि अक्षय और पवन के कानूनी उपाय भी बाकी हैं। अक्षय की दया याचिका बाकी है। पवन ने अभी तक उपचारात्मक याचिका दायर नहीं की है।

निर्भया की मां :दोषियों के वकील ने दी थी चुनौती, ये फांसी अनंतकाल तक नहीं होगी Read More

Union Budget 2020: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं को लेकर किए कई अहम ऐलान, पोषण संबंधी कार्यक्रम के लिए 35,600 करोड़ का प्रस्ताव

मोदी सरकार ने आज अपना दूसरा बजट (Union Budget 2020) पेश कर दिया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सुबह 11 बजे लोकसभा में बजट पेश करते हुए जीएसटी को ऐतिहासिक बताया। इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं के पोषण संबंधी कार्यक्रमों से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान भी किए। आइए जानते हैं आखिर क्या हैं ये ऐलान-

पोषण संबंधी कार्यक्रम-
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 के पोषण संबंधी कार्यक्रमों के लिए 35,600 करोड़ का प्रस्ताव रखा गया है जबकि महिला विशिष्ट कार्यक्रमों को 28,600 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।

बजट पेश करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘पोषण मां के स्वास्थ्य के साथ बच्चों के लिए भी जरूरी है। आंगनबाड़ी सेविकाएं स्मार्टफोन के जरिए पोषण की स्थिति बताती हैं। पोषण अभियान के जरिए छह लाख से ज्यादा सेविकाएं इस काम में लगी हैं।

लड़कियों के मां बनने की उम्र-
वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि अब हमारी सरकार लड़कियों के मां बनने की उम्र को बढ़ाने पर भी चर्चा कर रही है। इसके लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा जो 6 महीने में इस मुद्दे पर रिपोर्ट तैयार करेगी।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की सफलता-
महिलाओं से जुड़ी योजना का ऐलान करते समय वित्त मंत्री ने कहा, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की सफलता उल्लेखनीय है, लड़कियों के स्कूल जाने का आंकड़ा लड़कों से ज्यादा है। 98 फीसदी लड़कियां नर्सरी लेवल पर स्कूल जा रही हैं। प्लस टू लेवल पर भी इसी तरह के आंकड़े हैं, लड़कियां लड़कों से किसी मामले में पीछे नहीं।’

पर्यटन और स्किल डेवलपमेंट-
वित्त मंत्री ने पर्यटन के लिए 2500 करोड़ देते हुए स्किल डेवलपमेंट के लिए भी 99, 300 करोड़ आवंटित किए गए हैं। सीतारमण ने ऐलान किया, ”ये सरकार दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए संजीदा है। इनके लिए 9500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।’

Union Budget 2020: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महिलाओं को लेकर किए कई अहम ऐलान, पोषण संबंधी कार्यक्रम के लिए 35,600 करोड़ का प्रस्ताव Read More